प्रेरणास्रोत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रेरणास्रोत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

31 अगस्त 2024

स्वामी विवेकानंद का जीवन परिचय

स्वामीवेकानंद एक ऐसे प्रभावशाली व्यक्तित्व का नाम है जो किसी परिचय का मुहताज नहीं है। वे महान विचारक, विख्यात वक्ता और प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु थे जो सन् १८९३ ई. के शिकागो विश्व धर्म संसद में हिन्दू धर्म का प्रतिनिधित्व किया और पश्चिमी दुनियाँ में हिन्दू धर्म का लोहा मनवाया। स्वामी विवेकानंद का जीवन-वृत्त, एक प्रेरणादायक कथा है जिसमें भारत के इस महान संत और समाज सुधारक की उपलब्धियों एवं विचारधारा का विस्तृत विवरण मिलता है। उनका जीवन न केवल उनके समय के लोगों के लिए बल्कि आज के समाज के लिए भी एक मार्गदर्शक के रूप में है। 

Source: Webdunia

संक्षिप्त जीवन परिचय:

जन्म: १२ जनवरी सन् १८६३ ई. कोलकाता, भारत

बचपन का नाम: नरेन्द्रनाथ दत्त

पिता का नाम: विश्वनाथ दत्त, हाइकोर्ट के प्रसिद्ध वकील

माता का नाम: भुवनेश्वरी देवी

दादा का नाम: दुर्गाचरण दत्त, संस्कृत और फारसी के विद्वान, जो बाद में साधु बन गए। 

शिक्षा: प्रेसीडेंसी कालेज, कोलकाता

धर्म: हिन्दू धर्म

आध्यात्मिक गुरु: रामकृष्ण परमहंस

दर्शन: अद्वैत वेदांत

साहित्यिक रचनायें: बहुत सी रचनाएं है, जिनमें प्रमुख-     राजयोग, कर्मयोग, भक्तियोग, ज्ञानयोग, मेरा गुरु तथा कोलंबो से अल्मोड़ा तक व्याख्यान, हैं। 

मृत्यु: ४ जुलाई सन् १९०२ ई. बेलूर मठ (उनके शिष्यों के अनुसार, उनकी मृत्यु ध्यान करते समय मस्तिष्क में रक्त वाहिका के फटने से हुई) 

संस्थापक: रामकृष्ण मिशन, रामकृष्ण मठ, वेदांत सोसाइटी आफ न्यूयॉर्क। 

प्रारंभिक जीवन और शिक्षा-दीक्षा:

स्वामी विवेकानंद का जन्म १२ जनवरी सन् १८६३ ई. में कोलकाता के एक बंगाली कायस्थ परिवार में हुआ था। उनका जन्मदिन भारत में "राष्ट्रीय युवा दिवस" के रूप में मनाया जाता है। उनका बचपन का नाम नरेंद्रनाथ दत्त था। उनके पिता, विश्वनाथ दत्त, कलकत्ता हाई कोर्ट के एक प्रसिद्ध वकील थे, और उनकी माता, भुवनेश्वरी देवी, एक बहुत ही धार्मिक महिला थीं। नरेंद्रनाथ के जीवन में उनके माता-पिता का गहरा प्रभाव था, जिसने उनके व्यक्तित्व को वृहद् आकार दिया। विवेकानंद के माता-पिता की दस संतानें हुईं, जिसमें केवल चार ही जीवित बच पाईं। विवेकानंद, छठे नंबर की संतान थे। उन्होंने शादी नहीं की। 

नरेंद्रनाथ बचपन से ही धार्मिक प्रवृत्ति के थे। उनका आत्मचिंतन और आध्यात्मिकता की ओर झुकाव शुरू से ही था। उनकी शिक्षा महानगर के स्कूलों में हुई। वे एक मेधावी छात्र थे। सन् १८८१ ई. में उन्होंने प्रेसीडेंसी कॉलेज में दाखिला लिया, जहाँ उन्होंने पाश्चात्य दर्शन, इतिहास और विज्ञान का अध्ययन किया। नरेंद्रनाथ का मन जिज्ञासु था। वे सदा ही सत्य की खोज में लगे रहते थे, और उनकी यही खोज उन्हें उनके आध्यात्मिक गुरु श्री रामकृष्ण परमहंस के पास खींच ले आई। 

रामकृष्ण परमहंस से भेंट:

सन् १८८१ ई. में ही नरेंद्रनाथ की रामकृष्ण परमहंस से पहली बार मुलाकात सुरेन्द्र नाथ मित्रा के घर पर हुई। नरेंद्रनाथ उनके सरल और व्यावहारिक ज्ञान से बहुत प्रभावित हुए। रामकृष्ण के साथ उनकी यह मुलाकात, उनके जीवन का एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ, जिसने उनके जीवन की दिशा को बदल दिया।

रामकृष्ण परमहंस के संपर्क में आने के बाद नरेंद्रनाथ ने अपने जीवन का असली उद्देश्य पहचान लिया। रामकृष्ण परमहंस का शिष्य बनने के बाद उन्होंने ध्यान और साधना के गहरे अनुभव किए, जो उनके जीवन के मूलभूत सिद्धांत बने। नरेन्द्रनाथ का विवेकानंद नाम, राजस्थान के शेखावाटी अंचल स्थित खेतड़ी के राजा अजित सिंह ने दिया था। रामकृष्ण की मृत्यु के बाद विवेकानंद ने अपने गुरु के संदेश को फैलाने का संकल्प लिया और इसके लिए उन्होंने अपने जीवन को पूर्ण रूप से समर्पित कर दिया।

भारत भ्रमण और आध्यात्मिक यात्रा:

स्वामी विवेकानंद ने सन् १८८८ ई. में एक सन्यासी के रूप में भारत भ्रमण पर निकल पड़े। उन्होंने देश के विभिन्न भागों का भ्रमण किया। उन्होंने भारतीय संस्कृति, धर्म के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं और कुरीतियों को भी गहराई से समझा। उन्होंने देखा कि भारत में गरीबी, अशिक्षा और धार्मिक कट्टरता जैसी समस्याएं व्याप्त थीं। इन यात्राओं ने उनके विचारों को और अधिक परिपक्व किया और उन्हें एक मजबूत राष्ट्रवादी और समाज सुधारक के रूप में स्थापित किया।

शिकागो विश्व धर्म-महासभा में भाग लेना:

सन् १८९३ ई. में स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में विश्व धर्म महासभा में भाग लिया, जहां उन्होंने भारतीय संस्कृति और हिन्दू धर्म का प्रतिनिधित्व किया। ११ सितंबर सन् १८९३ ई. को शिकागो में दिए गए उनके उद्घाटन भाषण ने उन्हें रातोंरात विश्व प्रसिद्ध बना दिया। उन्होंने "अमेरिका के भाइयों और बहनों" के साथ अपना भाषण शुरू किया, जिसने उन्हें तुरंत श्रोताओं के बीच लोकप्रिय बना दिया। उन्होंने अमेरिका वासियों को हिन्दू धर्म से परिचित करवाया। उन्होंने धर्म महासभा में अपने व्याख्यान से वहाँ ऐसा प्रभाव छोड़ा कि एक अमेरिकी अखबार ने उन्हें उस विश्व धर्म संसद में "सबसे महान व्यक्ति" के रूप में व्यक्त किया। 

विवेकानंद ने अपने भाषणों के माध्यम से वेदांत और भारतीय आध्यात्मिकता के सिद्धांतों को पश्चिमी देशों के सामने रखा और उनकी प्राचीनता और सार्वभौमिकता को प्रमाणित किया। उनका संदेश था कि सभी धर्म सच्चे हैं और मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। वे विश्व धर्म महासभा के माध्यम से हिन्दू धर्म और भारतीय संस्कृति की महत्ता को समझाने में सफल हुए। 

रामकृष्ण मिशन की स्थापना:

स्वदेश लौटने के बाद, स्वामी विवेकानंद ने १ मई सन् १८९७ ई. में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की, जिसका उद्देश्य धार्मिक और सामाजिक सुधारों को बढ़ावा देना था। इस मिशन का मुख्यालय कोलकाता के बेलूर में है। इसका उद्देश्य सेवा, शिक्षा और धर्म का प्रचार-प्रसार करना था। इस मिशन के माध्यम से उन्होंने समाज की सेवा के साथ-साथ भारत के युवाओं को प्रेरित करने का काम किया। रामकृष्ण मिशन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए। स्वामी विवेकानंद के अनुसार, धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य मानवता की सेवा होना चाहिए।

दर्शन और विचारधारा:

स्वामी विवेकानंद का दर्शन वेदांत पर आधारित था, जिसमें अद्वैतवाद की प्रमुख भूमिका थी। उन्होंने मानवता को ईश्वर का प्रतिरूप माना और यह विश्वास किया कि हर इंसान में ईश्वर का निवास है। उनके विचारों में कर्मयोग, ज्ञानयोग, भक्तियोग और राजयोग की संपूर्णता थी। विवेकानंद ने कर्म को विशेष महत्व दिया और कहा कि व्यक्ति को अपने कर्मों के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने सच्चे धार्मिकता को परिभाषित करते हुए कहा कि वह व्यक्ति ही सच्चा धार्मिक है जो दूसरों के दुःख और समस्याओं को समझता है और उन्हें दूर करने का प्रयास करता है।

विवेकानंद के विचारों में शिक्षा का भी विशेष महत्व था। उन्होंने कहा कि "शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति के भीतर की पूर्णता को प्रकट करना है।" उनका मानना था कि शिक्षा केवल जानकारी प्रदान करना नहीं है, बल्कि इससे व्यक्ति के चरित्र, आत्म-संयम और आत्म-सम्मान का विकास होना चाहिए। उन्होंने भारतीय शिक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया और इसे समाज और देश के विकास के लिए आवश्यक बताया।

समाज सुधारक के रूप में उनकी भूमिका:

स्वामी विवेकानंद ने भारतीय समाज में व्याप्त अनेक बुराइयों को समाप्त करने के लिए आवाज उठाई। उन्होंने जाति प्रथा, बाल विवाह, महिलाओं की स्थिति, और धार्मिक अंधविश्वासों के खिलाफ संघर्ष किया। उनका मानना था कि जब तक समाज में सुधार नहीं होगा, तब तक देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण पर भी जोर दिया और कहा कि "महिलाओं के बिना कोई भी देश उन्नति नहीं कर सकता।" उन्होंने नारी को शक्ति स्वरूपा माना और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया। स्वामी विवेकानंद का यह दृढ़ विश्वास था कि सामाजिक न्याय और समानता ही राष्ट्र की सच्ची उन्नति के मार्ग हैं।

अंतर्राष्ट्रीय प्रभाव और यात्राएं:

शिकागो धर्म महासभा के बाद, स्वामी विवेकानंद ने पश्चिमी देशों में भारतीय धर्म और संस्कृति का प्रचार किया। उन्होंने अमेरिका और यूरोप में वेदांत समाज की स्थापना की और वहां के लोगों को भारतीय योग, ध्यान और आध्यात्मिकता से परिचित कराया। उन्होंने पश्चिमी समाज में भारतीय आध्यात्मिकता और दर्शन के महत्व को समझाया। उनका मानना था कि पश्चिमी समाज विज्ञान और प्रौद्योगिकी में आगे है, जबकि भारतीय समाज आध्यात्मिकता में समृद्ध है। इसलिए, दोनों समाजों को एक दूसरे से सीखने की जरूरत है। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम वर्षों में भी विदेश यात्राएं कीं और भारतीय संस्कृति का प्रसार किया।

जीवन के अंतिम दिन और योगदान:

स्वामी विवेकानंद का जीवन बहुत छोटा था, लेकिन उनके विचार और कार्य आज भी जीवंत हैं। ४ जुलाई सन् १९०२ ई. में मात्र ३९ वर्ष की आयु में उन्होंने बेलूर मठ, कोलकाता में महासमाधि ले ली। उनकी मृत्यु के बाद भी, उनके विचारों और कार्यों का प्रभाव भारतीय समाज और विश्व स्तर पर बना हुआ है। उनके द्वारा स्थापित रामकृष्ण मिशन आज भी उनके आदर्शों को आगे बढ़ा रहा है और समाज सेवा के कार्यों में संलग्न है। विवेकानंद के विचार और शिक्षाएं न केवल भारत बल्कि विश्व भर में लोगों को प्रेरित करती हैं। उन्होंने मानवता की सेवा, धार्मिक सहिष्णुता, और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और समाज को यह सिखाया कि धर्म का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत मोक्ष नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा है।

स्वामी विवेकानंद के विचारों की महत्ता:

स्वामी विवेकानंद के विचार और शिक्षाएं भारत के युवाओं के लिए आज भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भारतीय समाज में आत्म-सम्मान और आत्म-विश्वास का संचार किया और कहा कि हर व्यक्ति में असीम शक्ति है, जिसे पहचानने और विकसित करने की आवश्यकता है। आज के समय में, जब भारतीय समाज और विश्व कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, विवेकानंद के विचार हमें सही दिशा दिखा सकते हैं। उनके विचारों में एकता, भाईचारा, और वैश्विक शांति का संदेश है, जो आज के वैश्विक समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनकी शिक्षाएं हमें यह सिखाती हैं कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और आत्म-विश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए और समाज की सेवा के प्रति समर्पित रहना चाहिए। 

स्वामी विवेकानंद के अनमोल वचन:

उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।

तुम जो सोचते हो, वही हो जाते हो। अगर तुम खुद को कमजोर सोचते हो, तो तुम कमजोर हो जाओगे, अगर तुम खुद को ताकतवर सोचते हो, तो तुम ताकतवर हो जाओगे।

एक समय में एक काम करो, और ऐसा करते समय अपनी पूरी आत्मा उस काम में डाल दो।

हम वही हैं जो हमें हमारी सोच ने बनाया है, इसलिए इस बात का ध्यान रखें कि आप क्या सोचते हैं। शब्द गौण हैं, विचार रहते हैं, वे दूर तक यात्रा करते हैं।

जब तक आप खुद पर विश्वास नहीं करते, तब तक आप भगवान पर विश्वास नहीं कर सकते।

जो सत्य है, उसे साहसपूर्वक बोलो, उसके परिणाम की चिंता मत करो।

सफलता का रहस्य यह है कि आप उस बात के प्रति सच्चे रहो, जिसमें आप विश्वास करते हो।

आपके सामने दो विकल्प हैं: पहला, एक पत्थर की तरह पड़े रहो, दूसरा, कुछ कर दिखाओ।

ज्ञान का प्रकाश अज्ञानता के अंधकार को दूर करता है।

 निष्कर्ष:

स्वामी विवेकानंद का जीवन एक उत्कृष्ट प्रेरणा का स्रोत है, जिसमें धर्म, सेवा, और राष्ट्र निर्माण के गहन संदेश निहित हैं। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि असंभव कुछ भी नहीं है, और आत्म-विश्वास, धैर्य, तथा सेवा की भावना से हम किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। वे भारतीय संस्कृति और धर्म के महान दूत थे, जिन्होंने अपने विचारों से न केवल भारत को बल्कि पूरे विश्व को प्रभावित किया। उनके विचार आज भी हमें प्रेरित करते हैं और समाज, राष्ट्र, और मानवता के प्रति हमारे कर्तव्यों की याद दिलाते हैं। स्वामी विवेकानंद का जीवन इस बात का प्रमाण है कि सच्चा धर्म वही है, जो मानवता की सेवा में निहित है, और उनका जीवन हमें अपने भीतर की शक्ति को पहचानने और उसे समाज एवं राष्ट्र की भलाई के लिए उपयोग करने का संदेश देता है। उनके विचार और शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करती रहेंगी।

इसे भी पढ़ें:

*****


21 अगस्त 2024

प्रेरक प्रसंग; जीवन की दिशा बदलने वाली कहानियाँ

प्रेरक प्रसंग, हमारे जीवन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे हमें जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने, संघर्षों का सामना करने और नई ऊँचाइयों को छूने की प्रेरणा देते हैं। प्रेरक प्रसंग हमें न केवल आशा और साहस प्रदान करते हैं, बल्कि यह भी सिखाते हैं कि कैसे हम अपने जीवन में बदलाव ला सकते हैं। इस लेख में, हम कुछ ऐसे प्रेरक प्रसंगों का जिक्र करेंगे जिससे अनगिनत लोगों की ज़िंदगी में बदलाव आया है।

स्रोत: ख्याल रखे

प्रेरक प्रसंग की शक्ति:-

प्रेरक प्रसंग केवल कहानियाँ नहीं होते; वरन् वे महान पुरुषों के जीवन के अनुभवों का सार होते हैं। ये न केवल उनके संघर्ष और सफलता की कहानी होती है, बल्कि हम सबके जीवन के लिए प्रेरणादायक और मार्गदर्शक भी होती हैं। ये प्रसंग हमें यह दिखाते हैं कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हो, हम अपने संकल्प और साहस से उनको पार कर सकते हैं।

१. महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का सिद्धांत:

(जन्म: २ अक्टूबर सन् १८६९ ई. पोरबंदर गुजरात, मृत्यु: ३० जनवरी सन् १९४८, बिड़ला हाउस, दिल्ली) 

महात्मा गांधी का जीवन प्रेरणा का एक अमूल्य स्रोत है। उनका सत्य और अहिंसा का सिद्धांत एक ऐसा प्रेरक प्रसंग है, जिसने पूरी दुनिया में स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा दी। गांधीजी का जीवन एक साधारण व्यक्ति का जीवन था, लेकिन उन्होंने अपने आदर्शों और सिद्धांतों के माध्यम से असाधारण कार्य किए। उन्होंने हमें सिखाया कि सच्चाई और अहिंसा से ही हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

२. स्वामी विवेकानंद का शिकागो भाषण:

(जन्म: १२ जनवरी सन् १८६३ ई., कोलकाता, मृत्यु: ४ जुलाई सन् १९०२, बेलूर-मठ कोलकाता) 

स्वामी विवेकानंद का शिकागो में दिया गया भाषण एक ऐतिहासिक घटना है, जो भारतीय संस्कृति और धर्म की महानता का विश्वभर झंडा गाड़ दिया। ११ सितम्बर सन् १८९३ ई. में विश्व धर्म महासभा में स्वामी विवेकानंद ने अपने संबोधन की शुरुआत "मेरे अमेरिकी भाइयों और बहनों" से की, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। उनका भाषण न केवल भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ाने वाला था, बल्कि उन्होंने दुनिया को यह सिखाया कि सभी धर्म समान हैं और हमें आपस में प्रेम और सद्भाव से रहना चाहिए।

३. हेलेन केलर का जीवन:

(जन्म: २७ जून सन् १८८० ई., टस्काम्बिया सं. रा. अमेरिका, मृत्यु; १ जून सन् १९६८ ई., ईस्टन कनेक्टिकट सं. रा. अमेरिका) 

हेलेन केलर का जीवन उन सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक है, जो शारीरिक अक्षमताओं के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं। विकिपीडिया के अनुसार, हेलेन एडम्स केलर एक अमेरिकी लेखक, राजनीतिक कार्यकर्ता और आचार्या थीं। उनका जन्म अमेरिका के टस्काम्बिया में हुआ था। जन्म के समय तो वे बिल्कुल स्वस्थ थीं किन्तु मात्र १९ महीने बाद वे किसी अज्ञात बीमारी के कारण अंधी, गूंगी और बहरी हो गयीं। इतनी बड़ी शारीरिक अक्षमताओं के बावजूद उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प तथु अपने गुरु एनि सुलिवन की मदद से शिक्षा प्राप्त की और दुनियाँ की पहली दृष्टिहीन और श्रवणबाधित महिला बनीं जिन्होंने स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उनके जीवन ने यह सिखाया कि, "हमारी शारीरिक सीमाएं और अक्षमताएं, हमारी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि हमारे पास साहस और दृढ़ संकल्प की शक्ति हो।"

४. अब्दुल कलाम का जीवन:

(जन्म: १५ अक्टूबर सन् १९३१ ई. धनुषकोडी गाँव, रामेश्वरम, मृत्यु: २७ जुलाई सन् २०१५ शिलांग)

भारतरत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जो मिसाइल मैन और जनता के राष्ट्रपति के नाम से भी जाने जाते हैं। उनका जीवन उन सभी के लिए प्रेरणादायक है जो साधारण परिस्थितियों से ऊपर उठकर असाधारण लक्ष्य प्राप्त करना चाहते हैं। अब्दुल कलाम पूरा नाम अबुल पाकिर जैनुलअब्दीन अब्दुल कलाम था। एक छोटे से गाँव के बहुत ही साधारण परिवार में उनका जन्म हुआ था। उनके पिता जैनुलअब्दीन, गाँव में मछुआरों को किराये पर नाव दिया करते थे। अब्दुल कलाम बचपन में अखबार भी बेंचा करते थे। कलाम साहब ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से भारत के लोकप्रिय राष्ट्रपति बनने का गौरव भी प्राप्त किया। उनका जीवन इस बात का प्रतीक है कि मनुष्य यदि ठान ले तो परिस्थितियों की परवाह किये बिना, अपनी शिक्षा और मेहनत से वे किसी भी ऊँचाई तक पहुँच सकते हैं। 

५. मदर टेरेसा का सेवा कार्य:

(जन्म: २६ अगस्त सन् १९१० ई. स्कोप्ज़े, उत्तरी मेसिडोनिया, मृत्यु: ५ सितम्बर सन् १९९७ ई. कोलकाता) 

मदर टेरेसा ने अपना पूरा जीवन दूसरों की सेवा में लगा दिया। उन्होंने गरीबों, बीमारों और बेसहारा लोगों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके सेवा कार्य ने दुनिया को यह सिखाया कि सच्ची सेवा वह होती है जो निःस्वार्थ भाव से की जाती है। उन्होंने हमें यह सिखाया कि इंसानियत की सबसे बड़ी सेवा दूसरों की मदद करना है, चाहे वह किसी भी रूप में हो। उनकी इस सेवा कार्य के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार और भारत रत्न जैसी उपाधियों से अलंकृत किया गया। 

६. नेल्सन मंडेला का संघर्ष:

(जन्म: १८ जुलाई सन् १९१८ ई. म्वेज़ो, द. अफ़्रीका, मृत्यु: ५ दिसम्बर सन् २०१३ ई., ह्यूटन एस्टेट, जोहानसबर्ग, द. अफ़्रीका) 

नेल्सन मंडेला का जीवन संघर्ष और साहस का अद्वितीय उदाहरण है। दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ उनके संघर्ष ने उन्हें २७ साल तक जेल में रखा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उनकी लड़ाई ने दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद की व्यवस्था को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंततः वे दक्षिण अफ्रीका के प्रथम अश्वेत राष्ट्रपति बने। मंडेला का जीवन हमें सिखाता है कि सच्चे नेतृत्व और साहस के साथ हम सबसे बड़ी चुनौतियों का भी सामना कर सकते हैं।

७. रतन टाटा की उदारता:

(जन्म सन् २८ दिसंबर सन् १९३७ ई., मुंबई)

रतन टाटा का जीवन और उनका व्यावसायिक दृष्टिकोण हमें यह सिखाता है कि व्यापार केवल लाभ कमाने के लिए नहीं है, बल्कि समाज की भलाई के लिए भी होना चाहिए। टाटा ग्रुप ने रतन टाटा की अध्यक्षता में ३१ जनवरी सन् २००७ में कोरस समूह जो एक एंग्लो-डच अल्युमिनियम और स्पात निर्माता है, को अधिग्रहित किया और उसके अगले ही साल उन्हीं की अध्यक्षता में २६ मार्च सन् २००८ में प्रसिद्ध मोटर कम्पनी फोर्ड से जगुआर एंड लैंड रोवर को २.३० अरब डॉलर में खरीद लिया। उन्होंने अपने व्यवसाय के माध्यम से समाज की सेवा करने का संदेश दिया। उनकी उदारता और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व बना दिया है।

८. जे. के. रोलिंग का संघर्ष:

(जन्म: ३१ जुलाई सन् १९६५ यूनाइटेड किंगडम) 

प्रसिद्ध लेखिका जुआन कैथोलिन रोलिंग का जीवन संघर्ष और असफलता से सफलता की यात्रा का प्रतीक है। वे आर्थिक कठिनाइयों और असफलताओं के बावजूद, उन्होंने अपने लेखन के प्रति समर्पण को बनाए रखा। वे वर्तमान समय की सबसे प्रसिद्ध लेखिकाओं में से एक हैं। अंग्रेज़ी में लिखा हुआ उनका उपन्यास क्रम, "हैरी पॉटर" इक्कीसवीं सदी का सबसे प्रसिद्ध उपन्यास है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि चाहे हमारे पास कितनी भी असफलताएँ क्यों न हों, यदि हम अपने सपनों के प्रति वफादार रहते हैं, तो सफलता अवश्य मिलती है।

९. हेनरी फोर्ड का उद्योग जगत में योगदान:

(जन्म: ३० जुलाई सन् १८६३ ई., मृत्यु: ७ अप्रैल सन् १९४७ ई.) 

प्रसिद्ध अमेरिकी उद्योगपति हेनरी फोर्ड का जीवन उद्योग और नवाचार का प्रतीक है। फोर्ड मोटर कम्पनी के संस्थापक के रूप में उन्हें अमेरिका में मध्यम वर्ग के आय वाले लोगों के लिए सस्ते वाहन बनाने के लिए प्रमुखता से जाना जाता है। उन्होंने ऑटोमोबाइल उद्योग में क्रांति लाकर यह दिखाया कि कैसे एक विचार और समर्पण के साथ हम पूरी दुनिया को बदल सकते हैं। उनकी 'मॉडल टी' कार ने न केवल वाहन उद्योग को बदल दिया, बल्कि पूरी दुनिया में परिवहन के साधनों को भी सुलभ बना दिया। उनका जीवन सिखाता है कि नवाचार और दृढ़ संकल्प के साथ हम किसी भी उद्योग में बदलाव ला सकते हैं।

१०. अल्बर्ट आइंस्टीन का विज्ञान में योगदान:

(जन्म: १४ मार्च सन् १८७९ ई. जर्मनी, मृत्यु: १८ अप्रैल सन् १९५५ ई. न्यू जर्सी, सं. रा. अमेरिका) 

विश्व विख्यात भौतिकविद् अल्बर्ट आइंस्टीन का जीवन विज्ञान के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान का उदाहरण है। उन्होंने अपने द्रव्यमान-ऊर्जा समीकरण E = mc² और सापेक्षता के सिद्धांत से विज्ञान की दुनिया में एक नई क्रांति लाई। उनके शोध और आविष्कार ने आधुनिक विज्ञान को एक नई दिशा दी। आइंस्टीन का जीवन हमें सिखाता है कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण और निरंतर प्रयास से हम किसी भी क्षेत्र में असाधारण योगदान दे सकते हैं।

प्रेरक प्रसंग का प्रभाव:-

प्रेरक प्रसंगों का प्रभाव अत्यधिक गहरा होता है। ये प्रसंग न केवल हमें प्रेरित करते हैं, बल्कि हमें अपने जीवन में कुछ सार्थक करने के लिए प्रेरित भी करते हैं। जब हम इन कहानियों को सुनते या पढ़ते हैं, तो हम अपने अंदर एक नई ऊर्जा का अनुभव करते हैं। यह ऊर्जा हमें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करती है।

समाज में प्रेरक प्रसंगों का महत्व:-

समाज में प्रेरक प्रसंगों का महत्व अत्यधिक होता है। ये प्रसंग समाज में सकारात्मकता फैलाने का काम करते हैं। जब लोग इन कहानियों को सुनते या पढ़ते हैं, तो उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिलती है। यह प्रेरणा न केवल व्यक्तिगत जीवन में बदलाव लाती है, बल्कि समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होती है।

प्रेरक प्रसंग और शिक्षा:-

शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रेरक प्रसंगों का विशेष महत्व होता है। शिक्षक इन प्रसंगों का उपयोग करके छात्रों को प्रेरित कर सकते हैं। यह न केवल छात्रों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है, बल्कि उनके व्यक्तित्व के विकास में भी सहायक होता है। प्रेरक प्रसंग छात्रों को यह सिखाते हैं कि असफलता का डर उन्हें अपने लक्ष्यों से दूर नहीं कर सकता, यदि वे दृढ़ निश्चय और समर्पण के साथ आगे बढ़ें।

व्यक्तिगत विकास में प्रेरक प्रसंगों की भूमिका:-

प्रेरक प्रसंग समारे व्यक्तिगत विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे हमें जीवन की कठिनाइयों का सामना करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देते  हैं। इनसे हमें यह सिखने को मिलता है कि परिस्थिति चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हो, हम अपने दृढ़-संकल्प और साहस से उस पर विजय प्राप्त कर सकते हैं तथा हम अपनी कमजोरियों को अपनी ताकत बना सकते हैं। ये हमें यह भी सिखाते हैं कि जीवन में कोई भी चुनौती इतनी बड़ी नहीं होती कि उसे पार न किया जा सके साथ ही ये हमें आत्मविश्वास, साहस और संकल्प की ओर अग्रसर करते हैं। प्रेरक प्रसंग हमें जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने और संघर्षों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। इसलिए, इन प्रेरक प्रसंगों को अपने जीवन में अपनाना और उनसे सबक सीखना हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

*****

30 अप्रैल 2024

कालजयी क्षत्रपति वीर शिवाजी महाराज का जीवनचरित्र

छत्रपति शिवाजीराजे भोसले (सन् १६३० - १६८० ईस्वी) भारत के एक महान राजा, निपुण योद्धा एवं कुशल रणनीतिकार थे जिन्होंने सन् १६७४ ईस्वी में पश्चिमी भारत में मराठा साम्राज्य की नींव रखी। इसके लिए उन्होंने मुगल शासक औरंगज़ेब और बीजापुर के सुल्तान से कड़ा संघर्ष किया। सन् १६७४ ईस्वी में रायगढ़ में उनका राज्याभिषेक हुआ और वह "छत्रपति" राजा बने।

सौजन्य: मराठी विकिपीडिया

संक्षिप्त जीवन परिचय:-

जन्म    :   १९ फरवरी सन् १६३० ईस्वी                           

मृत्यु     :  ३ अप्रैल सन् १६८० ईस्वी                            

पिता    :   शाहजीराजे भोसले                                           

माता    :   जीजाबाई                                                      

संतान  :   सम्भाजी, राजाराम, राणुबाई                            

वंश     :   भोंसले (कुर्मिक्षत्रिय)                          

राज्याभिषेक: ६ जून सन् १६७४ ईस्वी                            

शासनावधि : ६ जून सन् १६७४ से ३ अप्रैल १६८० ईस्वी तक

छत्रपती शिवाजी महाराज ने अपनी अनुशासित सेना एवं सुसंगठित प्रशासनिक इकाइयों की सहायता से एक योग्य एवं प्रगतिशील प्रशासन प्रदान किया। उन्होंने समर-विद्या में छापामार युध्द या गोरिल्ला युद्धनीति की नई युद्ध-शैली विकसित की। उन्होंने प्राचीन हिन्दू राजनीतिक प्रथाओं तथा दरबारी शिष्टाचारों को पुनर्जीवित किया और मराठी तथा संस्कृत को राजकाज की भाषा बनाया। 

प्रारंभिक जीवन:-

मालोजीराजे भोसले (सन् १५५२ - १५९७ ईस्वी) अहमदनगर सल्तनत के एक प्रभावशाली सेनानायक थे एवं पुणे, चाकण और इंदापुर के देशमुख थे। मालोजीराजे के बेटे शाहजीराजे भी बीजापुर के सुल्तान के दरबार में बहुत प्रभावशाली राजनेता थे। शाहजी राजे और उनकी पत्नी जीजाबाई से शिवाजी का जन्म १९ फरवरी, सन् १६३० ईस्वी को शिवनेरी के दुर्ग में हुआ था। उनके पिता शाहजीराजे भोंसले एक शक्तिशाली सामंत राजा थे तथा उनकी माता जीजाबाई अत्यंत प्रतिभाशाली महिला थी। शिवाजी के बड़े भाई का नाम सम्भाजीराजे था। शाहजीराजे की दूसरी पत्नी तुकाबाई मोहिते थीं। उनसे एक पुत्र हुआ जिसका नाम व्यंकोजीराजे था। शिवाजी महाराज के जीवनचरित्र पर वैसे तो माता-पिता दोनों का ही प्रभाव था फिर भी शिवाजी की माता बड़ी ही धार्मिक प्रवृत्ति की असाधारण महिला थीं जिनका शिवाजी के जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा। उनका बचपन उनकी माता के मार्गदर्शन में बीता। उन्होंने राजनीति एवं युद्ध की शिक्षा ली थी। वे उस युग के वातावरण और घटनाओं से भलीभाँति परिचित थे। उनके हृदय में स्वाधीनता की लौ बाल्यकाल में ही प्रज्ज्वलित हो गयी थी। 

शिवाजी का विवाह १४ मई सन् १६४० ईस्वी में सईबाई के साथ लालमहल, पुणे में हुआ था। सईबाई शिवाजी की पहली और प्रमुख पत्नी थीं। वह अपने पति के उत्तराधिकारी सम्भाजी की मां थीं। शिवाजी कुल ८ विवाह किए थे। वैवाहिक राजनीति के जरिए उन्होंने सभी मराठा सरदारों को एक छत्र के नीचे लाने में सफलता प्राप्त की।

मुगलों से युद्ध और शाइस्ता खां का अपनी जान बचा कर भागना:-

शिवाजी महाराज ने मुगलों की नाक में दम कर दिया था और वे भारत में उनके विस्तार को भी रोक दिया था। इसीलिए शिवाजी महाराज, मुगल बादशाह औरंगजेब के आंखों की किरकिरी बने हुए थे। अच्छा मौका देख, औरंगजेब ने अपने मामा और प्रमुख सेनापति शाइस्ता खां को एक लाख की विशाल फौज के साथ शिवाजी को पकड़़ने के लिए भेजा। उसकी बीस हजार फौज ने चाकण का किला घेर लिया और अस्सी हजार फौज के साथ वह स्वयं शिवाजी के पूना वाले लालमहल में जाकर डेरा डाल दिया। इस प्रकार शिवाजी महाराज चारों तरफ से घिर गए परंतु उन्होंने अपना धीरज नहीं खोया।

Source: Facebook

जब शिवाजी महाराज को चार महीने पन्हालगढ़ में घिरे हुए हो गये तब वे वहाँ से निकल जाना ही उचित समझा। जुलाई सन् १६६० ईस्वी की एक घनघोर वर्षा की रात में शिवाजी महाराज केवल ६०० सैनिकों के साथ किले के गुप्त द्वार से निकल कर दुश्मनों से जूझते हुए ५० मील की दूरी पर स्थित विशालगढ़ पहुँच तो गये, परंतु उन्हें चैन नहीं था। वे अपने मुख्य सरदारों से मंत्रणा कर सन् १६६२ ईस्वी की चैत्र रामनवमी के दिन अपने साथ केवल चार सौ सैनिकों को साथ लेकर दुश्मन की एक लाख सेना से भिड़़ने निकल पड़े। इतिहास में इस तरह की यह इकलौती घटना है। उन दिनों रमजान का महीना था। मुगल सैनिक रात में भरपेट खाना खाकर और शराब पीकर अधिकांश तो सो गए थे और कुछ सोने की तैयारी में थे। इसी समय शिवाजी अपने उस मुट्ठी भर सैनिकों के साथ उन पर आक्रमण कर दिया। 

शाइस्ता खां भी अपने बड़े हरम में आराम से सो रहा था। तभी शिवाजी फुर्ती से खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हो गये। कुछ पहरेदार जब तक हरकत में आते, शिवाजी के सैनिकों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया। लगातार आती आवाजों से शाइस्ता खां की नींद टूट गयी। अभी वह कुछ समझ पाता कि तलवार लिये सामने शिवाजी दिखाई दिए। परंतु उसका नसीब अच्छा था कि उसकी बेगम ने उसी वक्त बत्ती बुझा दी और शाइस्ता खां पीछे की खिड़की से कूद गया। उसकी तीन अंगुलियाँ महाराज की तलवार से कट गयीं परंतु शाइस्ता खां बच निकला। मुगल सैनिक एकदम सकते में आ गये और कहने लगे, "शिवाजी के वश में जिन्नात हैं तभी तो इतने बड़े पहरे में भी वह खां-साहब की अंगुलियाँ तराशकर फरार हो गया।" इधर शाइस्ता खां डर के मारे पूना छोड़कर आगरा भाग गया।

बीजापुर से संघर्ष और अफजल खां का बध:-

  Source: Lokmat News Hindi

शिवाजी महाराज के विरुद्ध, बीजापुर के सुल्तान की माँ ने शिवाजी को पकड़ने का बीड़ा रखा। शिवाजी महाराज के डर से बीड़ा उठाने की हिम्मत किसी में भी नहीं हुई। आखिरकार, दैत्याकार अफ़जल खां ने उस बीड़ा को उठाया और वह एक लाख बीस हजार सैनिकों के साथ सन् १६५९ ईस्वी में शिवाजी महाराज को पकड़ने के लिए वहाँ से कूच किया। वह सन्धिवार्ता हेतु अपने दूत कृष्णजी भास्कर को शिवाजी के पास भेजा परंतु शिवाजी महाराज ने कृष्णजी भास्कर को उचित सम्मान देकर अपने ही दरबार में रख लिया। अपने दूत गोपीनाथ और कृष्णजी भास्कर से मिली खबर से शिवाजी को पता चला कि सन्धि की आड़ में अफजल खां, उन्हें बन्दी बनाना चाहता है। अतः उन्होंने युद्ध के बदले अफजल खां को सन्धि-वार्ता के लिए राजी किया। १० नवंबर सन् १६५९ ईस्वी को तय स्थान पर जब दोनों मिले तब अफजल खां ने छुपाये हुए कटार से पहले शिवाजी पर वार किया परंतु शिवाजी ने बड़ी ही फुर्ती से अपना बचाव करते हुए अफजल खां को अपने वस्त्रों में छुपे बघनखों से चीरकर मार डाला। 

शिवाजी का मुगल बादशाह औरंगजेब की कैद से बच निकलना:-

Source: TV9 Bharatvarsh

शिवाजी की बढ़ती हुई शक्ति से चिंतित हो कर मुगल बादशाह औरंगजेब ने अपने सबसे प्रभावशाली सेनापति मिर्जा राजा जयसिंह के नेतृत्व में लगभग एक लाख सैनिकों की बड़ी फौज भेजा। शिवाजी महाराज को औरंगजेब की हिन्दुओं को हिन्दुओं से ही लड़ाने वाली कूटनीतिक चाल का जब पता चला तब भारी रक्तपात से बचने के लिए शिवाजी ने राजा जयसिंह से संधि की पेशकश की। दोनों, संधि की शर्तों पर सहमत हो गए। २२ जून सन् १६६५ ईस्वी को 'पुरन्दर की सन्धि' के अनुसार अपनी सुरक्षा का पूर्ण आश्वासन पाकर छत्रपति शिवाजी महाराज आगरा के दरबार में औरंगजेब से मिलने के लिए चल दिए। वे ९ मई सन् १६६६ ईस्वी को अपने पुत्र शम्भाजी एवं अपने चार हजार मराठा सैनिकों के साथ मुगल दरबार में सीना तानकर उपस्थित हुए। यह बात औरंगजेब को बड़ी नागवार लगी। अतः औरंगजेब ने दरबार में उनकी उपेक्षा की और उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। जिससे शिवाजी महाराज गुस्से में आकर भरे दरबार से बाहर निकल गये। जिसके कारण औरंगजेब ने शिवाजी एवं उनके पुत्र को "जयपुर भवन" में कैद कर दिया और वहां पर कड़ा पहरा लगा दिया। कैद में ज्यादा दिनों तक पड़े रहने से वीर शिवाजी बीमार रहने लगे और खाना-पीना छोड़ दिया। यह जानकर मुगल पहरेदार बहुत खुश हुए कि शिवाजी अब खुद-बा-खुद मर जायेगा और इस तरह उनकी तरफ से वे थोड़े लापरवाह रहने लगे। आखिरकार! लगभग तीन महीने बाद शिवाजी महाराज १३ अगस्त सन् १६६६ ईस्वी को वहां से फलों की टोकरी में छिपकर फरार होने में कामयाब हो गये और २२ सितम्बर सन् १६६६ ईस्वी को वे रायगढ़ पहुंचे। यह शिवाजी महाराज के जीवन की सबसे आश्चर्यजनक घटना है। 

दुर्गों पर आक्रमण और उनका साम्राज्य विस्तार:-

उस समय बीजापुर का राज्य, आपसी संघर्ष तथा विदेशी आक्रमण के दौर से गुजर रहा था। ऐसे साम्राज्य के सुल्तान की सेवा करने के बजाय शिवाजी मावलों को बीजापुर के खिलाफ़ संगठित करने लगे। मावल प्रदेश १५० किलोमीटर लम्बा और ३० किलोमीटर चौड़ा एक क्षेत्र है जो पश्चिमी घाट से जुड़ा है। इस प्रदेश में मराठाओं के साथ और सभी जाति के लोग रहते हैं। शिवाजी महाराज इन सभी जाति के लोगों को "मावल" नाम देकर संगठित किया। जब बीजापुर का सुल्तान आदिलशाह बीमार पड़ा तो बीजापुर में अराजकता फैल गई तब शिवाजी महाराज ने अवसर का लाभ उठाकर बीजापुर के दुर्गों पर अधिकार करने की नीति अपनाई और चढ़ाई कर, सबसे पहले रोहिदेश्वर के दुर्ग पर कब्जा किया फिर तोरणा का दुर्ग। उसके बाद राजगढ़ के दुर्ग पर शिवाजी का अधिकार हो गया। तत्पश्चात् चाकण और फिर शिवाजी महाराज के ही तानाजी मालुसरे ने कोंडना दुर्ग पर कब्जा किया परंतु उस  युद्ध में तानाजी वीरगति को प्राप्त हुए। उन्हीं की याद में कोंडना दुर्ग का नाम सिंहगढ़ रखा गया। 

इसी समय पुरन्दर के किलेदार की मृत्यु हो गई और किले के उत्तराधिकार के लिए उसके तीनों बेटों में लड़ाई छिड़ गई। दो भाइयों के निमंत्रण पर शिवाजी महाराज पुरन्दर पहुंचे और कूटनीति का सहारा लेते हुए उन्होंने सभी भाइयों को बन्दी    बना लिया। इस तरह पुरन्दर के किले पर भी उनका अधिकार स्थापित हो गया। जैसे ही शिवाजी ने पुरंदर और तोरण जैसे किलों पर अपना अधिकार जमाया, उनकी शोहरत सारे दक्षिण भारत में फैल गई और यह खबर आग की तरह आगरा तथा दिल्ली तक जा पहुंची थी। 

शिवाजी महाराज ने आबाजी सोनदेव के नेतृत्व में कोंकण सहित नौ अन्य दुर्गों पर अधिकार कर लिया। इसके अलावा ताला, मोस्माला और रायटी के दुर्ग भी उनके अधीन आ गए थे। अफजल खां की मृत्यु के बाद शिवाजी ने पन्हाला के दुर्ग पर अपना अधिकार कर लिया। इसके बाद तो पवनगढ़, वसंतगढ़, राजापुर और दावुल भी उनके कब्जे में आ गया। 

शिवाजी महाराज की शासन व्यवस्था और व्यक्तित्व:-

४ अक्टूबर सन् १६७४ ईस्वी को शिवाजी महाराज ने "छत्रपति" की उपाधि ग्रहण की। इस समारोह में हिन्दू स्वराज की स्थापना का उद्घोष किया गया। विजयनगर के पतन के बाद दक्षिण भारत में यह पहला हिन्दू साम्राज्य था। एक स्वतंत्र शासक की तरह उन्होंने अपने नाम का सिक्का चलवाया। शिवाजी महाराज को एक कुशल और प्रबुद्ध शासक के रूप में जाना जाता है। उनकी वीरगाथा का यशगान करते हुए वीर-रस के प्रसिद्ध कवि भूषण अपने ग्रंथ, "शिवा बावनी" में लिखते हैं कि, "शिवा को बखानौ कि बखानौ क्षत्रशाल को.......।" 

यद्यपि उनको अपने बचपन में पारम्परिक शिक्षा कुछ खास नहीं मिली थी, पर वे भारतीय इतिहास और राजनीति से सुपरिचित थे। उन्होंने शुक्राचार्य तथा कौटिल्य को अपना आदर्श मानते हुए उन्होंने आवश्यकतानुसार कूटनीति का सहारा लेना उचित समझा था। अपने समकालीन मुगलों की तरह वे भी एक निरंकुश शासक थे। अर्थात् शासन की समूची बागडोर उनके हाथ में ही थी पर उनके प्रशासनिक कार्यों में मदद के लिए आठ मंत्रियों की एक परिषद थी जिन्हें अष्टप्रधान कहा जाता था। इसमें मंत्रियों के प्रधान को पेशवा कहते थे जो राजा के बाद सबसे प्रमुख हस्ती हुआ करता था। 

मराठा साम्राज्य तीन-चार विभागों में विभक्त था। प्रत्येक प्रान्त में एक सूबेदार था जिसे प्रान्तपति कहा जाता था। हरेक सूबेदार के पास भी एक अष्टप्रधान समिति होती थी। कुछ प्रान्त केवल करदाता थे परंतु प्रशासन के मामले में स्वतंत्र। न्यायव्यवस्था प्राचीन पद्धति पर आधारित थी। हिन्दू धर्मशास्त्रों को आधार मानकर निर्णय दिया जाता था। राज्य की आय का साधन, भूमि से प्राप्त होने वाला कर था। इसके अलावा चौथ और सरदेशमुखी से भी राजस्व वसूला जाता था। 'चौथ' पड़ोसी राज्यों की सुरक्षा की गारंटी के लिए वसूला जाने वाला कर था। शिवाजी महाराज, अपने को मराठों का "सरदेशमुख" कहते थे और इसी हैसियत से सरदेशमुखी कर वसूला जाता था।

शिवाजी महाराज का पर-नारी के प्रति मातृत्व भाव:-

क्षत्रपति शिवाजी महाराज कुशल योद्धा, महान शासक के साथ-साथ उच्च कोटि के चरित्रवान भी थे। वे अपने राजदरबार में संस्कार और चरित्र को लेकर उच्च पैमाने स्थापित किए थे। वे पराई नारी में मातृदर्शन करते थे। इतिहास में इससे संबंधित एक बड़ी ही रोचक घटना का वर्णन मिलता है-

सन् १६५७ ईस्वी के अक्टूबर महीने की एक सुहानी संध्या। शिवाजी महाराज देवी-भवानी के मंदिर से बाहर निकले तो चकित रह गये। खच्चरों और बैलों का लम्बा सा कारवां- हीरे, पन्नों और जवाहरातों से भरे हुए, सोने-चांदी से दबे पशु धीरे-धीरे किले में प्रवेश कर रहे थे। पंतप्रधान मोरोपंत ने उनकी जिज्ञासा शांत की और बोले, "महाराज! वीर सेनापति आबाजी सोनदेव ने कल्याण के सूबे पर अधिपत्य कर लिया है और लूट का बहुत सामन लेकर आये हैं।" शिवाजी ने आबाजी को गले से लगाते अपने बहुमूल्य कंठहार से पुरस्कृत किया। परंतु वहाँ पालकी देखकर चौंकते हुए पूछा, "इस पालकी में क्या है?" आबाजी ने मुस्कराते हुए जबाब दिया, "महाराज! इस पालकी में कल्याण की सबसे सुंदर नाजनीन, मुल्ला अहमद की पुत्रवधू है जिसकी खूबसूरती की शोहरत पूरे महाराष्ट्र में फैली हुई है।" आबाजी अपनी इस सफलता पर फूले नहीं समा रहे थे; परंतु शिवाजी अत्यंत विचलित हो उठे। 

शिवाजी ने देखा कि हीरे-जवाहरातों से सजी हुई एक परम सुंदर नवयुवती सहमी सी एक ओर खड़ी है। कुछ देर तक वे उसकी ओर अपलक देखते रहे। फिर कहने लगे, "बहन! उम्र में तुम मुझसे छोटी हो; पर तुममें मुझे अपनी माताजी दिखाई देती हैं। फर्क इतना ही है कि परमात्मा ने तुम्हें अतुलनीय सौन्दर्य दिया है। काश! इस सौन्दर्य का अंशमात्र भी मेरी माँ को मिल जाता तो उन्हें दुहाग (पति के जीवित होते हुए किसी स्त्री को विधवा जैसी जिंदगी जीना) का दुख नहीं सहन करना पड़ता और मैं भी सुन्दर होता। मेरे सेनापति ने तुम्हारा अपमान किया है। जिस धारणा से वह तुम्हें यहाँ ले आया, उसे सोचकर लज्जा से मेरा सिर झुका जा रहा है। खैर! तुम चिंता मत करो। तुम्हें इज्जत के साथ तुम्हारे शौहर के पास पहुंचा दिया जायेगा। 

शिवाजी महाराज क्रोध से कांपते हुए आबाजी से कहा, "तुमने अपनी मूर्खता से इतनी बड़ी जीत को हार में बदल दिया। क्या कभी भी मेरे अंदर इस प्रकार की इच्छा का आभास तुम्हें हुआ? आबाजी! तुमने मेरी इज्जत में बट्टा लगा दिया। यदि राजा स्वयं अपना शील खो बैठेगा तो सैनिकों और प्रजा का क्या होगा? कसूर तो तुम्हारा इतना है कि तुम्हें इसी वक्त फांसी पर लटका दिया जाय। चूंकि; मैं इस समय मैं क्रोध में हूँ इसलिए तुम्हारा फैसला, प्रधानमंत्री-मोरोपंत पर छोड़ता हूँ।"

प्रधानमंत्री मोरोपंत हाथ जोड़कर शिवाजी महाराज से विनती की, "महाराज! यह उसका पहला अपराध है, इसलिए उसे कृपा कर क्षमादान दिया जाय।" वह सुंदरी जिसके मन में शिवाजी महाराज को लेकर पहले तो नाना प्रकार की शंकाएं और दुर्भावनाएं थीं। परंतु यह दृश्य देखकर तो वह समझ नहीं पा रही थी कि "शिवाजी महाराज इंसान हैं या इंसान के वेश में कोई फरिश्ता।" उसकी आंखों से अश्रु की अविरल धारा बहने लगी। शिवाजी महाराज अपनी उस मुंहबोली बहन को सुसज्जित पालकी में बिठा कर पूरे सम्मान एवं प्रचुर दहेज के साथ वहाँ से विदा किया। वही आबाजी सोनदेव अब उसे अपनी सुरक्षा में उसे विदा करने जा रहा था। 

सार:-

छत्रपति शिवाजी महाराज अपने अदम्य साहस और वीरता से हिन्दू साम्राज्य की स्थापना उस समय की; जब मुगल आक्रमणकारियों का जुल्म, शोषण, अन्याय अपनी चरम सीमा पर था। उनके द्वारा हमारी माताओं-बहनों पर अत्याचार के साथ-साथ हमारे प्राकृतिक संसाधनों की लूट, हिंदू संस्कृति को नष्ट करने और हिन्दुओें को आपस में ही लड़ाने की खौफनाक साजिश से जब पूरा देश पीड़ित था। 

शिवाजी महाराज की वीरता और सूझबूझ के अनेक कारनामे, जिनमें आगरा से उस वहशी औरंगज़ेब की कैद से फरार होना, अपने से अधिक ताकतवर अफजल खां का वध करना, शाइस्ता खां की उंगलियां काट कर उसे पूना से भागने पर विवश करना। कैसे तानाजी मालुसरे ने अपने बेटे की शादी छोड़ कर कोंडाना किला फतह करने में अपनी जान गंवा दी थी? यह सब जानना हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत एवं गर्व का विषय है। छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता, चरित्र और उनके आदर्शों की कहानियों से हमें अपने बच्चों को भी अवगत कराना चाहिए।

हमारा इतिहास तो विदेशी आक्रमणकारियों, मुग़ल-शासकों की गाथाएँ, अंग्रेजी हुकूमत और स्वतंत्रता संग्राम इत्यादि में ही सिमट कर रह जाता है। परंतु यह है देश का असली इतिहास जहाँ १६ साल का एक लड़का जो अपने रक्त से शपथ लेता है कि वह हिंदू स्वराज्य की स्थापना करके ही रहेगा। उसके पास ना तो धन है, ना तो कोई बड़ी लावलश्कर है और ना ही कोई बड़ा सहारा। आदिलशाही सल्तनत और औरंगज़ेब जैसे क्रूर और निर्दयी शासक से उनका टक्कर लेना बेहद रोमांचक है। ऐसे शौर्य एवं पराक्रम की प्रतिमूर्ति, महान शासक, कालजयी छत्रपति वीर शिवाजी महाराज को कोटिशः नमन!!! 

इसे भी पढ़ें:

आर्थिक पुनर्निर्माण के अग्रदूत जमशेदजी टाटा

*****

30 दिसंबर 2023

आर्थिक पुर्ननिर्माण के अग्रदूत जमशेदजी टाटा

दिल्ली में लोहे की एक बड़ी ऊंची लाट है। उसके संबंध में कहा जाता है कि इसको बनाने के लिए जिस उच्च कोटि की धातु काम में लायी गयी है उससे बेहतर तो क्या उसकी बराबरी की लाट आज तक दुनियाँ में किसी ने नहीं बनायी है। इस लाट को देख रहा था एक व्यक्ति जिसके चेहरे पर सजी संवंरी दाढ़ी-मूछें थी और सिर पर पगड़ी थी। देखा दूर से भी और करीब से भी। फिर देख-परख कर वह व्यक्ति बिहार चला गया। वहाँ इधर-उधर न जाने क्या खोजता हुआ गाँव-गाँव और शहर-शहर घूमा। नदियों, पर्वतों और मैदानों में उस व्यक्ति ने न जाने क्या देखा? और बिहार के सिंहभूमि जिले में साक्वी नामक गाँव जो नदियों की संगम स्थली पर है, रुक गया। शायद उसकी वह चीज मिल गयी थी जिसकी उसे तलाश थी। और वह बुदबुदा उठा- "अब मेरा संकल्प साकार होगा, दिल्ली की लाट में इस्तेमाल की गई धातु से बेहतर धातु मैं बनाऊंगा।" यह संकल्प उसने दिल्ली की लाट का निरीक्षण करते समय ही कर लिया था और कच्चे लोहे की खोज कर रहा था जो संकल्प को साकार करने में सहायक बन सके। यहाँ उस व्यक्ति ने अपना काम आरंभ किया और अब स्थिति यह है कि उस स्थान पर स्थित बहुत बड़े कारखाने में सूई से लेकर रेल के इंजन तक सब कुछ बनता है। इतने व्यक्ति उस स्थान पर का काम करते हैं कि अब वह एक बड़ा जमशेदपुर नगर ही बन गया है। 

जमशेदपुर में बनी वस्तुएँ एशियाई और यूरोपीय देशों में सभी जगह जाती है और लोग उसके उत्पादक का नाम देखकर ही प्रमाणिकता को परखना जरूरी नहीं समझते। वह व्यक्ति और कोई नहीं बल्कि भारत के महान उद्योगपति जमशेदजी नौशेरवाँ जी टाटा ही थे जिन्होंने अपनी हर आवश्यकता की वस्तु को अपने ही देश में बनाने का सपना देखा था। वे चाहते थे कि भारतीयों की अपनी जरूरत की हर चीजें टिकाऊ हों, प्रमाणिक हों, कीमत में भी कम हों और अपने ही देश में बने। इस उद्देश्य से उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में नयी-नयी वैज्ञानिक खोजों के लिए, "इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज" की स्थापना भी की। यह संस्था आज भी उसी परंपरा में कार्यरत है।

संक्षिप्त जीवन-परिचय:

जन्म: ३ मार्च सन् १८३९ ई.

जन्म स्थान: नवसारी, गुजरात (भारत) 

मृत्यु: १९ मई सन् १९०४ ई., बेड नौहियम, (जर्मनी) 

आयु: ६५ वर्ष

पिता: नौशेरवाँ जी 

माता: जीवन बाई 

पत्नी: हीरा बाई दबू

बच्चे: २ बेटे- दोराबजी टाटा और रतनजी टाटा एवं २ बेटियां

धर्म: पारसी

गृहनगर: मुंबई (महाराष्ट्र) 

शिक्षा: मुंबई के एलफिंस्टन कॉलेज से स्नातक

राष्ट्रीयता: भारतीय

व्यवसाय: परोपकारी एवं महान उद्योगपति तथा टाटा समूह के संस्थापक

भारतवर्ष के आर्थिक कायाकल्प का सपना देखने वाले जमशेदजी का जन्म गुजरात के नवसारी नामक स्थान पर ०३ मार्च सन् १८३९ में हुआ था। उनका परिवार पारसी धर्मानुयायी था और पिता पारसियों की पूरोहिताई करते थे। उनके पूर्वज ईरान से चलकर भारत में आ बसे थे। अब यही उनका घर हो गया था। यह देश ही उनकी मातृभूमि बन गयी और विशिष्ट संस्कार-संपन्न जमशेदजी, अपनी मातृभूमि को हर दृष्टि से हरी-भरी और फली-फूली देखना चाहते थे। यूँ तो पारसी, स्वभाव से ही मेहनती और परिश्रमशील थे पर जमशेदजी के पिता अपनी पैतृक परंपरा से ही पारसियों में पुरोहिती करते आ रहे थे। अत: उनकी आर्थिक स्थिति ब्राह्मणों की सी ही थी, न संपन्न और न निर्धन।

उस समय नवसारी में कोई पाठशाला नहीं थी। अत: पिता ने अपने ही एक सजातीय शिक्षक बंधु के पास उनकी शिक्षा का प्रबंध कर दिया। बाद में उन्हें उच्च शिक्षा के लिए एल्फिंस्टन कालेज में भरती करवाया। पिता भी नवसारी छोड़ कर मुंबई आ गये। जिस मकान में वे रहते थे, वह एक ऊंचे मकान की छत पर बना एक घर था जिसकी छत खपरैलों की थी और इतनी नीची थी कि जब कभी बारिश होती या बूंदाबांदी होती तो खपरैलों पर गिरने वाली बूंदों की आवाज से आपस में कुछ कहना व सुनना संभव नहीं हो पाता। 

कुछ दिनों बाद छत पर बना वह कमरा गिर गया। संयोग या सौभाग्य से पिता और पुत्र उस समय बाहर आ गये थे। अत: किसी को कुछ भी नहीं हुआ। मुंबई में रहते हुए उनके पिता ने अपना पैतृक व्यवसाय छोड़ दिया और एक छोटा सा बैंक खोला, लेकिन यह बैंक भी ज्यादा दिन नहीं चला। इस प्रकार परिस्थितियों के चक्कर में पिता-पुत्र दोनों ही धक्के खाते रहे। 

सन् १८५८ ईस्वी में जमशेदजी, ग्रेजुएट की परीक्षा पास की। इसके बाद जमशेदजी का मन पढ़ाई में नहीं लगा और यहाँ से व्यवसायिक जीवन आरंभ करने का निश्चय किया। मुंबई की चमक-दमक और वहाँ के निवासियों का भड़कीला जीवन, इनको बहुत प्रभावित किया। वे सोचने लगे कि लोगों के तड़क-भड़क वाले जीवन से संबंधित नित-उपयोग में आने वाली वस्तुएँ कहाँ से आती हैं? जब इस जिज्ञासा का समाधान ढूंढ़ा तो पता चला कि ये वस्तुएँ विदेशों से आती हैं। अब जमशेदजी का विचारशील मन सोचने लगा कि इन सब वस्तुओं को आयात करने में अपने देश भारत का कितना धन विदेशों को चला जाता होगा? काश! इन सब चीजों को यहीं बनाया जाता। 

यह 'काश' शब्द ही उनके भावी जीवन का प्रवेश द्वार बना। कुछ प्रयास करके उनके पिता नौशेरवांजी पैसा कमाए और धीरे-धीरे बड़ा कारोबार करने लगे। बेटे, जमशेदजी को व्यापार के आवश्यक अनुभव प्राप्त करने के लिए हांगकांग भेजा पर वे जा पहुंचे लंदन। लंदन में उस समय रूई का भाव एकाएक चढ़ जाता और उतर जाता। यह क्रम अनेक बार चला। जमशेदजी ने इस अवसर को हाथ से जाने नहीं दिया और इसका लाभ उठाया। नतीजा यह हुआ कि जब ये भारत आये तो उनके पास नये-नये विचार और नयी-नयी योजनाएँ थीं। 

भारत आकर उन्होंने कपड़ा मिल खोलने का निश्चय किया और इसके लिए उपयुक्त स्थान की तलाश की। स्थान की कमी तो नहीं थी पर अंग्रेजी सरकार कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें हर बार रोक देती थी। अंत में। नागपुर में एक दलदली जगह पर अपनी सारी जमापूंजी लगा करके कपड़े का कारखाना खोल दिया। लेकिन जमशेदजी को पूंजी के अभाव के साथ-साथ अन्य कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बिना घबराये जमशेदजी उन सभी तरह की बाधाओं का डटकर सामना किया। यह कपड़ा मिल, महारानी विक्टोरिया के आगमन के दिन शुरू हुआ। भारत आने के बाद विक्टोरिया ने भारत की साम्राज्ञी का पद ग्रहण किया था। अतः उन्हीं की स्मृति में ही मिल का नाम एम्प्रेस (रानी की एक उपाधि जो उन्होंने भारत की साम्राज्ञी बनने के समय ग्रहण की थी) मिल्स रखा गया। 

जमशेदजी ने इसी समय यह सिद्धांत बनाया कि "सस्ती मजदूरी पर काम कराने के बजाय यदि व्यक्ति को पर्याप्त वेतन दिया जाता है तो वह पूरे मनोयोग से काम करता है।" टाटा समूह आज भी इसी सिद्धांत पर काम करता है। जमशेदजी ने नागपुर की कपड़ा मिल में इसी सिद्धांत के अनुसार ही व्यवस्था की थी। कर्मचारियों और उनके परिवार के लिए मनोरंजन के तमाम साधन के अलावा स्कूल, पुस्तकालय, अस्पताल आदि बहुत सारी सुविधाओं का प्रबंध उन्होंने कारखाने के पास ही नि:शुल्क किये थे। 

नागपुर में जिस स्थान पर एम्प्रेस मिल थी वहाँ नदियाँ पूर्व की ओर बहती थीं तथा उन्हें इच्छित दिशा में प्रवाहित किया जा सकता था। इस प्रवाह-शक्ति का उपयोग करने के लिए एक योजना बनाई जो सन् १९१५ में जल-विद्युत केन्द्र के रूप में साकार हुयी। इन नदियों से उत्पादित विद्युत-शक्ति का उपयोग आज भी मुंबई के विभिन्न संयंत्रों में होता है। 

जमशेदजी ने इसके बाद अपना ध्यान इस्पात उद्योग की ओर केन्द्रित किया तथा उनके प्रयासों के फलस्वरूप जमशेदपुर में एक विशाल इस्पात का कारखाना खुला जिसका उल्लेख प्रारंभ में किया जा चुका है। जमशेदजी का व्यावसायिक उद्देश्य, मात्र संपत्ति अर्जित करना ही नहीं रहा बल्कि प्रमुखतया वे भारत-राष्ट्र के आर्थिक पुनर्निर्माण को अपना लक्ष्य समझते थे। सामान्य और लौकिक प्रयासों से जब ऊंचा उद्देश्य जुड़ जाता है तो व्यक्ति की महिमा और गरिमा, दोनों ही आकाश को छूने लगती है। यूँ तो उन्होंने हजारों लोगों को समृद्ध बनाया पर वे भारत की एक सामान्य जनता की भांति ही अपना जीवन जीए। उनकी आवश्यकताएँ बहुत ही सीमित थीं और जीवन बिल्कुल सादा। जबकि भारत की शान बढ़ाने के लिए और विदेशी पर्यटकों के  ठहरने के लिए उन्होंने मुंबई बंदरगाह के पास एक शानदार होटल "ताजमहाल होटल" बनवाया। जो सभी आधुनिक सुख-सुविधाओं से युक्त है और वहाँ ठहरने वाले सभी यात्रियों को घर जैसा सुकून एवं आराम मिलता है। यह उनकी कलात्मक रुचि का परिचायक है। मुंबई की शान कहे जाने वाले "होटल ताज" के बनने के पीछे एक कहानी प्रचलित है। कहा जाता है कि —- १९ वीं सदी के अंत में भारत के कारोबारी जमशेदजी टाटा, मुंबई के सबसे बड़े होटल में गये। दुर्भाग्य से वहां उन्हें रंगभेद का शिकार होना पड़ा और उन्हें होटल में घुसने से मना कर दिया गया था। तभी उन्होंने उससे भी बड़ा और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होटल बनाने का निर्णय लिया। 

जैसा कि पहले ही कहा जा चुका है कि जमशेदजी उद्योग के क्षेत्र में पूंजीपति बनने का उद्देश्य लेकर नहीं, सेवा का आदर्श लेकर आये थे। उन्हें अपने कर्मचारियों की सुख-सुविधा के साथ भारत की बहुसंख्यक निर्धन जनता की भी सदा चिंता रहती थी। प्रतिभाशाली किन्तु निर्धन युवकों और छात्रों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए जे. एन. एन्डोमैंट की उन्होंने स्वयं ही स्थापना की जिसमें योग्य छात्रों को विदेश जाकर पढ़ने के लिए भी सहायता दी जाती। उनकी सेवा-परंपरा को उनके उत्तराधिकारियों ने भी यथावत् बनाए रखा। जमशेदजी के पुत्र ने सर वारीबाजी के नाम से एक ट्रस्ट स्थापित किया जिसका उद्देश्य मानवीय समस्याओं का अध्ययन और उनके निराकरण का उपाय करना है। इस ट्रस्ट द्वारा खनिज पदार्थों और औद्योगिक-अनुसंधान का कार्य किया जाता है। आधुनिक ढंग की चिकित्सकीय सेवाओं के लिए टाटा जी ने "टाटा मेमोरियल अस्पताल" खोला जो अपने ढंग का अनूठा और भारत भर में सर्वाधिक साधन व सुविधाओं से संपन्न है। "सर रत्न टाटा चैरिटीज" और "टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज" जैसी संस्थाएँ भी हैं। 

१९ मई सन् १९०४ ई. में जमशेदजी का निधन हो गया, पर उनकी परंपरा आज भी अक्षुण्ण चल रही है और भारतीय जनता की सेवा में लगी हुई है। जमशेदजी का जीवन ज्वार-भाटाओं के बीच भी देदीप्यमान है जो उस प्रकाशस्तंभ की तरह है जिससे सागर में खोए हुए जहाज अपना रास्ता पहचानते हैं।

सौजन्य: युग निर्माण योजना विस्तार ट्रस्ट, गायत्री तपोभूमि मथुरा द्वारा प्रकाशित  पुस्तक, "अध्यवसाय से अपना भाग्य बदलने वाले पुरुषार्थ संपन्न व्यक्तित्व"

*****

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...