26 नवंबर 2026

जिन ढूँढ़ा तिन पाइयाँ, गहरे पानी पैठ : सफलता पाने के लिए गहराई में उतरना जरूरी है

भूमिका:

संसार में प्रत्येक व्यक्ति सफल होना चाहता है। हर कोई चाहता है कि उसे जीवन में सुख, सम्मान, समृद्धि और मनचाही उपलब्धियाँ प्राप्त हों। लेकिन क्या केवल इच्छा करने से सफलता मिल जाती है? क्या बिना परिश्रम किए, बिना संघर्ष किए और बिना कठिनाइयों का सामना किए कोई व्यक्ति अपने लक्ष्य तक पहुँच सकता है? निश्चित रूप से नहीं।

संत कबीरदास जी ने जीवन की इसी सच्चाई को अपनी एक प्रसिद्ध रचना 'साखी' में बहुत ही सुंदर ढंग से व्यक्त किया है—

जिन ढूँढ़ा तिन पाइयाँ, गहरे पानी पैठ।

मैं बपुरा बूडन डरा, रहा किनारे बैठ।। 

इस दोहे का अर्थ बहुत ही गहरा और प्रेरणादायक है। कबीरदास जी कहते हैं कि जिन लोगों ने कुछ पाने की इच्छा से गहरे पानी में उतरने का साहस किया, उन्हें ही मोती प्राप्त हुए। लेकिन जो लोग डूबने के डर से किनारे पर बैठे रहे, वे खाली हाथ ही रह गए।

यह दोहा केवल मोती खोजने की बात नहीं करता, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने का एक सार्वभौमिक सिद्धांत बताता है।

१. सफलता के लिए प्रयास करना आवश्यक है:

हममें से बहुत से लोग जीवन में बड़े-बड़े सपने देखते हैं। कोई बड़ा अधिकारी बनना चाहता है, कोई सफल व्यवसायी, कोई अच्छा लेखक तो कोई समाज में अपनी अलग पहचान बनाना चाहता है। लेकिन केवल सपने देखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना पड़ता है।

मान लीजिए किसी विद्यार्थी को परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करना है। यदि वह केवल अच्छे परिणाम की कल्पना करता रहे और पढ़ाई के लिए आवश्यक मेहनत न करे तो क्या उसे सफलता मिल सकती है? इसी प्रकार कोई व्यक्ति व्यवसाय में सफल होना चाहता है, लेकिन जोखिम उठाने, नई चीजें सीखने और कठिन परिस्थितियों का सामना करने से डरता है तो उसकी सफलता की संभावनाएँ सीमित हो जाती हैं। कबीरदास जी का संदेश स्पष्ट है— "आप जो भी पाने की इच्छा रखते हैं, उन्हें पाने के लिए आपको प्रयास भी करना होगा।"

२. किनारे बैठे रहने से मोती नहीं मिलते:

कबीरदास जी ने अपने दोहे में समुद्र की गहराई और मोतियों का उदाहरण देकर एक बहुत बड़ी बात समझाई है। समुद्र के किनारे खड़े होकर पानी की सुंदरता का आनंद तो लिया जा सकता है, लेकिन वहाँ खड़े रहने मात्र से मोती प्राप्त नहीं होते। मोती पाने के लिए पानी की गहराई में उतरना ही पड़ता है। ठीक यही स्थिति हमारे जीवन की भी है।

जो व्यक्ति केवल अवसरों की प्रतीक्षा करता रहता है, वह अक्सर दूसरों को आगे बढ़ते हुए देखता रह जाता है। इसके विपरीत जो व्यक्ति अवसरों को पहचानता है, पहल करता है और कठिनाइयों से जूझने का साहस रखता है, उसके लिए सफलता के रास्ते खुलते जाते हैं। 

👉 याद रखिए, सफलता की राह में पहला कदम उठाना ही सबसे बड़ी चुनौती होती है।

३. असफलता का डर हमें आगे बढ़ने से रोकता है:

मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरियों में से एक है असफलता का डर। अक्सर लोग कोई नया काम शुरू करने से पहले ही उसके असफल होने की कल्पना करने लगते हैं। कोई सोचता है कि यदि मैंने व्यवसाय शुरू किया और नुकसान हो गया तो क्या होगा? कोई नई नौकरी के लिए आवेदन करने से डरता है कि कहीं चयन नहीं हुआ तो क्या होगा? कोई अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने से इसलिए बचता है कि लोग उसकी आलोचना न करने लगें। इस प्रकार डर और आशंकाएँ व्यक्ति के सफलता की संभावनाओं को सीमित कर देती हैं। 

कबीरदास जी ने अपने दोहे में इसी मानसिकता को रेखांकित किया है। जो व्यक्ति डूबने के भय से पानी में उतरता ही नहीं, उसे मोती मिलने की उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए। इसका अर्थ यह नहीं है कि हमें बिना सोचे-समझे जोखिम उठाना चाहिए। बल्कि इसका अर्थ है कि उचित तैयारी और विवेक के साथ चुनौतियों का सामना करने का साहस रखना चाहिए।

४. गहराई में उतरने का अर्थ है विषय को पूरी तरह समझना:

इस दोहे का एक और महत्त्वपूर्ण अर्थ है— "किसी भी विषय को सतही तौर पर समझने के बजाय उसकी गहराई तक पहुँचना।" आज का समय सूचनाओं का समय है। मोबाइल और इंटरनेट पर हमें हर विषय से संबंधित हजारों जानकारियाँ मिल जाती हैं। लेकिन जानकारी प्राप्त कर लेना और किसी विषय का वास्तविक ज्ञान प्राप्त करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति इंटरनेट पर स्वास्थ्य संबंधी लेख पढ़कर स्वयं को विशेषज्ञ समझने लगता है। कोई दो-चार पुस्तकें पढ़कर विद्वान होने का दावा करने लगता है। 

लेकिन वास्तविक ज्ञान के लिए निरंतर अध्ययन, अनुभव, चिंतन और मनन की आवश्यकता होती है। इसीलिए कहा गया है कि ज्ञान की प्राप्ति के लिए भी गहरे पानी में उतरना पड़ता है।

५. महान व्यक्तियों की सफलता के पीछे संघर्ष की कहानी होती है:

इतिहास उठाकर देख लीजिए। संसार में जितने भी महान व्यक्ति हुए हैं, उनकी सफलता के पीछे कठिन परिश्रम, धैर्य, लगन और संघर्ष की लंबी कहानी छिपी हुई है। 

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जीवन इसका सुंदर उदाहरण है। एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाले कलाम साहब ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा प्राप्त की। अपनी लगन और परिश्रम के बल पर वे देश के महान वैज्ञानिक बने और बाद में भारत के राष्ट्रपति पद तक पहुँचे।

थॉमस अल्वा एडिसन ने विद्युत बल्ब के विकास में अनेक प्रयोग और असफलताएँ देखीं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उनका जीवन बताता है कि असफलताएँ, सफलता की राह में आने वाली बाधाएँ ही नहीं बल्कि सीखने के अवसर भी होती हैं।

स्वामी विवेकानंद ने अपने ज्ञान, साधना और आत्मविश्वास के बल पर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चिंतन का संदेश पूरी दुनियाँ तक पहुँचाया।

इन सभी उदाहरणों में एक बात समान है— इन लोगों ने कठिनाइयों से बचने के बजाय उनका डटकर सामना किया। उन्होंने किनारे बैठकर परिस्थितियों के अनुकूल होने की प्रतीक्षा नहीं की, बल्कि स्वयं प्रयास करके परिस्थितियों को अपने अनुकूल बनाया।

६. जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में लागू होता है यह दोहा:

कबीरदास जी की यह दोहा केवल शिक्षा, व्यवसाय या नौकरी में सफलता प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। इसका संदेश हमारे पारिवारिक, सामाजिक और आध्यात्मिक जीवन में भी उतना ही उपयोगी है।

पारिवारिक जीवन में: अच्छे पारिवारिक संबंध केवल अपेक्षाएँ रखने से नहीं बनते। इनके लिए प्रेम, विश्वास, त्याग और एक-दूसरे को समझने का प्रयास करना पड़ता है।

सामाजिक जीवन में: समाज में सम्मान प्राप्त करने के लिए व्यक्ति को अपने अच्छे आचरण, व्यवहार और कर्मों से उदाहरण प्रस्तुत करना पड़ता है।

आध्यात्मिक जीवन में: ईश्वर की अनुभूति केवल पूजा-पाठ की औपचारिकताओं से नहीं, बल्कि मन की पवित्रता, आत्मचिंतन, साधना और सद्कर्मों से गहरी होती है।

व्यक्तिगत विकास में: अपनी कमजोरियों को पहचानना और उन्हें दूर करने के लिए निरंतर प्रयास करना ही आत्मविकास का वास्तविक मार्ग है।

👉 इस प्रकार जीवन के जिस क्षेत्र में भी हम कुछ बेहतर प्राप्त करना चाहते हैं, वहाँ गहराई, समर्पण और निरंतर प्रयास की आवश्यकता होती है।

७. जीवन के किसी भी क्षेत्र की गहराई में उतरने के लिए कुछ जरूरी गुण:

यदि हम वास्तव में जीवन में कुछ विशेष प्राप्त करना चाहते हैं तो हमें अपने भीतर कुछ गुण विकसित करने होंगे।

स्पष्ट लक्ष्य: सबसे पहले यह तय करें कि आपको जीवन में क्या प्राप्त करना है। बिना लक्ष्य के प्रयास दिशाहीन हो जाते हैं।

साहस: कठिनाइयों और असफलताओं से घबराने के बजाय उनका सामना करने की क्षमता विकसित करें।

धैर्य: हर सफलता तुरंत नहीं मिलती। कई बार लंबे समय तक प्रयास करने के बाद ही मनचाहा परिणाम प्राप्त होता है।

निरंतरता: सफलता के लिए एक-दो दिन का उत्साह पर्याप्त नहीं है। नियमित रूप से इमानदारी-पूर्वक आवश्यक प्रयास जरूरी हैं।

सीखने की इच्छा: अपनी गलतियों से सीखें और अपने ज्ञान तथा अनुभव को लगातार बढ़ाते रहें।

आत्मविश्वास: अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें। दूसरों की आलोचना को अपनी प्रगति में बाधा न बनने दें।

८. अवसर भी उन्हीं को मिलते हैं जो प्रयास करते हैं:

कई बार लोग शिकायत करते हैं कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिला। लेकिन हमें यह भी विचार करना चाहिए कि क्या हमने उपलब्ध अवसरों का सही उपयोग किया?

अवसर हमेशा बड़े और आकर्षक रूप में ही सामने नहीं आते। कई बार एक छोटी-सी शुरुआत, एक नया विचार, एक अच्छी पुस्तक या किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह भी हमारे जीवन की दिशा बदल सकती है।

जो व्यक्ति जिज्ञासु होता है और लगातार कुछ नया सीखने का प्रयास करता है, वह छोटे-छोटे अवसरों को भी बड़ी उपलब्धियों में बदल सकता है। इसके विपरीत जो व्यक्ति हर चुनौती में परेशानी देखता है और हर अवसर में असफलता की आशंका तलाशता है, वह अक्सर वहीं का वहीं रह जाता है। इसलिए हमें परिस्थितियों को दोष देने के बजाय अपनी तैयारी और प्रयासों पर ध्यान देना चाहिए।

९. डरकर किनारे बैठने से बेहतर है विवेक के साथ गहराई में उतरना:

यहाँ एक बात समझना बहुत जरूरी है। गहरे पानी में उतरने का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति बिना तैयारी के किसी भी जोखिम में कूद पड़े। साहस और दुस्साहस में अंतर होता है। साहस का अर्थ है जोखिमों को समझकर, आवश्यक तैयारी करके और विवेकपूर्ण निर्णय लेकर आगे बढ़ना। जबकि दुस्साहस का अर्थ है परिणामों की परवाह किए बिना कोई भी कदम उठा लेना। इसलिए कबीरदास जी की सीख को अपने जीवन में उतारते समय विवेक, अनुभव और धैर्य को भी साथ रखना चाहिए।

उपसंहार

संत कबीरदास जी का यह दोहा हमें जीवन का एक अनमोल संदेश देता है कि सफलता, ज्ञान और उपलब्धियाँ केवल इच्छा करने से नहीं, बल्कि साहसपूर्वक प्रयास करने से प्राप्त होती हैं। जो लोग असफलता के डर से किनारे पर बैठे रहते हैं, वे जीवन के अनमोल अवसर खो देते हैं। इसलिए सपने देखिए, लक्ष्य निर्धारित कीजिए और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन से जुट जाइए। याद रखिए, मोती हमेशा गहराई में मिलते हैं, किनारे पर नहीं।

संबंधित पोस्ट:

आजकल ईमानदारी का सिला ज़िल्लत के रूप में क्यों मिलता है?

जब सच्चाई बोलने वाला ठोकरें खाता है और झूठ का सहारा लेने वाला सम्मान पाता है!

प्रस्तावना:-

कभी ईमानदारी को मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण माना जाता था। कहा जाता था कि ईमानदार व्यक्ति भले ही आर्थिक रूप से संपन्न न हो, लेकिन उसका सिर हमेशा गर्व से ऊँचा रहता है। उसकी सबसे बड़ी पूँजी उसका चरित्र और समाज में उसकी प्रतिष्ठा होती है। लेकिन आज के सामाजिक परिवेश को देखकर कभी-कभी मन में यह सवाल उठता है कि क्या ईमानदारी सचमुच एक कमजोर गुण बनती जा रही है? क्या आज के दौर में सच बोलना, अपने सिद्धांतों पर अडिग रहना और गलत कामों का विरोध करना अपने लिए मुसीबत मोल लेना है?

अक्सर देखने में आता है कि जो व्यक्ति दूसरों की गलत बातों में हामी नहीं भरता, अनुचित लाभ लेने से इनकार करता है और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करता है, उसे ही उपेक्षा, ज़लालत और अपमान का सामना करना पड़ता है। दूसरी ओर, जो व्यक्ति चापलूसी, झूठ, छल-कपट, बेइमानी और अवसरवादिता का सहारा लेकर आगे बढ़ता है, वह कई बार सफलता और सम्मान का पात्र बन जाता है।

यह कैसी सामाजिक व्यवस्था है, जिसमें ईमानदारी का सिला ज़िल्लत और बेईमानी का पुरस्कार एवं प्रतिष्ठा के रूप में मिलता दिखाई देता है?

१. सफलता की बदलती परिभाषा:-

आज समाज में सफलता का मूल्यांकन करने का तरीका काफी बदल गया है। पहले किसी व्यक्ति की पहचान उसके चरित्र, व्यवहार, ज्ञान और सामाजिक योगदान से होती थी। आज कई बार उसकी हैसियत उसकी गाड़ी, बंगले, बैंक-बैलेंस और पद-प्रतिष्ठा से तय होने लगी है। किसी व्यक्ति ने कितनी संपत्ति अर्जित की, वह कितना प्रभावशाली है, उसके कितने बड़े लोगों से संबंध हैं और उसकी बड़ी राजनीतिक पहुँच है, इन बातों को अधिक महत्व दिया जाने लगा है। ऐसे में यह पूछने की जरूरत बहुत कम रह जाती है कि उसने यह सब किस तरीके से हासिल किया है।

परिणामस्वरूप, ईमानदार व्यक्ति अपनी सीमित आमदनी और सिद्धांतों के कारण पीछे दिखाई देता है, जबकि गलत तरीकों से संपत्ति अर्जित करने वाला व्यक्ति समाज में अपनी चमक-दमक के कारण प्रतिष्ठित हो जाता है। विडंबना यह है कि कई बार लोग उसकी सफलता से प्रभावित तो होते हैं, लेकिन उसके पीछे अपनाए गए तरीकों पर सवाल उठाने का साहस नहीं करते।

२. सच बोलने वाला समाज में अकेला क्यों पड़ जाता है?

सच्चाई का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता। सच बोलने वाला व्यक्ति कई बार दूसरों के स्वार्थों के रास्ते में बाधा बन जाता है। मान लीजिए किसी कार्यालय में कोई कर्मचारी भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाता है। वह गलत बिलों पर हस्ताक्षर करने से इनकार करता है और सरकारी धन के दुरुपयोग का विरोध करता है। ऐसे अधिकारी को प्रायः प्रशंसा की जगह ट्रांसफर, पदावनति (Demotion) और सहयोग मिलने के बजाय कई बार उसके सहकर्मी ही उससे दूरी बनाने लगते हैं। उसे झगड़ालू, अव्यावहारिक और दूसरों के काम में बाधा डालने वाला तक कह दिया जाता है।

ऐसा इसलिए होता है क्योंकि उसकी ईमानदारी उन लोगों के लिए असुविधा पैदा करती है, जो गलत व्यवस्था से लाभ उठा रहे होते हैं। यही स्थिति समाज के दूसरे क्षेत्रों में भी दिखाई देती है। कई बार सच बोलने वाले को इसलिए पसंद नहीं किया जाता, क्योंकि उसकी स्पष्टवादिता दूसरों के स्वार्थ और बनावटी छवि को उजागर कर देती है। लेकिन यह समझना जरूरी है कि किसी व्यक्ति का अप्रिय होना और उसका गलत होना एक ही बात नहीं है।

३. चापलूसी का बढ़ता हुआ चलन

आज के दौर में योग्यता और मेहनत के साथ-साथ चाटुकारिता और चापलूसी भी सफलता का एक माध्यम बनती दिखाई देती है। कुछ लोग अपने वरिष्ठ अधिकारियों या प्रभावशाली व्यक्तियों को प्रसन्न रखने के लिए उनकी हर बात में हाँ मिलाते हैं। उनकी गलतियों को भी सही बताते हैं और उनकी प्रशंसा करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। इसके विपरीत, जो व्यक्ति अपने विचार स्पष्ट रूप से रखता है और गलत निर्णयों का विरोध करता है, उसे कई बार नुकसान उठाना पड़ता है। चापलूस व्यक्ति को सुविधाएँ और अवसर मिल जाते हैं, जबकि सिद्धांतवादी व्यक्ति अपनी योग्यता के बावजूद उपेक्षित रह जाता है।

इससे समाज में एक गलत संदेश जाता है कि सफलता पाने के लिए प्रतिभा और ईमानदारी से अधिक जरूरी किसी प्रभावशाली व्यक्ति की कृपा प्राप्त करना है। लेकिन याद रखना चाहिए कि चापलूसी से पद और सुविधाएँ तो मिल सकती हैं, मगर सच्चा सम्मान नहीं।

४. स्वार्थ और अवसरवादिता ने रिश्तों को भी प्रभावित किया है

ईमानदारी का संकट केवल कार्यालयों और व्यापारिक संस्थानों तक सीमित नहीं है। इसका प्रभाव हमारे पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों पर भी पड़ रहा है। आज कई बार रिश्तों की मजबूती का आधार प्रेम और विश्वास के बजाय आर्थिक लाभ तथा व्यक्तिगत स्वार्थ बनता जा रहा है। जो व्यक्ति दूसरों की गलत बातों में साथ नहीं देता, अनुचित मांगों को पूरा नहीं करता और अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करता, उसे रिश्तों में भी आलोचना का सामना करना पड़ सकता है। कई बार लोग कहते हैं कि इतना भी क्या सिद्धांतवादी बनना? अपने निज-जन ही उसे कोसते हैं कि साथ का ही पोस्टेड फलां अधिकारी आज कहाँ से कहाँ से कहाँ पहुँच गया और एक तुम हो कि हाथ तो खाली है ही और उपर से हर साल ट्रांसफर। तुम अपनी इमानदारी का माला लेकर जपो। थोड़ा बहुत समझौता कर लेने से क्या बिगड़ जाएगा?

लेकिन यही छोटे-छोटे समझौते धीरे-धीरे मनुष्य को अपनी नैतिक सीमाओं से दूर ले जाते हैं। रिश्ते निभाने के लिए समझदारी जरूरी है, लेकिन अपने आत्मसम्मान और नैतिक मूल्यों को गिरवी रख देना समझदारी नहीं है।

५. क्या ईमानदार व्यक्ति वास्तव में पिछड़ जाता है?

यह सवाल विचारणीय है। कई बार ऐसा दिखाई देता है कि ईमानदार व्यक्ति अपने सिद्धांतों के कारण आर्थिक और सामाजिक रूप से पीछे रह जाता है। लेकिन क्या जीवन की सफलता का मूल्यांकन केवल धन और पद से किया जाना चाहिए? एक व्यक्ति ने गलत तरीके से करोड़ों रुपये कमा लिए, लेकिन उसे हर समय अपने पकड़े जाने का भय, घर पर छापा पड़ने डर सताता रहता है। कभी-कभी अत्यधिक डर के दबाव को वह झेल नहीं पाता और हार्ट-अटैक का शिकार हो जाता है।

दूसरी ओर, दूसरा व्यक्ति सीमित साधनों में जीवन बिताता है, लेकिन उसे अपने कर्मों के लिए किसी से छिपने या डरने की जरूरत नहीं पड़ती। इन दोनों में वास्तविक रूप सफल कौन है? ईमानदारी का सबसे बड़ा पुरस्कार मन की शांति और आत्मसम्मान है। हाँ, यह भी सच है कि केवल ईमानदार होना पर्याप्त नहीं है। ईमानदारी के साथ योग्यता, परिश्रम, व्यावहारिक बुद्धि और आत्मविश्वास भी आवश्यक हैं। ईमानदार व्यक्ति को कमजोर, निष्क्रिय या परिस्थितियों के सामने विवश नहीं होना चाहिए। उसे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना और अन्याय का प्रतिरोध करना भी आना चाहिए।

६. ईमानदारी का अर्थ मूर्खता नहीं है

हमारे समाज में एक गलतफहमी यह है कि ईमानदार व्यक्ति को सीधा-सादा, भोला और दुनियाँदारी से अनजान होना चाहिए। जबकि वास्तविकता यह है कि ईमानदारी का अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि कोई व्यक्ति दूसरों की चालाकियों को समझ ही न पाए।

ईमानदार व्यक्ति को चतुर और जागरूक भी होना चाहिए। उसे अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर अन्याय के विरुद्ध कानूनी तथा सामाजिक स्तर पर संघर्ष करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति उसकी सरलता का अनुचित लाभ उठाता है, तो उसे चुपचाप सहन करते रहना कोई सद्गुण नहीं है।

क्षमा करना अच्छी बात है, लेकिन अन्याय को लगातार सहते रहना उचित नहीं। विनम्रता अच्छी है, लेकिन आत्मसम्मान की कीमत पर नहीं। इसलिए हमें ऐसी ईमानदारी अपनानी चाहिए, जिसमें नैतिकता के साथ आत्मविश्वास और विवेक भी शामिल हो।

७. समाज में ईमानदारी का सम्मान कैसे बढ़े?

यदि हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियाँ ईमानदारी को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी शक्ति समझें, तो इसके लिए समाज को अपनी सोच बदलनी होगी।

पहला कदम – बच्चों को सही संस्कार देना। उन्हें केवल धन कमाने और सफल होने की शिक्षा न दें, बल्कि यह भी सिखाएँ कि सफलता के लिए गलत रास्ता अपनाना उचित नहीं है।

दूसरा कदम – ईमानदार लोगों को प्रोत्साहित करना। कार्यालयों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों में ईमानदारी से काम करने वालों को उचित सम्मान और अवसर मिलना चाहिए।

तीसरा कदम – गलत कार्यों का विरोध करना। भ्रष्टाचार और बेईमानी करने वालों की प्रशंसा करने के बजाय उनका विरोध किया जाना चाहिए।

चौथा कदम – अपने आचरण में सुधार लाना। हम दूसरों से ईमानदारी की अपेक्षा तो करते हैं, लेकिन स्वयं छोटी-छोटी बातों में समझौता कर लेते हैं। इस दोहरे व्यवहार (Double Standard) को हमें बदलना होगा।

पाँचवाँ कदम – चरित्र को धन से ऊपर रखना। समाज में व्यक्ति की प्रतिष्ठा का आधार केवल उसकी आर्थिक हैसियत नहीं, बल्कि उसका आचरण भी होना चाहिए।

८. इतिहास और संस्कृति भी यही संदेश देते हैं

भारतीय संस्कृति में सत्य और ईमानदारी को हमेशा सर्वोच्च स्थान दिया गया है। राजा हरिश्चंद्र का उदाहरण हमारे सामने है, जिन्होंने सत्य की रक्षा के लिए अपना राजपाट, सुख-सुविधाएँ और यहाँ तक कि परिवार से जुड़ी कठिन परिस्थितियाँ भी सहन कीं। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाया। उन्होंने यह सिद्ध किया कि सत्य और नैतिक शक्ति के सहारे भी बड़े से बड़ा संघर्ष लड़ा जा सकता है।

हमारे शास्त्रों में कहा गया है— "सत्यमेव जयते नानृतं।" अर्थात् सत्य की ही विजय होती है, असत्य की नहीं। यह केवल एक आदर्श वाक्य नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला संदेश है। हालाँकि सत्य की विजय हमेशा तुरंत दिखाई नहीं देती। कई बार इसके लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता है। लेकिन यही संघर्ष मनुष्य के चरित्र को मजबूत बनाता है।

उपसंहार

आज आवश्यकता इस बात की है कि हम ईमानदारी को केवल भाषणों और उपदेशों तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने व्यवहार और सामाजिक व्यवस्था का हिस्सा बनाएँ। यह सच है कि वर्तमान समय में ईमानदार व्यक्ति को कई बार अपमान, उपेक्षा और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि ईमानदारी का कोई मूल्य नहीं रह गया है।

हमें यह भी समझना होगा कि बेईमानी से प्राप्त सफलता की चमक अस्थायी हो सकती है, जबकि चरित्र से अर्जित सम्मान लंबे समय तक कायम रहता है। देर से मिली सफलता भी सम्मानजनक होती है, लेकिन बेईमानी से मिली सफलता अक्सर मनुष्य को भीतर से खोखला कर देती है।

अंत में बस इतना ही कहना चाहूँगा— ईमानदार होना कमजोरी नहीं, बल्कि चरित्र की सबसे बड़ी ताकत है। दुनियाँ चाहे आपको आपकी सच्चाई के लिए कितनी ही बार अपमानित करे, लेकिन अपने ज़मीर की अदालत में कभी दोषी मत बनिए।क्योंकि धन खो जाने पर दोबारा कमाया जा सकता है, पद छिन जाने पर दूसरा पद मिल सकता है, लेकिन एक बार चरित्र पर लगा दाग मिटाना बहुत कठिन होता है।

संबंधित पोस्ट:


अपनी चादर देखकर ही अपने पैर फैलाना चाहिए : सुखी और संतुलित जीवन का सरल मंत्र

भूमिका

हमारे पूर्वजों ने अपने जीवन के अनुभवों से ऐसी अनेक कहावतें और मुहावरे दिए हैं, जिनमें जीवन की बड़ी-बड़ी सीख बहुत ही सरल शब्दों में छिपी हुई है। ऐसी ही एक प्रचलित कहावत है— "अपनी चादर देखकर ही अपने पैर फैलाना चाहिए।"

सुनने में यह कहावत जितनी साधारण लगती है, इसका अर्थ उतना ही गहरा और व्यावहारिक है। यह हमें सिखाती है कि हमें अपनी आर्थिक स्थिति, सामर्थ्य और संसाधनों को ध्यान में रखकर ही अपनी आवश्यकताओं और इच्छाओं का विस्तार करना चाहिए। 

दूसरों की देखा-देखी अपनी हैसियत से अधिक खर्च करना, अनावश्यक दिखावा करना और अपनी आय से अधिक जीवनशैली अपनाना अंततः परेशानियों को ही जन्म देता है। जीवन में सुख और शांति पाने के लिए यह आवश्यक है कि हम अपनी सीमाओं को पहचानें और उन्हीं के भीतर रहकर खुश रहना सीखें।

कहावत का वास्तविक अर्थ क्या है?

इस कहावत का सीधा-सा अर्थ है कि व्यक्ति को अपनी आर्थिक क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार ही जीवन व्यतीत करना चाहिए। मान लीजिए किसी व्यक्ति के पास एक छोटी-सी चादर है। यदि वह अपने पैरों को चादर से अधिक फैलाएगा तो उसके पैर बाहर निकल जाएंगे और उसे ठंड लगेगी। लेकिन यदि वह अपनी चादर की लंबाई के अनुसार ही पैर फैलाता है तो वह आराम से सो सकेगा।

ठीक यही बात हमारे जीवन पर भी लागू होती है। हमें अपनी आमदनी के अनुसार ही खर्चे भी रखना चाहिए। यदि हमारी आर्थिक स्थिति किसी महँगी गाड़ी, बड़े मकान या विलासितापूर्ण जीवनशैली की अनुमति नहीं देती तो केवल दूसरों की बराबरी करने के लिए कर्ज लेकर ऐसी चीजें खरीदना समझदारी नहीं है।

👉 याद रखिए, जीवन में सुखी रहने के लिए साधनों का बड़ा होना जरूरी नहीं, बल्कि साधनों का सही उपयोग करना जरूरी है।

दिखावे की दुनियाँ और हमारी बदलती प्राथमिकताएँ

आज हम ऐसे समय में जी रहे हैं, जहाँ व्यक्ति की पहचान अक्सर उसके पहनावे, मकान, गाड़ी, लग्जरी लाइफस्टाइल से करने की कोशिश की जाती है।

सोशल मीडिया ने इस प्रवृत्ति को और हवा दिया है। कोई विदेश यात्रा की तस्वीरें साझा करता है तो कोई महँगी गाड़ी और आलीशान मकान का प्रदर्शन करता है। किसी की शानदार शादी देखकर दूसरे व्यक्ति के मन में भी वैसा ही आयोजन करने की इच्छा जागने लगती है। धीरे-धीरे व्यक्ति अपनी वास्तविक आवश्यकताओं को भूलकर दूसरों की जीवनशैली की नकल करने लगता है। 

लेकिन आदमी भूल जाता है कि सोशलमीडिया पर लोग अपनी वास्तविक जिंदगी नहीं दिखाते, अपनी परेशानियाँ और अपने संघर्षों को नहीं बताते। इसलिए दूसरों की चमक देखकर अपनी जिंदगी में अंधाधुंध खर्च करना समझदारी नहीं है।

👉 दूसरों को प्रभावित करने के लिए जीवन जीने के बजाय स्वयं को संतुष्ट और प्रसन्न रखने के लिए जीवन जीना अधिक बेहतर है।

आमदनी से अधिक खर्च करना परेशानी को निमंत्रण देना है 

आर्थिक जीवन का एक सामान्य नियम है कि हमारी आमदनी और खर्च के बीच संतुलन होना चाहिए। "आमदनी अठन्नी और खर्चा रूपैया" वाली बात नहीं होनी चाहिए। 

मान लिजीए किसी व्यक्ति की मासिक आमदनी ३० हजार रुपये है और वह अपनी जीवनशैली दूसरों जैसी बनाए रखने के लिए ४० हजार रुपये खर्च करता है तो उसे हर महीने १० हजार रुपये की कमी पूरी करने के लिए कर्ज लेना पड़ेगा। शुरुआत में यह कर्ज छोटा लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे ब्याज और किस्तों का बोझ बढ़ता जाता है। फिर व्यक्ति अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के बजाय कर्ज के बोझ तले बुरी तरह दबता जाता है।

ऐसी स्थिति में न तो मन की शांति बचती है और न ही भविष्य के लिए पैसा बचता है। इसलिए हमें अपनी आमदनी के अनुसार खर्च निर्धारित करना चाहिए। जरूरी खर्चों के बाद कुछ धन बचत और आपातकालीन परिस्थितियों के लिए भी सुरक्षित रखना चाहिए।

👉 याद रखिए, कम कमाकर भी संतुष्ट जीवन जिया जा सकता है, लेकिन अपनी क्षमता से अधिक खर्च करके सुखी रहना बहुत कठिन है।

दूसरों से तुलना करना दुख का बड़ा कारण है

मनुष्य का स्वभाव है कि वह अपने आसपास के लोगों को देखकर अपनी स्थिति का मूल्यांकन करता है। कभी-कभी तो केवल इसलिए अनावश्यक खर्च किया जाता है कि समाज में  प्रतिष्ठा बनी रहे। लेकिन हमें समझना चाहिए कि हर व्यक्ति की परिस्थितियाँ अलग-अलग होती हैं। 

किसी की आमदनी अधिक है, किसी के पास पुश्तैनी संपत्ति अधिक है और किसी की सामाजिक जिम्मेदारियाँ हमसे बहुत कम हैं। ऐसे में उनकी बराबरी करने का प्रयास करना कहाँ तक उचित है? तुलना करने की आदत व्यक्ति को अपनी उपलब्धियों का आनंद भी नहीं लेने देती। 

👉 सच्ची समझदारी इसी में है कि हम दूसरों की उपलब्धियों से प्रेरणा तो लें, लेकिन अपनी जिंदगी के फैसले अपनी परिस्थितियों के अनुसार ही करें।

संतोष का अर्थ महत्वाकांक्षा छोड़ देना नहीं है

कुछ लोग इस कहावत का अर्थ यह समझ लेते हैं कि व्यक्ति को अपनी वर्तमान स्थिति से संतुष्ट रहना चाहिए और आगे बढ़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए। लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।

अपनी चादर देखकर पैर फैलाने का अर्थ अपनी इच्छाओं और सपनों को मार देना नहीं, बल्कि उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार पूरा करने की योजना बनाना है। फर्क केवल इतना है कि सपनों को पूरा करने के लिए उचित योजना, मेहनत और धैर्य का सहारा लेना चाहिए, न कि बिना सोचे-समझे कर्ज और दिखावे का।

आज अगर हमारी चादर छोटी है अर्थात् कमाई कम है तो मेहनत करके उसे बड़ा करने का प्रयास करना चाहिए। लेकिन जब तक चादर बड़ी नहीं होती, तब तक उसके बाहर पैर फैलाकर स्वयं को परेशानी में डालना बुद्धिमानी नहीं है।

यह सीख, पारिवारिक जीवन में भी जरूरी है 

यह कहावत केवल व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं है। पारिवारिक जीवन में भी इसका बहुत महत्त्व है।

एक परिवार में बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, घर का खर्च, बुजुर्गों की देखभाल और भविष्य की जिम्मेदारियाँ होती हैं। यदि परिवार के सदस्य अपनी आर्थिक स्थिति को समझे बिना महँगे शौक और अनावश्यक खर्चों को प्राथमिकता देने लगें तो परिवार का आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है। कई बार माता-पिता अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए बच्चों की शादी में अपनी हैसियत से कहीं अधिक खर्च कर देते हैं। इसके लिए उन्हें जमीन-जायदाद बेचनी पड़ती है या भारी कर्ज लेना पड़ता है। 

क्या ऐसी शादियाँ वास्तव में खुशी देती हैं? शादी तो दो परिवारों का मिलन होता है और उसकी असली सुंदरता दिखावे में नहीं, बल्कि दोनों परिवारों के आपसी प्रेम, विश्वास और आत्मीयता में होती है। इसी प्रकार बच्चों को भी बचपन से पैसे का महत्त्व, बचत की आदत और आवश्यकताओं तथा इच्छाओं के बीच अंतर समझाना चाहिए।

अपनी चादर के अनुसार जीवन जीने के कुछ व्यावहारिक उपाय

१. अपनी आमदनी और खर्च का हिसाब रखें। हर महीने होने वाली आय और खर्च को लिखने की आदत डालें। इससे अनावश्यक खर्चों की पहचान होगी।

२. जरूरत और इच्छा में अंतर समझें। हर आकर्षक वस्तु हमारी जरूरत नहीं होती। खरीदारी करने से पहले स्वयं से पूछें कि क्या यह मेरे लिए वास्तव में आवश्यक है?

३. दिखावे से बचें। केवल दूसरों को प्रभावित करने के लिए महँगी वस्तुएँ खरीदने से बचें।

४. बचत को प्राथमिकता दें। आमदनी का एक निश्चित हिस्सा नियमित रूप से बचाने का प्रयास करें।

५. कर्ज सोच-समझकर लें। ऐसा कर्ज लेने से बचें जो आपकी आर्थिक क्षमता पर अनावश्यक बोझ डालता हो।

६. भविष्य की योजना बनाएँ। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बुजुर्गों की देखभाल और आकस्मिक जरूरतों के लिए पहले से तैयारी करें।

७. छोटी खुशियों का आनंद लें। खुश रहने के लिए हमेशा महँगे साधनों की आवश्यकता नहीं होती। 

सादगी में भी है जीवन का वास्तविक सौंदर्य

जीवन का आनंद केवल महँगी वस्तुओं और भौतिक सुविधाओं में नहीं छिपा होता। कई बार साधारण जीवन जीने वाले लोग भी उन लोगों से अधिक खुश और संतुष्ट होते हैं, जिनके पास सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं होती।

एक व्यक्ति के पास बड़ा मकान है, लेकिन परिवार के सदस्यों के पास एक-दूसरे के लिए समय नहीं है। दूसरी ओर किसी का छोटा-सा घर है, जहाँ परिवार के सदस्य आपस में मिलजुल कर प्रेम और अपनत्व के साथ रहते हैं। अब आप ही विचार कीजिए कि वास्तविक सुख कहाँ है?

सुविधाएँ जीवन को आरामदायक बना सकती हैं, लेकिन प्रेम, संतोष और मानसिक शांति ही उसे आनंदमय बनाते हैं। हमें अपनी इच्छाओं को इतना अनियंत्रित नहीं होने देना चाहिए कि उपलब्ध साधनों के बावजूद हम अभावग्रस्त महसूस करने लगें। सादगी कोई कमजोरी नहीं, बल्कि एक सुंदर जीवनशैली है।

दूसरों की नहीं, हमेशा अपनी चादर देखिए

जीवन में प्रत्येक व्यक्ति की अपनी परिस्थितियाँ, जिम्मेदारियाँ और क्षमताएँ होती हैं। इसलिए किसी दूसरे की चादर देखकर अपनी चादर को छोटा समझना उचित नहीं है। हो सकता है कि किसी के पास हमसे अधिक धन हो, लेकिन उसके जीवन में ऐसी परेशानियाँ हों जिनकी हमें जानकारी तक न हो।

इसलिए दूसरों की जिंदगी से अपनी जिंदगी की तुलना करने के बजाय अपनी उपलब्धियों को पहचानना चाहिए। जो हमारे पास है, उसका सम्मान करना और जो पाना चाहते हैं, उसके लिए ईमानदारी से प्रयास करना ही जीवन का सही दृष्टिकोण है।

👉 हमें अपनी चादर को बड़ा करने का प्रयास अवश्य करना चाहिए, लेकिन ऐसा करते समय अपनी वर्तमान स्थिति और जिम्मेदारियों को कभी नहीं भूलना चाहिए।

उपसंहार

"अपनी चादर देखकर ही अपने पैर फैलाना चाहिए" केवल एक कहावत नहीं, बल्कि सुखी, संतुलित और सम्मानपूर्ण जीवन जीने का सूत्र है। जीवन में आगे बढ़ने के सपने देखिए, मेहनत कीजिए और अपनी क्षमताओं का विस्तार कीजिए, लेकिन दूसरों की देखा-देखी अपनी आर्थिक सीमाओं का अतिक्रमण मत कीजिए।

👉 याद रखिए, बड़ा जीवन जीने के लिए बड़ी चादर नहीं, बल्कि बड़ा दिल, संतुष्ट मन और समझदारी भरा दृष्टिकोण चाहिए। जिस दिन हम दूसरों से तुलना करना छोड़कर अपनी परिस्थितियों में प्रसन्न रहना सीख जाएंगे, उस दिन जीवन की बहुत-सी परेशानियाँ अपने आप समाप्त हो जाएँगी।

इसे भी पढ़ें:


25 नवंबर 2026

लोग हमारे बारे में क्या सोचते हैं, अब ये भी हम ही सोचेंगे तो फिर लोग क्या सोचेंगे?

प्रस्तावना:-

किसी ने बड़े मजेदार अंदाज में कहा है— "लोग हमारे बारे में क्या सोचते हैं, अब ये भी हम ही सोचेंगे तो फिर लोग क्या सोचेंगे?"

पहली नजर में यह बात हास्य और व्यंग्य से भरी हुई लगती है, लेकिन यदि हम इसके भीतर छिपे अर्थ को समझने का प्रयास करें तो यह जीवन जीने की एक बहुत बड़ी सीख देती है। मनुष्य सामाजिक प्राणी है। वह समाज में रहता है, लोगों से मिलता-जुलता है और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनता है। इसलिए यह स्वाभाविक है कि वह चाहता है कि लोग उसके बारे में अच्छी राय रखें, उसकी प्रशंसा करें, उसे सम्मान दें और उसके व्यवहार को पसंद करें। 

लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब दूसरों की राय हमारे जीवन की दिशा निर्धारित करने लगती है। हम क्या पहनें, क्या खाएँ, कहाँ जाएँ, किससे मिलें, क्या बोलें और यहाँ तक कि अपने जीवन के महत्वपूर्ण फैसले भी इस आधार पर लेने लगते हैं कि लोग क्या कहेंगे?

धीरे-धीरे हम अपनी इच्छाओं को दबाकर दूसरों की अपेक्षाओं के अनुसार जीने लगते हैं। तब जीवन रूपी गाड़ी तो हमारी होती है, लेकिन उसे चलाने का अधिकार अर्थात् उसकी स्टियरिंग दूसरों के हाथों में होती है।

"आखिर लोग क्या कहेंगे", यह चिंता इतनी बड़ी क्यों है?

बचपन से ही हमें सामाजिक मान्यताओं और मर्यादाओं के बीच रहना सिखाया जाता है। माता-पिता, परिवार और समाज हमें बताते हैं कि क्या उचित है और क्या अनुचित।

यह शिक्षा आवश्यक भी है, क्योंकि समाज में रहने के लिए कुछ नियमों और मर्यादाओं का पालन करना जरूरी है। लेकिन कभी-कभी यही सामाजिक दबाव हमारे व्यक्तित्व के विकास में बाधा बनने लगता है। उदाहरण के लिए—

कोई व्यक्ति अपनी पसंद का व्यवसाय शुरू करना चाहता है, लेकिन सोचता है कि रिश्तेदार क्या कहेंगे?

कोई अपनी रुचि के अनुसार जीवन जीना चाहता है, लेकिन उसे डर लगता है कि समाज उसका मजाक उड़ाएगा। 

कोई व्यक्ति गलत बात का विरोध करना चाहता है, लेकिन चुप रह जाता है कि कहीं लोग उसे बुरा न समझ लें। 

कोई अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार दिल से सादा जीवन जीना तो चाहता है, लेकिन दूसरों की बराबरी करने के लिए अनावश्यक खर्च करता है।

इस प्रकार हम अपनी वास्तविक जरूरतों और इच्छाओं से अधिक महत्व दूसरों की काल्पनिक प्रतिक्रियाओं को देने लगते हैं। सवाल यह है कि जिन लोगों की राय के डर से हम अपनी खुशियों का गला घोंट रहे हैं, क्या वे लोग वास्तव में हमारी जिंदगी की जिम्मेदारी उठाने वाले हैं? निश्चित रूप से नहीं!

लोगों का तो काम ही है कहना, हमारा काम है समझना:-

दुनियाँ में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जिसके बारे में सभी लोग एक जैसी राय रखते हों। आप लाख अच्छा काम कर लें, लोग कोई न कोई उसमें कमी निकाल ही देंगे। आप दूसरों की मदद करेंगे तो कोई आपको दिखावा करने वाला कहेगा। आप चुप रहेंगे तो कोई आपको घमंडी या डरपोक समझेगा। आप अपनी बात रखेंगे तो कोई आपको अहंकारी कह सकता है। अर्थात् लोगों की राय उनके अपने विचारों, अनुभवों, परिस्थितियों और स्वभाव से प्रभावित होती है।

एक छोटी-सी कहानी इस बात को अच्छी तरह समझाती है।

एक बार एक पिता अपने बेटे के साथ गधे पर बैठकर यात्रा कर रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें देखकर कहा कि ये देखो!  बेचारे जानवर पर कितना अत्याचार कर रहे हैं। तब पिता ने बेटे को नीचे उतार दिया और स्वयं गधे पर बैठ गया। कुछ दूर जाने पर दूसरे लोगों ने कहा कि कैसा पिता है, खुद तो आराम से बैठा है और बच्चे को पैदल चला रहा है। यह सुनकर पिता नीचे उतर गया और बेटे को गधे पर बैठा दिया। आगे चलने पर कुछ लोगों ने कहा कि आजकल के बच्चे कितने स्वार्थी हो गए हैं, बूढ़ा पिता पैदल चल रहा है और बेटा आराम से बैठा है। अब बाप-बेटा, दोनों पैदल चलने लगे। कुछ दूर बाद लोगों ने फिर टिप्पणी की कि "बड़े बेवकूफ हैं, जब गधा साथ में है तो भी दोनों पैदल चल रहे हैं?" पिता समझ गया कि सभी लोगों को संतुष्ट करना संभव नहीं है।

इस कहानी का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है। यदि हम हर व्यक्ति की राय के अनुसार अपना व्यवहार बदलने लगेंगे तो जीवन में कभी संतुष्ट नहीं रह पाएँगे।

दूसरों की राय के चक्कर में अपनी पहचान न खोएँ:-

हर व्यक्ति के भीतर कुछ विशेष गुण, रुचियाँ और क्षमताएँ होती हैं। यही विशेषताएँ उसे दूसरों से अलग पहचान देती हैं। लेकिन जब हम लगातार दूसरों की नकल करने लगते हैं, तो अपनी मौलिकता खो बैठते हैं। किसी के पास बड़ी गाड़ी है तो हमें भी बड़ी गाड़ी चाहिए। किसी ने महँगा मकान बना लिया तो हम भी अपनी सामर्थ्य से अधिक खर्च करके मकान बनाना चाहते हैं। किसी ने विदेश यात्रा की तो हमें भी अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए ऐसा करना जरूरी लगने लगता है।

इस दिखावे की दौड़ में हम यह भूल जाते हैं कि सुख-सुविधाओं का वास्तविक उद्देश्य जीवन को आसान बनाना है, न कि दूसरों को प्रभावित करना। दूसरों को प्रभावित करने के लिए जीने वाला व्यक्ति कभी अपने जीवन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो सकता। हमें अपनी हैसियत, परिस्थितियों, आवश्यकताओं और क्षमताओं के अनुसार जीवन जीना सीखना चाहिए।

👉 याद रखिए, आपकी पहचान आपके कपड़ों, गाड़ी, मकान या बैंक-बैलेंस से नहीं, बल्कि आपके विचारों, व्यवहार और चरित्र से बनती है।

क्या लोगों की राय की बिल्कुल परवाह नहीं करनी चाहिए?

यहाँ एक बात समझना बहुत जरूरी है। दूसरों की राय की चिंता न करने का अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि हम मनमानी करने लगें या सामाजिक मर्यादाओं को ताक पर रख दें। 

मनुष्य को अपने व्यवहार के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति हमारी गलती बताता है, तो हमें उसे खुले मन से सुनना चाहिए। यदि हमारी किसी बात से किसी को दुख पहुँचा है, तो अपनी गलती स्वीकार करने में संकोच नहीं करना चाहिए। लेकिन उचित और अनुचित के बीच अंतर समझना भी उतना ही आवश्यक है।

हमें दूसरों की उचित आलोचना से सीखना चाहिए, लेकिन निराधार आलोचना को अपने मन की शांति नष्ट करने का अवसर नहीं देना चाहिए। इसके लिए एक सरल सिद्धांत अपनाया जा सकता है—

  • जो आपकी भलाई चाहता है, उसकी सलाह पर विचार कीजिए। 
  • जो आपकी गलती बताता है, उससे सीखने का प्रयास कीजिए।
  • जो आपकी सफलता से प्रेरित होता है, उसका सम्मान कीजिए।
  • लेकिन जो केवल आपकी आलोचना करने के लिए अवसर तलाशता है, उसकी हर बात को दिल से लगाकर मत बैठिए।

सलाह को स्वीकार करना समझदारी है, लेकिन हर आलोचना को अपनी पहचान बना लेना कमजोरी है।

अपनी खुशी की चाबी दूसरों के हाथों में न दें:-

हममें से बहुत से लोग अपनी खुशी का आधार दूसरों के व्यवहार को बना लेते हैं। कोई हमारी प्रशंसा कर दे तो हम खुश हो जाते हैं। कोई हमारी उपेक्षा कर दे तो हमारा मन खराब हो जाता है। कोई हमारी उपलब्धियों की सराहना न करे तो हमें लगता है कि हमारी सारी मेहनत व्यर्थ चली गई। इस तरह हम अपनी भावनाओं का नियंत्रण दूसरों को सौंप देते हैं।

कल्पना कीजिए, यदि किसी व्यक्ति की खुशी इस बात पर निर्भर हो कि आज कितने लोगों ने उसकी प्रशंसा की, तो वह व्यक्ति कभी स्थायी रूप से खुश नहीं रह सकता। क्योंकि दुनियाँ में प्रशंसा करने वालों की भी कमी नहीं है और आलोचना करने वालों की भी।

इसलिए अपनी खुशी का आधार अपने अच्छे कर्म, संतोष, आत्मसम्मान और पारिवारिक प्रेम को बनाइए। दूसरों की प्रशंसा अच्छी लगती है, लेकिन उसके बिना भी स्वयं को कमतर नहीं समझना चाहिए। जीवन बहुत अनमोल है। इसे इस चिंता में व्यर्थ नहीं करना चाहिए कि कौन हमारे बारे में क्या सोच रहा है।

आत्मसम्मान और अहंकार के बीच अंतर समझिए:-

कई बार लोग दूसरों की राय की परवाह न करने को अहंकार समझ लेते हैं। जबकि आत्मसम्मान और अहंकार में बहुत बड़ा अंतर है। अहंकारी व्यक्ति स्वयं को दूसरों से श्रेष्ठ समझता है। वह अपनी गलतियाँ स्वीकार नहीं करता और दूसरों के विचारों का सम्मान नहीं करता।

इसके विपरीत, आत्मसम्मानी व्यक्ति अपनी गरिमा बनाए रखता है। वह दूसरों का सम्मान करता है, लेकिन किसी को अपनी गरिमा से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं देता। वह जानता है कि हर व्यक्ति को खुश रखना संभव नहीं है और न ही यह उसकी जिम्मेदारी है।

हमें ऐसा व्यक्तित्व विकसित करना चाहिए जिसमें विनम्रता भी हो, आत्मविश्वास भी हो और आत्मसम्मान भी। दूसरों का सम्मान कीजिए, लेकिन अपने सम्मान की कीमत पर नहीं।

जीवन छोटा है, इसे दूसरों की सोच में मत उलझाइए:-

जरा सोचिए, हमारा जीवन कितने अनिश्चित समय से घिरा हुआ है। आज जो लोग हमारे आसपास हैं, जरूरी नहीं कि वे हमेशा हमारे साथ रहें। परिस्थितियाँ बदलती हैं, रिश्ते बदलते हैं और समय के साथ लोगों की प्राथमिकताएँ भी बदल जाती हैं। फिर  भला हम क्यों अपना बहुमूल्य समय इस चिंता में बिताएँ कि लोग हमारे बारे में क्या सोचेंगे?

जब हम जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुँचेंगे, तब शायद हमें इस बात का अधिक अफसोस होगा कि हमने अपनी इच्छाओं को पूरा करने का साहस क्यों नहीं किया, अपने प्रियजनों के साथ समय क्यों नहीं बिताया और छोटी-छोटी खुशियों का आनंद क्यों नहीं लिया।

हमें यह समझना होगा कि जीवन दूसरों की अपेक्षाओं को पूरा करने की प्रतियोगिता नहीं है। अपनी जिम्मेदारियाँ निभाइए, अपने कर्तव्यों का पालन कीजिए, दूसरों की भावनाओं का सम्मान कीजिए और साथ ही अपने मन की खुशी का भी ध्यान रखिए।

बेफिक्र होकर जीने के कुछ व्यावहारिक तरीके:-

यदि हम वास्तव में लोगों की अनावश्यक चिंता से मुक्त होना चाहते हैं तो कुछ छोटी-छोटी बातों को अपने जीवन में उतार सकते हैं।

१. स्वयं को स्वीकार कीजिए: अपनी खूबियों और कमियों दोनों को पहचानिए। कोई भी व्यक्ति पूर्ण नहीं होता।

२. अपनी प्राथमिकताएँ तय कीजिए: जीवन में क्या जरूरी है और क्या केवल दिखावा है, इसका अंतर समझिए।

३. तुलना करना छोड़िए: प्रत्येक व्यक्ति की परिस्थितियाँ अलग होती हैं। इसलिए अपनी जीवन-यात्रा की तुलना दूसरों से मत कीजिए।

४. गलतियों से डरिए मत: यदि आपका उद्देश्य सही है तो असफलता से सीखकर आगे बढ़िए।

५. अपनी बात विनम्रता से रखिए: हर बात पर सहमत होना जरूरी नहीं है। असहमति भी शालीनता से व्यक्त की जा सकती है।

६. अच्छे लोगों का साथ चुनिए: ऐसे लोगों के बीच रहिए जो आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करें, न कि हर समय आपका मनोबल गिराएँ।

७. स्वयं को समय दीजिए: अपनी रुचियों, परिवार, मित्रों और छोटी-छोटी खुशियों के लिए समय निकालिए।

इन आदतों को अपनाकर हम धीरे-धीरे दूसरों की अनावश्यक राय के दबाव से मुक्त हो सकते हैं।

उपसंहार:-

अंततः जीवन का एक बहुत सरल सत्य है कि हम सबको खुश नहीं रख सकते और न ही सभी लोगों की सोच को नियंत्रित कर सकते हैं। इसलिए दूसरों की उचित सलाह को सम्मान दीजिए, उनकी आलोचना से सीखिए, लेकिन अपने जीवन का संचालन दूसरों की राय के आधार पर मत कीजिए।

👉 याद रखिए! लोग क्या सोचेंगे, यह सोचते-सोचते कहीं ऐसा न हो कि हम यह सोचना ही भूल जाएँ कि हम स्वयं क्या चाहते हैं!

जीवन मिला है तो इसे खुले मन से, आत्मसम्मान के साथ और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करते हुए जीना सीखिए। क्योंकि अंत में सबसे ज्यादा मायने यह नहीं रखता कि लोगों ने हमारे बारे में क्या सोचा, बल्कि यह रखता है कि हमने अपना जीवन कितनी ईमानदारी, प्रसन्नता और संतुष्टि के साथ जिया। इसलिए मुस्कुराइए, अच्छे कर्म कीजिए और बेवजह की चिंता छोड़ दीजिए।

आखिरकार— "लोगों का काम है सोचना और कहना, हमारा काम है सही रास्ते पर चलते रहना। अब यदि हम ही यह सोचने लगेंगे कि लोग हमारे बारे में क्या सोचते हैं, तो फिर लोग क्या सोचेंगे?" 🙏

संबंधित पोस्ट:

भारतीय संस्कृति की विशेषताएँ : जानिए हमारी गौरवशाली परंपरा की अनमोल खूबियाँ

प्रस्तावना

भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि विविधताओं में एकता, प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम है। यहाँ की संस्कृति हजारों वर्षों की सभ्यता, परंपराओं, मान्यताओं और जीवन मूल्यों से मिलकर बनी है। दुनियाँ की अनेक प्राचीन सभ्यताएँ समय के साथ विलुप्त हो गईं, लेकिन भारतीय संस्कृति आज भी अपनी विशिष्ट पहचान के साथ जीवंत है।

भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह केवल पूजा-पाठ, रीति-रिवाजों और त्योहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। यह हमें सिखाती है कि मनुष्य को केवल अपने लिए नहीं, बल्कि परिवार, समाज, प्रकृति और संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए भी जीना चाहिए।

आइए, भारतीय संस्कृति की कुछ प्रमुख विशेषताओं को समझने का प्रयास करते हैं।

१. वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना : भारतीय संस्कृति का सबसे सुंदर और व्यापक संदेश है— वसुधैव कुटुम्बकम्, अर्थात् संपूर्ण पृथ्वी एक परिवार है। यह विचार हमें सिखाता है कि संसार के सभी मनुष्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। जाति, धर्म, भाषा, देश और रंग के आधार पर किसी के प्रति भेदभाव नहीं करना चाहिए। हमारी संस्कृति केवल अपने परिवार या समाज तक सीमित रहने की शिक्षा नहीं देती, बल्कि संपूर्ण विश्व को अपना परिवार मानने की प्रेरणा देती है। यही वह उदार दृष्टिकोण है, जो भारतीय संस्कृति को विश्व की अन्य संस्कृतियों से विशिष्ट बनाता है।

२. आध्यात्मिकता और ईश्वर में आस्था : भारतीय संस्कृति का आधार आध्यात्मिकता है। यहाँ जीवन को केवल भौतिक सुख-सुविधाओं की प्राप्ति का माध्यम नहीं माना गया, बल्कि आत्मिक विकास और आत्मज्ञान को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। वेद, पुराण, उपनिषद, भगवद्गीता और रामायण जैसे महान ग्रंथों ने मानव जीवन को दिशा देने का काम किया है। हमारी संस्कृति सिखाती है कि मनुष्य को अपने भीतर झाँकना चाहिए, अपनी कमजोरियों को पहचानना चाहिए और अच्छे कर्मों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारना चाहिए। गीता का कर्मयोग हमें फल की चिंता किए बिना अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है।

३. अनेकता में एकता : भारत अनेक भाषाओं, धर्मों, जातियों, वेशभूषाओं, खान-पान और परंपराओं वाला देश है। यहाँ हर कुछ सौ किलोमीटर के फासले पर भाषा और रहन-सहन में परिवर्तन दिखाई देता है। कहीं होली-दीपावली की रौनक है, कहीं ईद की खुशियाँ, कहीं क्रिसमस की उमंग, तो कहीं गुरुपर्व और बुद्ध पूर्णिमा की पवित्रता। इतनी अनेकताओं के बावजूद सभी लोग एक साझा राष्ट्रीय पहचान से जुड़े हुए हैं। यही भारतीय संस्कृति की अद्भुत विशेषता है कि यहाँ विविधताओं को मिटाने के बजाय उन्हें स्वीकार करने और उनका सम्मान करने की गौरवशाली परंपरा रही है।

४. परिवार और रिश्तों को महत्व : भारतीय संस्कृति में परिवार को समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई माना गया है। माता-पिता का सम्मान, भाई-बहनों का स्नेह, पति-पत्नी का विश्वास, बड़ों का आशीर्वाद और छोटों के प्रति प्रेम, हमारी पारिवारिक परंपरा के महत्वपूर्ण अंग हैं। संयुक्त परिवार की व्यवस्था में बच्चों को बचपन से ही सहयोग, त्याग, धैर्य और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया जाता था। हालाँकि आधुनिक जीवनशैली में एकल परिवारों का चलन बढ़ा है, फिर भी भारतीय समाज में पारिवारिक रिश्तों का महत्व आज भी बना हुआ है। हमारी संस्कृति हमें याद दिलाती है कि धन-दौलत से जीवन में सुविधाएँ तो मिल सकती हैं, लेकिन सच्चा सुख प्रेमपूर्ण रिश्तों से ही प्राप्त होता है।

५. अतिथि देवो भवः की परंपरा : भारतीय संस्कृति में अतिथि का विशेष सम्मान किया जाता है। हमारे यहाँ एक प्रसिद्ध उक्ति है— "अतिथि देवो भवः।" अर्थात् अतिथि देवता के समान होता है। किसी मेहमान का प्रेमपूर्वक स्वागत करना, उसकी सुविधा का ध्यान रखना और यथासंभव उसकी सहायता करना हमारी सांस्कृतिक परंपरा रही है। यह परंपरा केवल औपचारिक शिष्टाचार नहीं, बल्कि दूसरों के प्रति सम्मान, अपनापन और उदारता की भावना को प्रकट करती है।

६. त्याग, सेवा और परोपकार की भावना : भारतीय संस्कृति में केवल अपने सुख की चिंता करने के बजाय दूसरों के हित के लिए काम करने को भी महान माना गया है। हमारे धार्मिक और ऐतिहासिक ग्रंथों में ऐसे अनेक उदाहरण मिलते हैं, जहाँ लोगों ने समाज और मानवता के कल्याण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। महर्षि दधीचि का अस्थिदान, राजा शिवि का त्याग और भगवान बुद्ध की करुणा इसके प्रेरणादायक उदाहरण हैं। हमारी संस्कृति का संदेश है— "परोपकाराय सतां विभूतयः।" अर्थात् सज्जन व्यक्तियों की संपत्ति और सामर्थ्य दूसरों के उपकार के लिए होती है। वास्तव में, दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने से बड़ा सुख शायद ही कोई दूसरा हो।

७. प्रकृति के प्रति सम्मान : भारतीय संस्कृति प्रकृति को केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार और पूजनीय मानती है।  

नदियों, धरती को माता, वृक्षों को जीवनदाता और सूर्य को देवता अर्थात् ऊर्जा का स्रोत मानकर सम्मान दिया जाता है। तुलसी, पीपल, बरगद और नीम जैसे पेड़ों का धार्मिक एवं सामाजिक जीवन में विशेष महत्व रहा है। यहाँ "जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी" अर्थात् जननी और जन्मभूमि का स्वर्ग से भी बढ़कर माना गया है। 

नदियों, पर्वतों, वनस्पतियों और पशु-पक्षियों के प्रति आदर की भावना हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने की प्रेरणा देती है। आज जब पूरी दुनियाँ ही पर्यावरण संकट का सामना कर रही है, तब भारतीय संस्कृति का यह संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गया है।

८. सहिष्णुता और सभी धर्मों के प्रति सम्मान : भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण विशेषता धार्मिक सहिष्णुता है। यहाँ अलग-अलग धर्म, मतों, विचारों और उपासना पद्धतियों को स्थान मिलता रहा है। हमारी परंपरा ने यह स्वीकार किया है कि सत्य तक पहुँचने के अनेक मार्ग हो सकते हैं। ऋग्वेद का प्रसिद्ध कथन है— "एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्ति।" अर्थात् सत्य एक है, विद्वान उसे अलग-अलग नामों से पुकारते हैं। यह विचार हमें दूसरों की मान्यताओं का सम्मान करना और आपसी मतभेदों के बावजूद सद्भाव बनाए रखना सिखाता है।

९. गुरु और ज्ञान का सम्मान : भारतीय संस्कृति में ज्ञान को सबसे बड़ा धन माना गया है। यहाँ गुरु को केवल शिक्षा देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने वाला मार्गदर्शक माना गया है। प्राचीन गुरुकुल परंपरा में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, चरित्र निर्माण, आत्मनिर्भरता और नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी दी जाती थी। हमारी संस्कृति का विश्वास है कि सच्चा ज्ञान मनुष्य को विनम्र बनाता है। इसीलिए कहा गया है— "विद्या ददाति विनयम्।" अर्थात विद्या विनम्रता प्रदान करती है।

१०. योग, आयुर्वेद और संतुलित जीवनशैली : भारतीय संस्कृति ने मानव स्वास्थ्य को केवल शरीर तक सीमित नहीं माना, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन पर जोर दिया है। योग, प्राणायाम, ध्यान और आयुर्वेद, हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा के महत्वपूर्ण अंग हैं। योग हमें शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन की दिशा में आगे बढ़ाता है। आयुर्वेद में खान-पान, दिनचर्या, ऋतुचर्या और प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने पर विशेष बल दिया गया है। आज दुनियाँ के अनेक देशों में योग और ध्यान को अपनाया जाना इस भारतीय ज्ञान परंपरा की उपयोगिता का प्रमाण है।

११. त्योहारों और उत्सवों की समृद्ध परंपरा : भारत त्योहारों का देश है। यहाँ लगभग हर मौसम, फसल, धार्मिक अवसर और सामाजिक परंपरा से जुड़ा कोई न कोई उत्सव मनाया जाता है। दीपावली, होली, रक्षाबंधन, दशहरा, मकर संक्रांति, छठ, ईद, क्रिसमस और गुरुपर्व जैसे त्योहार समाज में खुशियाँ, मेल-मिलाप और भाईचारा बढ़ाते हैं। इन त्योहारों का महत्व केवल मनोरंजन या उत्सव मनाने तक सीमित नहीं है। इनके पीछे प्रेम, सद्भाव, बुराई पर अच्छाई की विजय, प्रकृति के प्रति आभार और सामाजिक एकता जैसे संदेश छिपे हैं।

१२. संस्कार और नैतिक मूल्यों का महत्व : भारतीय संस्कृति में संस्कारों को विशेष स्थान दिया गया है। यहाँ "सर्वे भवन्तु सुखिनः" का पाठ पढ़ाया जाता है। सत्य बोलना, ईमानदारी से काम करना, बड़ों का आदर करना, जरूरतमंदों की सहायता करना, वाणी में मधुरता रखना और अपने कर्तव्यों का पालन करना हमारे प्रमुख नैतिक मूल्य हैं। ये संस्कार मनुष्य को केवल शिक्षित नहीं, बल्कि अच्छा इंसान बनाने में सहायता करते हैं। क्योंकि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल जीविका कमाना नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाना भी है। 

१३. आधुनिक युग में भारतीय संस्कृति की प्रासंगिकता: आज विज्ञान, तकनीक और भौतिक सुविधाओं ने हमारे जीवन को बहुत बदल दिया है। इंटरनेट, मोबाइल और सोशल मीडिया ने दुनियाँ को एक-दूसरे के करीब ला दिया है। लेकिन इसके साथ ही तनाव, अकेलापन, रिश्तों में दूरी, स्वार्थ और असहिष्णुता जैसी समस्याएँ भी बढ़ी हैं। ऐसे समय में भारतीय संस्कृति के जीवन मूल्य हमें सही दिशा दिखा सकते हैं। हमें आधुनिक विज्ञान और तकनीक को अवश्य अपनाना चाहिए, लेकिन अपनी संस्कृति के अच्छे संस्कारों को नहीं छोड़ना चाहिए। आधुनिकता का अर्थ अपनी जड़ों से कट जाना नहीं, बल्कि परंपरा की अच्छी बातों को साथ लेकर आगे बढ़ना है। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, विनम्रता, सेवा और नैतिकता के संस्कार भी देने चाहिए।

उपसंहार

भारतीय संस्कृति हमारी पहचान, हमारी विरासत और हमारी जीवनशैली की आत्मा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता है कि यह हमें स्वयं के साथ-साथ दूसरों के सुख और कल्याण के बारे में भी सोचने की प्रेरणा देती है। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व अवश्य होना चाहिए, लेकिन केवल गर्व करने से उसकी रक्षा नहीं होगी। उसके आदर्शों को अपने व्यवहार और जीवन में उतारना भी आवश्यक है।

याद रखिए, संस्कृति केवल विरासत में मिलने वाली धरोहर नहीं, बल्कि अगली पीढ़ी को सौंपने वाली जिम्मेदारी भी है। यदि हम वसुधैव कुटुम्बकम्, सत्य, अहिंसा, प्रेम, सेवा और सहिष्णुता जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपना लें, तो भारतीय संस्कृति का वास्तविक गौरव स्वतः ही सुरक्षित रहेगा।

संबंधित पोस्ट:

24 नवंबर 2026

मिले खुश्क रोटी आज़ाद रहके, बेहतर है ज़िल्लत के हलवे को खाके : आत्मसम्मान से बढ़कर दुनियाँ में कोई दौलत नहीं होती

प्रस्तावना :

मनुष्य के जीवन में रोटी की जितनी आवश्यकता है, उतनी ही आवश्यकता सम्मान और स्वाभिमान की भी है। रोटी शरीर को जीवित रखती है, लेकिन आत्मसम्मान मनुष्य को भीतर से जीवंत बनाए रखता है। पेट की भूख मिटाने के लिए मनुष्य बहुत कुछ कर सकता है, लेकिन यदि इसके लिए उसे अपना स्वाभिमान गिरवी रखना पड़े, तो ऐसी रोटी का कोई विशेष मूल्य नहीं रह जाता।

इसी जीवन-दर्शन को एक बड़ी खूबसूरत पंक्ति में व्यक्त किया गया है— "मिले खुश्क रोटी आजाद रहके, बेहतर है ज़िल्लत के हलवे को खाके।" इसका सीधा-सा अर्थ है कि सम्मान और स्वतंत्रता के साथ सूखी रोटी खाकर जीवन बिताना भी उस हलवे जैसे स्वादिष्ट भोजन से बेहतर है, जिसे किसी की गुलामी, चापलूसी अथवा अपमान सहकर प्राप्त करना पड़े।

यह पंक्ति केवल भोजन की तुलना नहीं करती, बल्कि मनुष्य को जीवन जीने का एक महत्वपूर्ण सिद्धांत सिखाती है। यह बताती है कि जीवन में सुख-सुविधाओं से अधिक महत्वपूर्ण आत्मसम्मान है।

आत्मसम्मान ही मनुष्य की असली पहचान है :

धन-दौलत, पद-प्रतिष्ठा और सुख-सुविधाएँ मनुष्य के जीवन को आरामदायक बना सकती हैं, लेकिन ये उसकी वास्तविक पहचान नहीं हैं। मनुष्य की असली पहचान उसके विचारों, व्यवहार और आत्मसम्मान से होती है।

जिस व्यक्ति के पास महंगे कपड़े, आलीशान मकान और स्वादिष्ट भोजन तो है, लेकिन उसे हर छोटी-बड़ी बात के लिए किसी दूसरे के सामने हाथ फैलाना पड़ता है, उसकी स्थिति बाहर से भले ही अच्छी दिखाई दे, लेकिन भीतर से वह संतुष्ट नहीं हो सकता।

इसके विपरीत, एक ऐसा व्यक्ति भी है जो सीमित साधनों में जीवन बिताता है। वह मेहनत करके अपनी दो वक्त की रोटी कमाता है। उसके पास भले ही बहुत धन न हो, लेकिन उसे किसी की खुशामद नहीं करनी पड़ती। वह अपनी बात कहने और अपने निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है। वास्तव में ऐसा व्यक्ति कहीं अधिक सुखी और सम्मानित जीवन जी रहा होता है।

पराधीनता में सुख भी दुख के समान है :

कहा गया है, "पराधीन सपनेहुँ सुख नाहीं।" किसी दूसरे के धन, कृपा अथवा एहसान पर निर्भर रहकर जीवन बिताना कभी-कभी मनुष्य की मजबूरी हो सकती है। लेकिन यदि यह निर्भरता उसके आत्मसम्मान को चोट पहुँचाने लगे, तो उसे अपने जीवन के बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए।

पराधीनता केवल राजनीतिक या सामाजिक नहीं होती। कई बार मनुष्य आर्थिक, मानसिक और पारिवारिक रूप से भी पराधीन हो जाता है। उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति अपनी नौकरी में केवल इसलिए अन्याय सहता रहता है कि कहीं उसकी आमदनी का जरिया ही न बंद हो जाए। कोई व्यक्ति किसी धनवान रिश्तेदार के सामने अपनी बात इसलिए नहीं रख पाता कि कहीं जरूरत पड़ने पर वहाँ से आर्थिक सहायता मिलनी बंद न हो जाए। 

जब कोई व्यक्ति अपने स्वार्थ के लिए दूसरों की चापलूसी करता रहता है, तब वह व्यक्ति धीरे-धीरे अपनी स्वतंत्र सोच और निर्णय लेने की क्षमता खोने लगता है। याद रखिए! सहायता लेना गलत नहीं है और किसी के प्रति कृतज्ञ होना भी अच्छी बात है लेकिन सहायता के बदले अपना आत्मसम्मान खो देना उचित नहीं है।

मेहनत की सूखी रोटी में भी मिठास होती है :

कहते हैं कि मेहनत की कमाई में जो संतोष मिलता है, वह मुफ्त में मिली सुख-सुविधाओं में नहीं मिलता। एक मजदूर दिनभर धूप में पसीना बहाता है। शाम को घर लौटकर जब वह अपनी मेहनत की कमाई से सूखी रोटी खाता है, तब उसके चेहरे पर एक अलग ही संतुष्टि दिखाई देती है। वहीं दूसरी ओर, कोई व्यक्ति दूसरों की चाटुकारिता करके, गलत तरीके अपनाकर अथवा अपने सिद्धांतों से समझौता करके खूब धन इकट्ठा कर लेता है और हर तरह की सुख-सुविधाएँ भी जुटा लेता है। लेकिन उसे हमेशा अपने स्वार्थ, प्रतिष्ठा और संबंधों को बचाने की चिंता सताती रहती है।

दोनों के भोजन में अंतर हो सकता है, लेकिन दोनों के मन की स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर है। एक के पास कम साधन हैं, लेकिन मन में शांति है। दूसरे के पास अधिक साधन हैं, लेकिन मन में बेचैनी है। इसलिए कहा जा सकता है कि मेहनत की कमाई से प्राप्त साधारण भोजन में भी वह मिठास होती है, जो बेईमानी अथवा अपमान के बदले मिले पकवानों में नहीं होती।

इतिहास भी स्वाभिमान की गाथाओं से भरा पड़ा है :

हमारे इतिहास में ऐसे अनेक महापुरुष हुए हैं जिन्होंने सुख-सुविधाओं की अपेक्षा स्वाभिमान और स्वतंत्रता को अधिक महत्व दिया। महाराणा प्रताप इसका एक अत्यंत प्रेरणादायक उदाहरण हैं। उन्होंने अपने स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अनेक कष्ट सहे। जंगलों में जीवन बिताया, कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन अपने सिद्धांतों और स्वतंत्रता से समझौता नहीं किया।

उनका जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियाँ कितनी भी कठिन क्यों न हों, अपने स्वाभिमान की रक्षा करना मनुष्य का सबसे बड़ा धर्म है। इसी प्रकार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और नेताजी सुभाषचंद्र बोस जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वे चाहते तो व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं को प्राथमिकता देकर अपना जीवन आसानी से बिता सकते थे, लेकिन उन्होंने गुलामी की जिंदगी स्वीकार नहीं की। उनके लिए स्वतंत्रता और स्वाभिमान का मूल्य अपने व्यक्तिगत जीवन से भी अधिक था।

इन महान व्यक्तित्वों का जीवन हमें बताता है कि सम्मानपूर्वक जीने की इच्छा ही मनुष्य को असाधारण साहस प्रदान करती है।

आत्मनिर्भरता स्वाभिमान की पहली सीढ़ी है :

आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने के लिए आत्मनिर्भर होना बहुत जरूरी है। जब तक हम अपनी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भर रहेंगे, तब तक किसी न किसी रूप में हमारी स्वतंत्रता प्रभावित होती रहेगी। आत्मनिर्भरता का अर्थ केवल धन कमाना नहीं है। इसका अर्थ है अपनी जिम्मेदारियों को समझना, अपनी आवश्यकताओं को सीमित रखना और अपनी क्षमताओं के अनुसार जीवन जीना। इसके लिए कुछ बातें विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं—

१. अपनी आवश्यकताओं को अनावश्यक रूप से न बढ़ाएँ। जितनी अधिक इच्छाएँ होंगी, उतनी ही अधिक निर्भरता बढ़ेगी।

२. मेहनत करने से कभी पीछे न हटें। कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता। ईमानदारी से किया गया प्रत्येक काम सम्मान के योग्य है।

३. अपनी कमाई और खर्च के बीच संतुलन बनाए रखें। दिखावे के लिए कर्ज लेना और दूसरों के सामने अपनी आर्थिक हैसियत बढ़ा-चढ़ाकर बताना उचित नहीं है।

४. अपने कर्म और सिद्धांतों के प्रति ईमानदार रहें। परिस्थितियों के अनुसार व्यवहार में बदलाव किया जा सकता है, लेकिन अपने मूल्यों को नहीं बेचना चाहिए।

५. किसी की सहायता लेने की स्थिति आए तो संकोच न करें, लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार आत्मनिर्भर बनने का प्रयास अवश्य करें।

चापलूसी और स्वाभिमान एक साथ नहीं चल सकते : 

आज के समय में सफलता की दौड़ इतनी तेज हो गई है कि कई लोग अपने स्वाभिमान को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं। 

किसी पद या लाभ के लिए अनावश्यक प्रशंसा करना, गलत बातों का समर्थन करना, प्रभावशाली लोगों के सामने अपनी विवेकशीलता खो देना और अपने स्वार्थ के लिए दूसरों को खुश रखने का प्रयास करना, आज आम बात होती जा रही है। निश्चित रूप से विनम्रता एक बहुत बड़ा गुण है। बड़ों का सम्मान करना, दूसरों की अच्छी बातों की प्रशंसा करना और आवश्यकता पड़ने पर सहयोग लेना हमारी सामाजिक संस्कृति का हिस्सा है। लेकिन विनम्रता और चापलूसी में अंतर है।

विनम्रता व्यक्ति के व्यक्तित्व को सुंदर बनाती है, जबकि चापलूसी धीरे-धीरे उसके आत्मसम्मान को कमजोर करती है। हमें ऐसा जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए जिसमें हम दूसरों का सम्मान भी करें और अपने सम्मान की रक्षा भी कर सकें।

आत्मसम्मान का अर्थ अहंकार नहीं है :

इस विषय पर एक बात समझना बहुत जरूरी है। आत्मसम्मान और अहंकार दोनों अलग-अलग चीजें हैं।

आत्मसम्मान हमें अपने मूल्य का बोध कराता है, जबकि अहंकार हमें दूसरों से श्रेष्ठ समझने की गलतफहमी पैदा करता है। स्वाभिमानी व्यक्ति किसी के सामने अनुचित रूप से झुकता नहीं है, लेकिन दूसरों को नीचा दिखाने का प्रयास भी नहीं करता। वह अपनी गलती स्वीकार करने में संकोच नहीं करता। आवश्यकता पड़ने पर क्षमा माँगता है और दूसरों की भावनाओं का सम्मान करता है। लेकिन वह अपने साथ होने वाले अन्याय को चुपचाप स्वीकार भी नहीं करता। इसलिए हमें स्वाभिमानी बनना चाहिए, अहंकारी नहीं।

याद रखिए, दूसरों को सम्मान देना और स्वयं सम्मानपूर्वक जीना एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।

बच्चों को भी सिखाएँ स्वाभिमान के साथ जीना :

आज माता-पिता अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा, अच्छे संस्कार और बेहतर जीवन देने के लिए बहुत प्रयास करते हैं। वे चाहते हैं कि उनके बच्चे जीवन में खूब तरक्की करें और धन-दौलत कमाएँ। लेकिन इस प्रयास में एक महत्वपूर्ण शिक्षा कभी-कभी पीछे छूट जाती है— "आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की शिक्षा।"

बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि सफलता का अर्थ केवल बड़ा पद, अधिक वेतन या आलीशान जीवन नहीं है। सच्ची सफलता वह है जिसमें व्यक्ति अपनी मेहनत से आगे बढ़े, ईमानदारी से कमाए, दूसरों का सम्मान करे और अपने आत्मसम्मान से कभी समझौता न करे। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि जीवन में कभी आर्थिक कठिनाई आ जाए तो शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है। कठिन समय स्थायी नहीं होता। मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से परिस्थितियाँ बदली जा सकती हैं। लेकिन गलत रास्ते से प्राप्त सफलता जीवनभर का बोझ बन सकती है।

उपसंहार:

जीवन में धन, दौलत, पद, प्रतिष्ठा और सुख-सुविधाओं का अपना महत्व है, लेकिन इन सबसे ऊपर है मनुष्य का आत्मसम्मान। ऐसी समृद्धि किस काम की, जिसमें व्यक्ति को अपनी इच्छाओं, विचारों और सिद्धांतों का गला घोंटना पड़े? ऐसा भोजन किस काम का, जिसे पाने के लिए अपनी गरिमा को ठेस पहुँचानी पड़े?

हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि परिस्थितियाँ बदलती रहती हैं। आज अभाव है तो कल समृद्धि भी आ सकती है। आज संघर्ष है तो कल सफलता भी मिल सकती है। लेकिन यदि हमने अपना आत्मसम्मान ही खो दिया, तो जीवन की सबसे बड़ी पूँजी खो देंगे। इसलिए जीवन में हमेशा यही प्रयास होना चाहिए कि हमारी थाली में भले ही साधारण भोजन हो, लेकिन हमारा सिर गर्व से ऊँचा रहे। क्योंकि किसी के सामने हाथ फैलाकर मिली मलाईदार रोटी से कहीं बेहतर है, अपने परिश्रम से कमाई गई सूखी रोटी। 

अंततः यही जीवन का सार है— "मिले खुश्क रोटी आजाद रहके, बेहतर है ज़िल्लत के हलवे को खाके।"

संबंधित पोस्ट: 


माल मुफ्त, दिल बेरहम : मुफ्त की चीजों की कद्र क्यों नहीं होती?

भूमिका

हमारे दैनिक जीवन में अनेक ऐसी कहावतें प्रचलित हैं, जो बहुत कम शब्दों में मनुष्य के स्वभाव और व्यवहार की गहरी सच्चाई उजागर कर देती हैं। ऐसी ही एक प्रचलित कहावत है— "माल मुफ्त, दिल बेरहम।" इस कहावत का सीधा-सा अर्थ है कि जब किसी व्यक्ति को कोई वस्तु बिना कीमत चुकाए मिल जाती है, तो अक्सर वह उसकी अहमियत और उपयोगिता की परवाह नहीं करता। वह उसका उपयोग भी लापरवाही से करता है और कई बार उसे बर्बाद करने में भी संकोच नहीं करता।

हमारे आसपास इसके अनगिनत उदाहरण देखने को मिलते हैं। मुफ्त में मिली वस्तु का दुरुपयोग, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाना, दूसरों के पैसे से मौज-मस्ती करना और बिना मेहनत के मिली सुविधाओं को व्यर्थ गँवाना इसी मानसिकता के अलग-अलग रूप हैं।

आखिर ऐसा क्यों होता है कि जिस वस्तु को पाने के लिए हम अपनी मेहनत की कमाई खर्च करते हैं, उसकी कद्र करते हैं, लेकिन वही वस्तु यदि मुफ्त में मिल जाए तो उसके प्रति हमारा व्यवहार बदल जाता है? आइए, इस कहावत के माध्यम से मानवीय स्वभाव की इस कमजोरी को समझने का प्रयास करते हैं।

१. कहावत का वास्तविक अर्थ और संदेश

"माल मुफ्त, दिल बेरहम" कहावत हमें मनुष्य की उस प्रवृत्ति से परिचित कराती है, जिसमें वह मुफ्त में मिली वस्तु को कम महत्व देता है। जब हम किसी वस्तु को अपनी मेहनत और कमाई से खरीदते हैं, तो उसके साथ हमारा एक भावनात्मक जुड़ाव भी होता है। हमें पता होता है कि उसे प्राप्त करने के लिए हमने कितनी मेहनत की है। इसलिए हम उसका उपयोग सावधानी से करते हैं। लेकिन जब वही वस्तु बिना किसी मेहनत या कीमत के मिल जाती है, तो कई बार उसके प्रति हमारा दृष्टिकोण बदल जाता है। उदाहरण के लिए, बाजार से खरीदी गई पानी की बोतल का हम पूरा उपयोग करते हैं, लेकिन किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में मुफ्त में मिली पानी की बोतल को आधा-अधूरा पीकर, बेरहमी से फेंक देते हैं। वस्तु वही है, पानी भी वही है, लेकिन उसे प्राप्त करने का तरीका बदलते ही उसके प्रति हमारा व्यवहार बदल जाता है। यही, इस कहावत का मूल भाव है।

2. मुफ्त की चीजों की कद्र क्यों नहीं होती?

इसके पीछे मनुष्य की मनोवैज्ञानिक प्रवृत्ति भी काम करती है। किसी वस्तु को प्राप्त करने के लिए जब हमें मेहनत करनी पड़ती है या अपनी जेब से पैसे खर्च करने पड़ते हैं, तो हम उसका महत्व समझते हैं। लेकिन बिना किसी प्रयास के मिली वस्तु को हम कई बार सहज उपलब्ध सुविधा मान लेते हैं। मुफ्त की वस्तु के प्रति लापरवाही के कुछ प्रमुख कारण हैं—

  • उसे प्राप्त करने में स्वयं की मेहनत नहीं लगी होती।
  • उसके नुकसान का आर्थिक बोझ सीधे अपने ऊपर महसूस नहीं होता।
  • यह सोच रहती है कि वस्तु मुफ्त है, इसलिए खराब होने पर कोई विशेष नुकसान नहीं।
  • कई बार दिखावे और दूसरों की देखा-देखी में भी वस्तुओं की बर्बादी होती है।

हालाँकि यह जरूरी नहीं कि मुफ्त में मिली हर वस्तु का दुरुपयोग ही हो। अनेक लोग मुफ्त में मिली छोटी-सी सहायता का भी बहुत सम्मान करते हैं। समस्या मुफ्त वस्तु में नहीं, बल्कि उसे लेकर विकसित होने वाली गलत मानसिकता में है।

३. सरकारी संपत्ति के मामले में यह कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है:

हमारे देश में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की घटनाएँ अक्सर देखने को मिलती हैं। रेल-संपत्ति का तोड़फोड़, सार्वजनिक शौचालयों को गंदा करना तथा वहाँ उटपटांग शब्द लिखना, बसों की सीटें फाड़ना, सरकारी भवनों की दीवारों पर लिखना और पार्कों में लगे पौधों को नुकसान पहुँचाना, ये सभी कृत्य हमारी इसी मानसिकता को दर्शाता है।

लोग अक्सर भूल जाते हैं कि सरकारी संपत्ति किसी सरकार या अधिकारी की निजी संपत्ति नहीं होती। वह जनता के पैसे से बनाई जाती है। सरकार द्वारा बनाई गई सड़क, पुल, अस्पताल, विद्यालय, पार्क और सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएँ वास्तव में हम सबकी साझा संपत्ति हैं। इनके निर्माण और रखरखाव पर खर्च होने वाला पैसा भी अंततः जनता से प्राप्त करों से ही आता है। इसलिए सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाना वास्तव में अपने ही संसाधनों को नष्ट करना है। विडंबना यह है कि कई लोग अपने घर की छोटी-सी वस्तु का भी बहुत ध्यान रखते हैं, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने में उन्हें कोई संकोच नहीं होता। 

४. मुफ्त की बिजली, पानी और अन्य सुविधाओं का दुरुपयोग:

आजकल मुफ्त या रियायती सुविधाओं की चर्चा अक्सर होती रहती है। सरकारें आम जनता को राहत देने के लिए बिजली, पानी, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराती हैं। इनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता करना और उनके जीवन को आसान बनाना है। लेकिन कुछ लोग इन सुविधाओं का आवश्यकता से अधिक उपयोग करते हैं।

मुफ्त बिजली मिलने पर अनावश्यक रूप से पंखे, लाइट और अन्य उपकरण चलाते रहना, पानी की उपलब्धता होने पर नलों को खुला छोड़ देना और सरकारी संसाधनों को अपनी निजी संपत्ति समझकर मनमाने ढंग से इस्तेमाल करना इसी प्रवृत्ति के उदाहरण हैं। हमें यह समझना चाहिए कि किसी सुविधा का मुफ्त या रियायती होना उसके असीमित दुरुपयोग का लाइसेंस नहीं है। संसाधनों का संरक्षण हमारी सामूहिक और नैतिक  जिम्मेदारी है।

५. दूसरों के पैसे पर मौज-मस्ती करने की प्रवृत्ति:

इस कहावत का एक दिलचस्प उदाहरण व्यक्तिगत और पारिवारिक जीवन में भी देखने को मिलता है। कई बार हम अपने पैसे खर्च करते समय बहुत सोच-विचार करते हैं, लेकिन जब किसी दूसरे व्यक्ति के पैसे से खरीदारी या मनोरंजन करने का अवसर मिलता है, तो खर्च करने में अधिक संकोच नहीं करते। दोस्तों की पार्टी में जरूरत से ज्यादा खाना मँगाना, किसी दूसरे के खर्च पर महँगी चीजों की फरमाइश करना और उधार लेकर अनावश्यक खर्च करना इसी प्रवृत्ति के उदाहरण हैं। ऐसा व्यवहार रिश्तों में भी कड़वाहट पैदा कर सकता है।

हमें यह याद रखना चाहिए कि दूसरे की कमाई भी उतनी ही मेहनत से अर्जित की गई है, जितनी हमारी अपनी कमाई। दूसरों के संसाधनों का सम्मान करना अच्छे संस्कारों और बेहतर व्यक्तित्व की पहचान है।

६. भोजन की बर्बादी : मुफ्त की मानसिकता का सबसे दुखद उदाहरण

भोजन की बर्बादी के मामले में भी यह कहावत पूरी तरह चरितार्थ होती है। शादी-विवाह, पार्टियों और बड़े आयोजनों में तो कुछ लोग बेरहमी का ऐसा उदाहरण पेश करते हैं कि वे खाकर ही बीमार पड़ जाते हैं, तो कुछ व्यक्ति ऐसे भी होते हैं जिन्हें तेल-वसायुक्त खाद्य-पदार्थों जैसे पूड़ी-कचौड़ी, पकौड़ी आदि खाना उनके स्वास्थ्य या उम्र के हिसाब से मना होता है, फिर भी बेपरवाही से खाये जाते हैं। शुगर के मरीज भी अक्सर वहाँ मिठाईयाँ बेरहमी से खाते हुए देखे जा सकते हैं।     

अक्सर लोग अपनी थाली में आवश्यकता से अधिक भोजन ले लेते हैं। फिर उसका कुछ हिस्सा खाए बिना ही छोड़ देते हैं। कई बार केवल स्वाद चखने के लिए अनेक व्यंजन थाली में रख लिए जाते हैं, जबकि उन्हें खाने की वास्तविक इच्छा भी नहीं होती। वहाँ कुछ लोग तो आधा प्लेट तक खाना छोड़ देते हैं, जो कि नष्ट होता है।  

इसके विपरीत हमारे समाज में ऐसे असंख्य परिवार हैं, जिन्हें दो वक्त का भोजन जुटाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है। यह कैसी विडंबना है कि एक तरफ भोजन कूड़ेदान में फेंका जाता है और दूसरी तरफ भूखे लोग भोजन की तलाश में भटकते हैं! हमें भोजन की एक-एक वस्तु का सम्मान करना चाहिए। क्योंकि थाली में रखा हुआ अन्न केवल खाद्य-पदार्थ नहीं, बल्कि किसान की मेहनत, प्रकृति की मेहरबानी और अनेक लोगों के अथक परिश्रम का परिणाम होता श है।

७. मुफ्त की वस्तु का सम्मान करना भी अच्छे संस्कार हैं

यहाँ एक बात समझना बहुत जरूरी है कि मुफ्त में मिली हर वस्तु का महत्व कम नहीं हो जाता। माँ का प्यार, पिता का स्नेह, गुरु का ज्ञान, मित्र की सहायता, किसी का उचित मार्गदर्शन और प्रकृति द्वारा प्रदान की गई हवा, पानी तथा प्रकाश— ये सभी ऐसी अमूल्य चीजें हैं जिन्हें हम पैसे देकर नहीं खरीद सकते। लेकिन दुर्भाग्य से कई बार हम इन्हीं मुफ्त में उपलब्ध अनमोल उपहारों की उपेक्षा करने लगते हैं।

जब तक माता-पिता हमारे साथ होते हैं, हम उनके स्नेह और त्याग का महत्व नहीं समझ पाते। जब तक स्वास्थ्य अच्छा रहता है, हम उसकी कद्र नहीं करते। जब तक प्रकृति हमें भरपूर संसाधन देती रहती है, हम उनका महत्व भूल जाते हैं। वास्तव में जीवन की सबसे मूल्यवान चीजों में से अनेक ऐसी हैं, जिन्हें हम मुफ्त में प्राप्त करते हैं। इसलिए हर मुफ्त वस्तु को महत्वहीन समझना हमारी सबसे बड़ी भूल होगी।

८. इस मानसिकता से कैसे बचें?

यदि हम अपने व्यवहार में कुछ छोटे-छोटे परिवर्तन कर लें, तो इस मानसिकता से काफी हद तक बच सकते हैं।

१. मेहनत का सम्मान करें। हमें समझना चाहिए कि हर वस्तु के पीछे किसी न किसी का परिश्रम लगा होता है।

२. सार्वजनिक संपत्ति को अपनी संपत्ति समझें। सड़क, पार्क, अस्पताल, विद्यालय और परिवहन सुविधाओं की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है।

३. किसी भी चीज़ का आवश्यकता के अनुसार ही उपयोग करें। मुफ्त मिलने वाली वस्तुओं और सुविधाओं का भी उतना ही सम्मान करें, जितना अपनी मेहनत से खरीदी गई वस्तुओं का करते हैं।

४. भोजन और प्राकृतिक संसाधनों की बर्बादी रोकें। पानी, बिजली, अन्न और ईंधन का विवेकपूर्ण उपयोग करें।

५. बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करें। उन्हें बचपन से ही समझाएँ कि किसी वस्तु का मूल्य केवल उसकी कीमत से निर्धारित नहीं होता, बल्कि उसके उपयोग और उसके पीछे लगे परिश्रम से भी होता है।

९. मुफ्त की चीजों का सम्मान ही सभ्य समाज की पहचान है

किसी सभ्य समाज की पहचान केवल उसकी आर्थिक समृद्धि और आधुनिक सुविधाओं से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वहाँ के नागरिक उपलब्ध संसाधनों का कितना सम्मान करते हैं। यदि हम अपने घर को साफ रखते हैं, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते हैं, तो हमारी स्वच्छता अधूरी है। यदि हम अपनी संपत्ति की रक्षा करते हैं, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाते हैं, तो हमारी जिम्मेदारी अधूरी है। यदि हम अपनी कमाई का एक-एक रुपया सोच-समझकर खर्च करते हैं, लेकिन दूसरों के संसाधनों की बर्बादी करते हैं, तो हमारी समझदारी अधूरी है। हमें यह स्वीकार करना होगा कि मुफ्त में मिली सुविधा भी किसी न किसी के परिश्रम और संसाधनों से उपलब्ध हुई है। इसलिए उसका सम्मान करना हमारा नैतिक दायित्व है।

उपसंहार

"माल मुफ्त, दिल बेरहम" केवल एक कहावत नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार में छिपी एक गंभीर कमजोरी की ओर संकेत करती है। मुफ्त में मिली वस्तु का महत्व कम नहीं हो जाता और न ही उसके दुरुपयोग का हमें कोई अधिकार मिल जाता है। हमें हर वस्तु, हर सुविधा और हर संसाधन का सम्मान करना सीखना चाहिए। आखिरकार, जो व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई से खरीदी गई वस्तु की कद्र करता है, उसे दूसरों की मेहनत और सार्वजनिक संसाधनों की भी उतनी ही कद्र करनी चाहिए।

याद रखिए, मुफ्त की चीजों का दुरुपयोग करना आसान है, लेकिन उनका सम्मान करना ही सच्चे संस्कारों की पहचान है।

इसे भी पढ़ें:



20 नवंबर 2026

बचपन हर गम से बेगाना होता है : क्यों बड़े होकर बदल जाते हैं रिश्ते?

भूमिका : कितना खूबसूरत होता है बचपन!

बचपन जीवन का वह खूबसूरत दौर होता है, जहाँ न किसी बात की चिंता होती है, न भविष्य की फिक्र और न ही किसी से आगे निकलने की होड़। न मन में किसी के प्रति ईर्ष्या होती है, न किसी से बदला लेने की भावना और न ही किसी बात को लेकर लंबे समय तक मन में गांठ रखने की आदत। 

बचपन तो मानो खुशियों का एक ऐसा संसार है, जहाँ छोटी-छोटी बातों में बड़ी-बड़ी खुशियाँ मिल जाती हैं। किसी ने सच ही कहा है— "बचपन हर गम से बेगाना होता है।"

बचपन में बच्चे खिलौनों के लिए लड़ते हैं, एक-दूसरे से नाराज होते हैं, कभी मारपीट भी कर लेते हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर साथ खेलने लगते हैं। उन्हें याद भी नहीं रहता कि थोड़ी देर पहले उनमें किस बात पर झगड़ा हुआ था। उनके मन में न तो किसी के प्रति स्थायी नाराजगी होती है और न ही किसी को नीचा दिखाने की भावना। 

लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, बुद्धि विकसित होती है, समझदारी आती है और हम दुनियादारी सीखते हैं, वैसे-वैसे हमारे व्यवहार में अनेक परिवर्तन आने लगते हैं। दुर्भाग्य से कई बार इसी समझदारी के साथ अहंकार, स्वार्थ, ईर्ष्या और राग-द्वेष भी हमारे भीतर जगह बनाने लगते हैं। आखिर यह कैसा विकास है, जो हमें अपने ही लोगों से दूर कर देता है? 

आइए, बचपन की इसी खूबसूरती और बड़े होने के बाद बदलते मानवीय व्यवहार पर हम गहराई से विचार करें।

१. बचपन की दुनियाँ में रंजिशों के लिए जगह नहीं होती :

बचपन की सबसे बड़ी विशेषता है— "मन की निर्मलता।" छोटे बच्चे किसी से मिलते हैं तो बिना किसी पूर्वाग्रह के मिलते हैं। उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि सामने वाला अमीर है या गरीब, ऊँचे पद पर है या साधारण व्यक्ति। उनके लिए दोस्ती का आधार तो केवल साथ खेलना, हँसना और खुशियाँ बाँटना होता है। कभी दो भाई किसी खिलौने को लेकर झगड़ पड़ते हैं। एक कहता है कि खिलौना मेरा है, दूसरा कहता है कि पहले मैंने लिया था। थोड़ी देर तक दोनों के बीच खींचतान चलती है। कभी रोना-धोना भी होता है। लेकिन कुछ समय बाद वही दोनों भाई एक ही खिलौने से मिलकर खेलने लगते हैं।

बचपन में न तो कोई माफी की शर्त होती है, न कोई अहंकार और न ही पुरानी बातों का हिसाब-किताब। बच्चों की यही विशेषता उन्हें बड़ों से अलग बनाती है। वे वर्तमान में जीते हैं और उनके लिए बीती हुई बातों का बोझ ढोने का कोई अर्थ नहीं होता।

२. बड़े होने के साथ मन में गांठें क्यों पड़ने लगती हैं?

बचपन बीतने के बाद हम बड़े होते हैं और उसके साथ हमारी बुद्धि भी विकसित होती है। हम सही-गलत का अंतर समझने लगते हैं। समाज, परिवार, प्रतिष्ठा, मान-सम्मान और स्वाभिमान का महत्व भी समझ में आने लगता है। यह विकास स्वाभाविक और आवश्यक है। 

लेकिन समस्या तब पैदा होती है, जब समझदारी के साथ हमारा अहंकार भी बढ़ने लगता है। बचपन में जिस बात को हम हँसकर टाल देते थे, बड़े होने पर उसी बात को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लेते हैं। किसी ने हमारी बात नहीं मानी तो हमें बुरा लग जाता है। किसी ने हमारी आलोचना कर दी तो हम उसे अपमान समझ बैठते हैं। किसी ने हमारे विचारों से असहमति जताई तो हम उससे नाराज हो जाते हैं। 

धीरे-धीरे हम छोटी-छोटी बातों का हिसाब रखने लगते हैं। किसने क्या कहा, किसने कितना सम्मान दिया और किसने हमारी बात नहीं मानी— ये सारी बातें हमारे मन में जगह बनाने लगती हैं। विडंबना यह है कि जिस बुद्धि का विकास हमें अधिक विवेकशील और संवेदनशील बनाना चाहिए, वही कभी-कभी हमें अधिक जिद्दी और असहिष्णु बना देती है।

३. भाई-भाई और भाई-बहनों के बीच बढ़ती दूरियाँ :

इस परिवर्तन का सबसे दुखद उदाहरण कई बार पारिवारिक रिश्तों में देखने को मिलता है। बचपन में जिन भाई-बहनों ने एक ही घर में साथ खेला, एक ही थाली में खाना खाया, एक-दूसरे के साथ शरारतें कीं और माता-पिता की डाँट भी साथ सुनी, बड़े होने पर कभी-कभी उन्हीं के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर ऐसी दूरियाँ पैदा हो जाती हैं, जिन्हें मिटाना मुश्किल हो जाता है। बचपन में खिलौने के लिए लड़ने वाले भाई बड़े होकर संपत्ति के बँटवारे पर वर्षों तक एक-दूसरे से बात नहीं करते। एक छोटी-सी बहस रिश्तों में ऐसी दरार पैदा कर देती है, जो कभी-कभी जीवनपर्यंत नहीं भरती। कभी किसी पारिवारिक समारोह में कहे गए दो कड़वे शब्द रिश्तों में खटास पैदा कर देते हैं। कभी आर्थिक लेन-देन और कभी मान-सम्मान का प्रश्न भाई को भाई से अलग कर देता है।

जरा सोचिए! जिन लोगों ने बचपन में एक-दूसरे के बिना रहना नहीं सीखा था, वे बड़े होकर एक-दूसरे का चेहरा देखना तक क्यों पसंद नहीं करते? यह कैसा विकास है, जो भाई को भाई से जुदा कर दे? यह कैसी समझदारी है, जो अपनों के बीच प्रेम की जगह अहंकार को खड़ा कर दे? निश्चित रूप से यह विचार करने का विषय है।

४. क्या हर बात को दिल पर लेना समझदारी है?

जीवन में स्वाभिमान आवश्यक है, लेकिन हर बात को अपने सम्मान से जोड़ लेना उचित नहीं है। कभी-कभी सामने वाला व्यक्ति अनजाने में ऐसी बात कह देता है, जो हमें अच्छी नहीं लगती। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वह हमारा अपमान करना चाहता है। हर व्यक्ति की सोच, परिस्थितियाँ और अभिव्यक्ति का तरीका अलग होता है। इसलिए दूसरों की हर बात को नकारात्मक अर्थ में लेना रिश्तों को कमजोर कर सकता है।

कई बार रिश्ते इसलिए नहीं टूटते कि कोई बहुत बड़ी गलती हुई होती है, बल्कि इसलिए टूट जाते हैं क्योंकि दोनों पक्ष अपनी-अपनी जिद छोड़ने को तैयार नहीं होते। एक व्यक्ति सोचता है कि पहले वह माफी माँगे, दूसरा सोचता है कि गलती उसकी है तो वही पहल करे। इस अहंकार की लड़ाई में समय बीतता जाता है और धीरे-धीरे संवाद समाप्त हो जाता है। कितना अच्छा होता यदि हम बचपन की तरह छोटी-छोटी बातों को भूलकर फिर से एक-दूसरे के करीब आना सीख लेते!

५. बचपन का बेगानापन ही उसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है :

बचपन में बेगानापन का अर्थ दुनियाँ से अनजान होना नहीं, बल्कि दुनियाँ के छल-कपट, प्रपंच, स्वार्थ और वैमनस्य से अप्रभावित रहना है। बच्चे किसी से दोस्ती करते समय यह नहीं सोचते कि इससे उन्हें क्या लाभ मिलेगा। वे किसी के साथ खेलते हैं तो पूरे मन से खेलते हैं। नाराज होते हैं तो कुछ देर के लिए और खुश होते हैं तो पूरे उत्साह से।

उनके मन में प्रेम और अपनापन स्वाभाविक होता है। शायद इसी कारण बचपन की यादें जीवनभर हमारा पीछा करती हैं। पुराने घर, गाँव की गलियाँ, स्कूल के मित्र, भाई-बहनों के साथ बिताए पल और बिना किसी चिंता के खेलते हुए दिन— ये सब याद आते हैं तो मन भावुक हो उठता है। बड़े होने पर हमारे पास बुद्धि बढ़ने के साथ सुविधाएँ बढ़ जाती हैं, लेकिन वैसी निश्छल खुशियाँ कम होती जाती हैं।

बचपन में न महँगे खिलौनों की आवश्यकता थी, न मनोरंजन के लिए टीवी-मोबाइल और न ही खुश रहने के लिए किसी विशेष अवसर की। थोड़ी-सी बारिश, कागज की नाव, दोस्तों के साथ खेलना और माँ के हाथों का भोजन ही दुनियाँ की सबसे बड़ी खुशी हुआ करता था।

६. क्या हमें फिर से बचपन वाली बुद्धि अपनानी चाहिए?

निश्चित रूप से हमें बचपन की निष्कपटता और सरलता से सीखने की आवश्यकता है। इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि हम अपनी विकसित बुद्धि, अनुभव और विवेक को छोड़ दें। बल्कि हमें अपनी परिपक्व बुद्धि का उपयोग रिश्तों को जोड़ने और जीवन को बेहतर बनाने के लिए करना चाहिए। हमें यह समझना होगा कि—

  • हर छोटी बात पर नाराज होना आवश्यक नहीं है।
  • हर बहस में जीतना ही समझदारी नहीं है।
  • अपनी गलती स्वीकार करने से कोई छोटा नहीं हो जाता।
  • अपनों को माफ करना या उनसे माफी मांगना,  कमजोरी नहीं बल्कि उदारता है।
  • रिश्ते अहंकार से नहीं, प्रेम और विश्वास से चलते हैं।
  • कभी-कभी चुप रह जाना और बात को जाने देना ही सबसे अच्छा समाधान होता है।

विशेषकर भाई-बहनों को यह याद रखना चाहिए कि संपत्ति, धन और प्रतिष्ठा जीवन में फिर से अर्जित किए जा सकते हैं, लेकिन बचपन के वे साथी और उनके साथ बिताए अनमोल पल दोबारा नहीं मिल सकते। इसलिए रिश्तों को छोटी-छोटी बातों की भेंट चढ़ाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

७. जीवन के अंतिम पड़ाव पर बचपन ही याद आता है :

जिंदगी का एक दिलचस्प सच यह भी है कि जब हम जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुँचते हैं, तब हमें अपनी बड़ी-बड़ी उपलब्धियों से अधिक बचपन की छोटी-छोटी खुशियाँ याद आती हैं।

  • याद आते हैं तो वे बचपन के दिन, जब न कोई चिंता थी, न कोई जिम्मेदारी और न ही किसी से आगे निकलने की होड़।
  • याद आते हैं वे भाई-बहन, जिनके साथ छोटी-छोटी बातों पर लड़ते थे और फिर उन्हीं के साथ खेलते हुए दिन गुजार देते थे।
  • याद आती है माँ की ममता, पिता का अनुशासन, दोस्तों की शरारतें और गाँव की गलियाँ।

तब शायद मन में यह विचार आता है कि काश! जिंदगी में कुछ समय के लिए फिर वही बचपन लौट आता। लेकिन बचपन लौटकर नहीं आता। हाँ, अगर दिल से चाहें तो बचपन की सरलता, निश्छलता और प्रेमपूर्ण व्यवहार को हम अपने भीतर जरूर जीवित रख सकते हैं।

उपसंहार : बड़े बनिए, लेकिन बचपन की खूबसूरती मत खोइए

बचपन जीवन का वह अनमोल उपहार है, जिसमें मन की निर्मलता, रिश्तों की मिठास और खुशियों की सहज अनुभूति छिपी होती है। समय के साथ हमारा बड़ा होना, बुद्धि का विकसित होना और दुनियाँदारी सीखना स्वाभाविक है। लेकिन इस विकास के नाम पर यदि हम अपने भीतर से प्रेम, क्षमा, विनम्रता और अपनापन खो देते हैं, तो ऐसा विकास निश्चित रूप से अधूरा है। हमें अपनी बुद्धि इतनी विकसित जरूर करनी चाहिए कि हम सही और गलत में अंतर कर सकें, लेकिन इतनी कठोर नहीं कि अपने ही अपनों की भावनाओं को समझना भूल जाएँ। 

बचपन की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि वहाँ झगड़े होते हैं, लेकिन रंजिशें नहीं; नाराजगी होती है, लेकिन नफरत नहीं; रूठना होता है, लेकिन रिश्ते तोड़ना नहीं। काश! हम बड़े होकर भी बच्चों की तरह निर्मल मन से जीना सीख सकें। मतभेद हों, लेकिन मनभेद न हों। बहस हो, लेकिन वैमनस्य न हो। जीवन में प्रतिस्पर्धा हो, लेकिन रिश्तों में दूरी न हो। 

आखिर में बस इतना ही—

"बड़े तो उम्र के साथ हो ही जाते हैं हम,

काश! मन से भी उतने ही सरल रह पाते।

न होती किसी से शिकायत, न किसी से गिला,

तो शायद जिंदगी में बचपन फिर से जी पाते।।"

संबंधित पोस्ट:

जिंदगी का सच : जीवन की उन सच्चाइयों को समझिए, जो हमें बेहतर इंसान बनाती हैं

भूमिका : जिंदगी आखिर है क्या?

जिंदगी एक खूबसूरत सफर है, जिसमें कभी खुशियों की धूप मिलती है, तो कभी दुखों की छाया। कभी सफलता हमारे कदम चूमती है, तो कभी असफलता हमें निराश कर देती है। कभी अपने साथ होते हैं, तो कभी भीड़ में भी हमें अकेलापन महसूस होता है। यही जिंदगी का वास्तविक स्वरूप है।

हम सभी जीवन में सुख, शांति, सफलता और सम्मान चाहते हैं। इसके लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, धन कमाते हैं, रिश्ते बनाते हैं और अपने सपनों को पूरा करने में जुटे रहते हैं। लेकिन इस भागदौड़ में अक्सर हम एक महत्वपूर्ण बात भूल जाते हैं— "जिंदगी केवल पाने का नाम नहीं है, बल्कि समझने, स्वीकार करने, बाँटने और खुलकर जीने का नाम भी है।"

जिंदगी का सच समझने के लिए किसी बड़े दर्शन या कठिन ज्ञान की आवश्यकता नहीं है। जीवन के छोटे-छोटे अनुभव ही हमें इसकी गहरी सच्चाइयों से रूबरू कराते हैं। 

तो आइए, यहाँ जिंदगी की कुछ ऐसी सच्चाइयों को समझें, जिन्हें जानकर हम अपने जीवन को अधिक सरल, सुंदर, सार्थक और आनंदमय बना सकते हैं।

जिंदगी अनमोल है, लेकिन हमेशा नहीं रहती:

जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई यह है कि जिंदगी अनमोल है, लेकिन इसका समय-सीमा सीमित है। हम अक्सर ऐसा व्यवहार करते हैं, मानो हमारे पास जीने के लिए अनंत समय हो। छोटी-छोटी बातों पर नाराज होते हैं, पुराने दुखों को याद करते हैं और भविष्य की चिंताओं में अपना वर्तमान खो देते हैं। लेकिन समय किसी के लिए नहीं रुकता। बचपन कब बीत जाता है, जवानी कब ढलने लगती है और जिम्मेदारियों के बीच जीवन कब आगे निकल जाता है, पता ही नहीं चलता।

जो समय आज हमारे पास है, वही हमारा वास्तविक धन है। इसलिए जीवन को कल पर मत टालिए। अपनों से प्रेम व्यक्त करना है, तो आज कीजिए। किसी की सहायता करनी है, तो आज कीजिए। कोई अच्छा काम शुरू करना है, तो आज से कीजिए। जिंदगी का सच यही है कि बीता हुआ समय लौटकर नहीं आता, लेकिन वर्तमान को सार्थक बनाकर हम अपने भविष्य को सुंदर बना सकते हैं।

सुख और दुख जीवन के दो पहलू हैं:

जिंदगी में हमेशा सुख ही सुख मिले, ऐसा संभव नहीं है। जिस प्रकार दिन के बाद रात आती है और रात के बाद दिन, उसी प्रकार जीवन में सुख के बाद दुख और दुख के बाद सुख भी आता है। कभी आर्थिक परेशानी होती है, कभी स्वास्थ्य संबंधी समस्या, कभी रिश्तों में तनाव और कभी अपने सपनों के टूटने का दुख। लेकिन दुख का आना जीवन की असफलता नहीं है। कई बार दुख हमें वह सिखा देता है, जो सुख के हजारों अनुभव भी नहीं सिखा पाते।

एक व्यक्ति जब कठिन परिस्थितियों से गुजरता है, तब उसे अपने सामर्थ्य, धैर्य और वास्तविक संबंधों का पता चलता है। सुख में हम अपनी खुशियों का आनंद लेते हैं, जबकि दुख में हम अपने भीतर छिपी शक्ति को पहचानते हैं। इसलिए कठिन समय में निराश होने के बजाय स्वयं से कहें— "यह समय भी बीत जाएगा। मुझे धैर्य रखना है और परिस्थितियों से सीखना है।"

जीवन की सच्चाई को समझने वाला व्यक्ति सुख में अहंकारी नहीं होता और दुख में पूरी तरह टूटता नहीं है।

धन आवश्यक जरूर है, लेकिन सब कुछ नहीं:

धन जीवन की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। भोजन, वस्त्र, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए धन चाहिए। धन हमें सुविधाएँ देता है, लेकिन हर सुविधा खुशी नहीं देती। 

एक व्यक्ति के पास बड़ा घर, महँगी गाड़ी और पर्याप्त धन हो सकता है, लेकिन यदि उसके जीवन में प्रेम, अपनापन और मानसिक शांति नहीं है, तो वह भीतर से अकेला और अशांत रह सकता है। इसके विपरीत, एक साधारण व्यक्ति सीमित साधनों में भी परिवार के साथ हँसते हुए जीवन का आनंद ले सकता है।

इसका अर्थ यह नहीं है कि धन कमाना गलत है। धन कमाना आवश्यक है, लेकिन धन के लिए अपने स्वास्थ्य, परिवार और आत्मसम्मान को खो देना उचित नहीं है। धन जीवन का साधन होना चाहिए, जीवन का उद्देश्य नहीं। सच्ची समृद्धि वह है, जिसमें धन के साथ संतोष, स्वास्थ्य, प्रेम और मानसिक शांति भी हो।

रिश्तों की असली पहचान कठिन समय में होती है:

खुशी के अवसरों पर हमारे आसपास बहुत से लोग दिखाई देते हैं। सफलता मिलने पर बधाई देने वालों की कमी नहीं होती। लेकिन जब जीवन में कठिन समय आता है, तब वास्तविक रिश्तों की पहचान होती है। जैसा कि रहीम कवि ने कहा है —

रहिमन विपदा हूँ भली, जो थोरे दिन होय। 

हित-अनहित या जगत में, जानि परत सब कोय।। 

कौन हमारे दुख को समझता है? कौन बिना किसी स्वार्थ के हमारा साथ देता है? कौन हमारी परेशानी में हमारी सहायता करता है? इन प्रश्नों के उत्तर ही हमें संबंधों की वास्तविकता बताते हैं। हालाँकि, किसी व्यक्ति के एक बार न मिलने से उसके प्रेम पर संदेह करना भी उचित नहीं है। हर व्यक्ति की अपनी परिस्थितियाँ और सीमाएँ होती हैं। रिश्तों को समझने के लिए केवल शब्दों को नहीं, बल्कि व्यवहार, संवेदना और निरंतरता को देखना चाहिए।

माता-पिता का स्नेह, जीवनसाथी का सहयोग, बच्चों की मुस्कान और सच्चे मित्र का साथ, जीवन की अनमोल संपत्ति हैं। इनकी कीमत धन से नहीं लगाई जा सकती। इसलिए अपने रिश्तों को समय दीजिए। अपनों की बात सुनिए, उनकी भावनाओं का सम्मान कीजिए और छोटी-छोटी बातों को अहंकार का विषय मत बनाइए।

हर व्यक्ति की जिंदगी अलग होती है:

आज सोशल मीडिया के युग में हम दूसरों के जीवन को देखकर अपने जीवन का मूल्यांकन करने लगते हैं लेकिन यह अपने आप में एक बड़ी भूल है। हर व्यक्ति की परिस्थितियाँ, क्षमताएँ, अवसर और जिम्मेदारियाँ अलग-अलग होती हैं। किसी की सफलता जल्दी दिखाई देती है, तो किसी की सफलता देर से आती है। दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने कल से बेहतर बनने का प्रयास कीजिए। यही वास्तविक प्रगति है।

असफलता जीवन का अंत नहीं, एक नई शुरुआत है:

जीवन में हर व्यक्ति सफल होना चाहता है, लेकिन सफलता का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता। कभी काम में असफलता मिलती है, कभी व्यवसाय में नुकसान होता है और कभी मेहनत के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिलता। ऐसे समय में व्यक्ति स्वयं को कमजोर समझने लगता है। लेकिन असफलता का अर्थ यह नहीं है कि हम योग्य नहीं हैं। कई बार असफलता हमें अपनी कमियों को पहचानने और अपनी दिशा सुधारने का अवसर देती है।

एक बच्चा जब चलना सीखता है, तो कई बार गिरता है। लेकिन वह गिरने के डर से चलना नहीं छोड़ता। वह फिर उठता है, प्रयास करता है और धीरे-धीरे चलना सीख जाता है। यही जीवन का सबसे सरल और सुंदर संदेश है।

असफलता से सीखिए, अपनी गलतियों को सुधारिए और आगे बढ़ते रहिए। जीवन में सफलता केवल मंजिल तक पहुँचने में नहीं, बल्कि कठिनाइयों के बावजूद निरंतर प्रयास करते रहने में भी है।

स्वास्थ्य से बड़ा कोई धन नहीं: 

हम अक्सर धन और सफलता की दौड़ में अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। काम का तनाव, अनियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद का अभाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी, धीरे-धीरे हमारे स्वास्थ्य को प्रभावित करती है।

जब शरीर स्वस्थ नहीं रहता, तब जीवन की अनेक सुविधाओं का आनंद लेना भी कठिन हो जाता है। इसलिए स्वास्थ्य को जीवन की प्राथमिकता बनाना आवश्यक है। समय पर भोजन करना, पर्याप्त नींद लेना, नियमित व्यायाम करना, कुछ समय प्रकृति के साथ बिताना और मन को शांत रखने का प्रयास करना जीवन को बेहतर बना सकता है।

स्वास्थ्य केवल शरीर का नहीं, बल्कि मन का भी विषय है। मन में लगातार चिंता, क्रोध और तनाव बनाए रखना भी जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करता है। इसलिए अपने शरीर और मन दोनों की देखभाल कीजिए।

अहंकार नहीं, विनम्रता जीवन को सुंदर बनाती है: 

जीवन में सफलता मिलने पर व्यक्ति के भीतर अहंकार उत्पन्न हो सकता है। उसे लगने लगता है कि वह दूसरों से अधिक योग्य है और उसकी उपलब्धियाँ केवल उसके खुद के प्रयासों के ही परिणाम हैं। लेकिन वास्तविकता यह है कि हमारी सफलता में अनेक लोगों का योगदान होता है। माता-पिता का संस्कार, शिक्षकों का मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग, समाज के अवसर और समय की अनुकूलता, ये सभी हमारी जीवन-यात्रा के हिस्सा होते हैं।

इसलिए सफलता मिलने पर विनम्र बने रहना चाहिए। जिस प्रकार फलदार वृक्ष फल आने पर झुक जाता है, उसी प्रकार ज्ञान और अनुभव बढ़ने पर व्यक्ति में विनम्रता आनी चाहिए। विनम्रता कमजोरी नहीं, बल्कि व्यक्तित्व की महानता है। जो व्यक्ति दूसरों का सम्मान करना जानता है, वह स्वयं भी सम्मान प्राप्त करता है।

दूसरों की सहायता करना जीवन को सार्थक बनाता है:

जिंदगी का एक सुंदर सच यह भी है कि दूसरों के जीवन में खुशी लाकर हम अपने जीवन को भी खुशहाल बना सकते हैं। किसी जरूरतमंद की सहायता करना, किसी दुखी व्यक्ति की बात सुनना, किसी बच्चे को शिक्षा के लिए प्रेरित करना या किसी बुजुर्ग को सम्मान देना, ये छोटे-छोटे कार्य जीवन को अर्थपूर्ण बनाते हैं।

सहायता करने के लिए हमेशा धन की आवश्यकता नहीं होती।  कभी हमारा एक अच्छा शब्द किसी निराश व्यक्ति को हिम्मत दे सकता है। कभी हमारा थोड़ा-सा समय किसी अकेले व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है। मानवता का वास्तविक अर्थ यही है कि हम केवल अपने लिए न जिएँ, बल्कि दूसरों के जीवन में भी कुछ अच्छा जोड़ने का प्रयास करें। जिस जीवन से किसी दूसरे के जीवन में आशा, खुशी या सहारा मिलता है, वह जीवन वास्तव में सार्थक बन जाता है।

सच्ची खुशी वर्तमान में जीने से मिलती है: 

हममें से बहुत से लोग या तो अतीत में हुई गलतियों को याद करके दुखी होते हैं और भविष्य में क्या होगा, इसकी चिंता करते रहते हैं। लेकिन जीवन का वास्तविक आनंद वर्तमान में छिपा है। सुबह की ताजी हवा, परिवार के साथ चाय पीना, बच्चों की हँसी, किसी मित्र से बातचीत करना और प्रकृति की सुंदरता को महसूस करना आदि ये सभी छोटी-छोटी ऐसी खुशियाँ हैं जो जीवन को जीवंत बनाती हैं। 

हम अक्सर बड़ी खुशियों की प्रतीक्षा में छोटी खुशियों को अनदेखा कर देते हैं। हमें लगता है कि जब बड़ा घर होगा, अधिक धन होगा या कोई बड़ी उपलब्धि मिलेगी, तभी हम खुश होंगे। लेकिन खुशी केवल भविष्य की किसी एक खास मंजिल पर नहीं मिलती, वह वर्तमान के छोटे-छोटे अनुभवों में भी मौजूद रहती है। इसलिए जीवन को केवल लक्ष्य प्राप्त करने की यात्रा मत बनाइए। यात्रा के प्रत्येक सुंदर पलों का आनंद लेना भी सीखिए।

उपसंहार : जिंदगी का सच समझिए और जीवन को सुंदर बनाइए

जिंदगी का सच यही है कि यहाँ कुछ भी स्थायी नहीं है। समय बदलता है, परिस्थितियाँ बदलती हैं और जीवन में सुख-दुख आते-जाते रहते हैं। इसलिए न सफलता पर घमंड करना चाहिए और न असफलता से निराश होना चाहिए।

धन कमाइए, लेकिन रिश्तों को मत खोइए। सपने देखिए, लेकिन वर्तमान को मत भूलिए। आगे बढ़िए, लेकिन विनम्रता और मानवता का साथ मत छोड़िए।

जिंदगी कितनी लंबी है, यह हमारे हाथ में नहीं; लेकिन उसे कितना सुंदर, सार्थक और प्रेमपूर्ण बनाना है, यह बहुत हद तक हमारे अपने व्यवहार पर निर्भर करता है। यही जिंदगी का सबसे बड़ा सच है।

संबंधित पोस्ट: 

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...