त्याग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
त्याग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

23 अक्टूबर 2026

एक मुट्ठी चावल और माँ का प्यार : एक भावुक कहानी

एक गाँव के किनारे पर एक घर था, जिसकी दीवारें मिट्टी की और छत खपरैल की थी। घर के आँगन में एक पुराना नीम का पेड़ था। उसमें सुमित्रा नामकी एक विधवा औरत रहती थी। वह गाँव के लोगों के घरों में काम करके अपनी जीविका चलाती थी। सुमित्रा का पति कई वर्ष पहले एक बीमारी के कारण दुनियाँ छोड़ गया था। सुमित्रा के जीवन का एकमात्र सहारा उसका दस वर्षीय बेटा मोहन था। पति की मृत्यु के बाद उसने अपने बेटे के भविष्य के लिए बहुत संघर्ष किया। वह रोज सुबह भोर में ही उठ जाती, घर के काम निपटाती, मोहन के लिए खाना बनाती और फिर काम पर निकल जाती। शाम को थकी हुई लौटती, लेकिन बेटे को देखते ही उसके चेहरे पर मुस्कान आ जाती। मोहन भी अपनी माँ से बहुत प्यार करता था। जब कभी वह अपनी माँ के फटे हुए कपड़े देखता, तो उसका मन उदास हो जाता। एक दिन उसने अपनी माँ से पूछा, "माँ, तुम अपने लिए नए कपड़े क्यों नहीं खरीदतीं? तुम्हारी साड़ी तो जगह-जगह से फट गई है।" सुमित्रा मुस्कराई और बोली, "बेटा, मेरे पास तो बहुत सुंदर कपड़े हैं। मुझे इनसे अच्छे कपड़ों की क्या जरूरत? तू खूब पढ़-लिखकर बड़ा आदमी बन जा, फिर मेरी सारी खुशियाँ पूरी हो जाएँगी।" मोहन ने मासूमियत से पूछा, "माँ, मैं जब बड़ा आदमी बनूंगा तो तुम्हारे लिए क्या लाऊँगा?" माँ ने प्यार से उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, "बेटा! तुम बस, इतना करना कि जब मैं बूढ़ी हो जाऊँ, तो मेरा हाथ मत छोड़ना।" मोहन ने माँ का हाथ पकड़कर कहा, "माँ, मैं तुम्हें कभी अकेला नहीं छोड़ूँगा।" सुमित्रा की आँखें भर आईं। उसने बेटे को सीने से लगा लिया। उसे क्या पता था कि समय एक दिन उसके इसी वादे की परीक्षा लेने वाला है।

दिन बीतते गए। मोहन स्कूल जाने लगा। वह पढ़ाई में बहुत होशियार था। उसके शिक्षक अक्सर सुमित्रा से कहते, "बहन, तुम्हारा बेटा बहुत प्रतिभाशाली है। इसे पढ़ाना मत छोड़ना। एक दिन यह तुम्हारा बेटा, नाम रोशन करेगा।" यह सुनकर सुमित्रा का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता। लेकिन बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाना उसके लिए आसान नहीं था। कई बार तो घर में सिर्फ इतना ही अनाज होता कि माँ-बेटा, दोनों लोगों का पेट भरना मुश्किल हो जाता। तब सुमित्रा एक अनोखा बहाना बनाती। वह मोहन की थाली में रोटी और सब्जी परोसकर कहती, "बेटा, तू खा ले, आज मुझे भूख नहीं है।" मोहन खाना खाने लगता और माँ उसे प्यार से निहारती रहती। एक रात मोहन की नींद खुली तो उसने देखा कि माँ रसोई के कोने में बैठी पानी पी रही थी। उसने पूछा, "माँ, तुमने खाना क्यों नहीं खाया?" सुमित्रा ने तुरंत जवाब दिया, "बेटा, मैंने दोपहर में ही खा लिया था।" लेकिन मोहन ने देखा कि माँ की आँखें नम थीं और पास रखे बर्तन खाली थे। वह समझ गया कि माँ ने उससे झूठ बोला है। उस रात उसने मन ही मन एक संकल्प लिया— एक दिन वह इतना सफल बनेगा कि उसकी माँ को कभी भूखे पेट नहीं सोना पड़ेगा। अगले दिन से मोहन अपनी पढ़ाई के साथ-साथ छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगा। उससे जो थोड़े पैसे मिलते, उनमें से कुछ माँ के हाथ पर रख देता। सुमित्रा पैसे वापस करते हुए कहती, "अभी तू बच्चा है। इन पैसों से अपनी किताबें खरीद लेना।" मोहन मुस्कराकर जवाब देता, "माँ, तुम्हारी दुआएँ ही मेरी सबसे बड़ी किताब हैं।" सुमित्रा उसे गले लगा लेती। गरीबी उनके घर में जरूर थी, लेकिन प्रेम की कोई कमी नहीं थी।

समय के साथ मोहन ने दसवीं की परीक्षा अच्छे अंकों से पास कर ली। उसके शिक्षक ने मोहन की माँ को सलाह दी कि उसे आगे की पढ़ाई के लिए शहर भेजना चाहिए। यह सुनकर सुमित्रा खुश तो हुई, लेकिन उसके मन में चिंता भी थी कि शहर में रहने, पढ़ने और खाने का खर्च कहाँ से आएगा? उस रात वह देर तक सो नहीं सकी। अगली सुबह उसने अपनी छोटी-सी संदूकची खोली। उसमें उसकी शादी की एकमात्र निशानी, "चाँदी की पायल और सोने की एक पतली-सी अंगूठी" रखी थी। उसने उन गहनों को हाथ में लिया। कुछ देर तक उनको निहारती रही। उस समय उसकी आँखों के सामने पति की यादें घूमने लगीं। फिर उसने आँसू पोंछे और गहने लेकर सुनार के पास चली गई। गहने बेचकर जो पैसे मिले, उनसे उसने मोहन की पढ़ाई का इंतजाम किया। जब मोहन को इस बात का पता चला, तो वह माँ के पैरों में बैठकर रोने लगा। "माँ, तुमने ये क्या किया? अपने आखिरी गहने भी बेच दिए? मैं शहर नहीं जाऊँगा। यहीं रहकर कुछ काम कर लूँगा।" सुमित्रा ने उसके आँसू पोंछते हुए कहा, "पगले! गहने तो फिर बन जाएँगे, लेकिन जिंदगी में आगे बढ़ने का हर अवसर बार-बार नहीं मिलता। तू मेरे गहनों की चिंता मत कर। मेरी असली दौलत तो तू है।" मोहन ने माँ के पैरों में अपना माथा रखकर कहा, "माँ! मैं तुम्हारे हर आँसू का हिसाब अपनी मेहनत से चुकाऊँगा।" सुमित्रा ने उसे तुरंत उठाकर गले लगा लिया। "बेटा, माँ का कर्ज कभी चुकाया नहीं जाता। बस, इतना करना कि अपनी सफलता के साथ अपनी इंसानियत मत खो देना।" ये शब्द मोहन के हृदय में हमेशा के लिए बस गए।

मोहन शहर चला गया। शुरुआत में उसे बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कभी पैसों की कमी, कभी भोजन की परेशानी, तो कभी अकेलेपन का दर्द। लेकिन जब भी उसका मन टूटने लगता, उसे अपनी माँ का चेहरा याद आ जाता। वह देर रात तक पढ़ता। छुट्टियों में छोटे-मोटे काम करता और अपनी जरूरतें सीमित रखता। हर रविवार माँ को फोन करता। "माँ, खाना खाया?" उधर से हमेशा एक ही जवाब आता, "हाँ बेटा, मैंने खाना खा लिया। तू अपनी चिंता कर।" मोहन पूछता, "माँ, दवा समय पर लेती हो न?" माँ कहती, "हाँ बेटा, सब ठीक है। तू बस मन लगाकर पढ़ाई कर।" माँ-बेटा, दोनों एक-दूसरे से अपनी परेशानियाँ छिपाते रहे। जैसे मााँ सुमित्रा नहीं चाहती थी कि बेटे की पढ़ाई में कोई बाधा आए, वैसे ही उसका बेेटा भी  नहीं चाहता था कि उसकी माँ को लगे कि वह दुखी है। वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत के बाद मोहन ने प्रतियोगी-परीक्षा पास कर ली और उसे सरकारी विभाग में एक प्रतिष्ठित पद मिल गया। उस दिन उसने सबसे पहले अपनी माँ को फोन करके बोला, "माँ! तुम्हारा बेटा आज सफल हो गया!" फोन के दूसरी ओर कुछ क्षणों तक सन्नाटा रहा। फिर सुमित्रा की काँपती हुई आवाज आई, "सच कह रहा है, बेटा?" "हाँ माँ! अब तुम्हें कभी किसी के घर काम करने नहीं जाना पड़ेगा। अब तुम्हारा बेटा तुम्हारी सारी परेशानियाँ दूर कर देगा।" यह समाचार सुनकर सुमित्रा खुशी के मारे, रोने लगी। उसने आसमान की ओर देखकर कहा, "हे भगवान! आज मेरी तपस्या सफल हो गई।"

मोहन अब एक बड़े शहर में रहने लगा। अच्छा घर, अच्छी गाड़ी और सम्मानजनक पद— उसके पास वह सब कुछ था, जिसके सपने उसने बचपन में देखे थे। उसने गाँव में माँ के लिए एक पक्का मकान भी बनवा दिया। लेकिन सफलता की भागदौड़ में धीरे-धीरे उसकी व्यस्तता बढ़ती गई। पहले हर रविवार फोन आता था, फिर महीने में दो-तीन बार आने लगा। कभी अपने  बड़े अधिकारियों के साथ बैठक, कभी आधिकारिक दौरा तो कभी कोई जरूरी विभागीय काम। सुमित्रा फोन की घंटी सुनते ही दौड़कर फोन उठाकर बोलती, "बेटा, कैसे हो?" मोहन जल्दी में कहता, "मैं ठीक हूँ, माँ। अभी थोड़ी व्यस्तता है। बाद में बात करता हूँ।" और फोन कट जाता। सुमित्रा कुछ पल फोन को देखती रहती। फिर उसे धीरे से रख देती। वह अपने बेटे से नाराज नहीं थी। उसे लगता था कि बेटा अपने काम में व्यस्त है और एक दिन समय निकालकर जरूर आएगा। हर त्योहार पर वह मोहन के पसंदीदा पकवान बनाती, दरवाजे पर बैठकर सड़क की ओर देखती और सोचती कि शायद आज मेरा बेटा आ जाए। लेकिन हर बार शाम ढल जाती और वह अकेली ही खाना खाकर सो जाती। एक दिन पड़ोस की बुजुर्ग महिला ने उससे पूछा, "सुमित्रा, तुम्हारा बेटा इतना बड़ा अधिकारी बन गया है। फिर तुम यहाँ अकेली क्यों रहती हो? उसके पास जाकर क्यों नहीं रहती?" सुमित्रा ने मुस्कराकर कहा, "वहाँ उसका अपना काम है, बहन। मैं गाँव में ठीक हूँ। जब उसे समय मिलेगा, वह जरूर आएगा।" उसकी मुस्कान के पीछे छिपे उसके दर्द को कोई नहीं देख पाया। माँ का दिल भी कितना अजीब होता है! वह बच्चों की बेरुखी में भी उनकी मजबूरी ढूँढ़ लेता है।

एक दिन मोहन को अपने गाँव के एक पुराने शिक्षक का फोन आया। उन्होंने कहा, "बेटा, तुम्हारी माँ की तबीयत कुछ ठीक नहीं है। अगर संभव हो तो तुम एक बार आकर उनसे मिल लो, वह तुम्हें बहुत याद करती हैं।" यह सुनकर मोहन बेचैन हो गया। उसने तुरंत छुट्टी ली और गाँव के लिए निकल पड़ा। कई वर्षों बाद जब वह अपने घर पहुँचा, तो उसने देखा कि उसकी माँ चारपाई पर लेटी हुई थी। चेहरा पीला, शरीर कमजोर हो गया था, बाल सफेद हो चुके थे और हाथ काँप रहे थे। लेकिन बेटे को देखते ही उसकी माँ की आँखों में वही पुरानी चमक लौट आई। वह बोली, "मोहन! तू आ गया, बेटा?" मोहन माँ के पास बैठ गया और उसका हाथ पकड़कर रोने लगा। "माँ, मुझे माफ कर दो। मैं बहुत व्यस्त हो गया था। मुझे तुम्हारे पास बहुत पहले ही आना चाहिए था।" सुमित्रा ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, "रोता क्यों है, बेटा? तू खुश है न? बस, मेरे लिए इतना ही काफी है।" मोहन ने माँ को शहर ले जाने की बात कही। माँ ने धीरे से सिर हिलाया। "बेटा, अब मेरा मन कहीं जाने का नहीं करता। बस, कुछ दिन मेरे पास रुक जा। बहुत दिन हो गए तुझसे बातें किए हुए।" मोहन की आँखें झुक गईं और गला भर आया। वह समझ गया कि माँ को बड़े घर, महँगी चीजों या पैसों की जरूरत नहीं थी। उसे तो केवल अपने लाडले बेटे का थोड़ा-सा समय चाहिए था। शाम को सुमित्रा ने उससे कहा, "बेटा, रसोई में एक छोटी-सी डिब्बी रखी है। उसे मेरे पास ले आ।" मोहन डिब्बी उठा लाया। उसमें थोड़े-से चावल रखे थे। उसने आश्चर्य से पूछा, "माँ, आपने ये चावल क्यों सँभालकर रखे हैं?" सुमित्रा मुस्कराते हुए बोली, "याद है, बेटा? जब तू छोटा था, हमारे घर में कई बार खाने के लिए कुछ नहीं होता था। एक दिन मैंने तुझे अपनी थाली के आखिरी चावल खिलाए थे और कहा था कि मैंने खाना खा लिया है। तूने उस दिन अपनी आधी रोटी मुझे खिला दी थी।" मोहन को वह घटना धुँधली-सी याद आने लगी। माँ ने आगे कहा, "उस दिन मैंने सोचा था कि मेरा बेटा बड़ा होकर खूब कमाएगा। लेकिन मन में एक डर भी था कि कहीं वह इतना बड़ा न हो जाए कि अपने छोटे-से घर और अपनी बूढ़ी माँ को ही भूल जाए।" मोहन की आँखों से आँसू बहने लगे। सुमित्रा ने काँपते हाथों से चावल की डिब्बी उसकी ओर बढ़ाई। "बेटा, ये चावल कोई कीमती चीज नहीं हैं। इन्हें इसलिए सँभालकर रखा था कि जब कभी तू मेरे पास आए, तो तुझे यह याद दिला सकूँ कि जीवन में सबसे कीमती चीज पैसा नहीं, बल्कि अपनों का साथ है।" मोहन, अपनी माँ के पैरों में सिर रख फूट-फूटकर रोते हुए बोला, "माँ! मुझे माफ कर दो। मैंने दुनियाँ में सब कुछ पाने की कोशिश में तुम्हें समय देना ही भूल गया।" माँ ने उसके सिर पर हाथ रखा। "बेटा, माँ अपने बच्चों को माफ करने के लिए कभी कोई वजह नहीं माँगती। बस, अब अपने जीवन में इस बात का ध्यान रखना कि तुम्हारी सफलता, किसी अपने की उदासी का कारण न बन जाए।" उस रात मोहन बहुत देर तक माँ के पास बैठा रहा। पहली बार उसे एहसास हुआ कि जिस सुख को पाने के लिए वह वर्षों से इधर उधर दौड़ रहा था, वह सुख तो उसके बचपन के उसी छोटे-से घर में था।

अगली सुबह मोहन माँ के लिए चाय बनाकर लाया। सुमित्रा ने आश्चर्य से पूछा, "आज सूरज पश्चिम से कैसे निकल आया जो मेरा बेटा मेरे लिए चाय बना रहा है?" दोनों खिलखिलाकर हँस पड़े। कई वर्षों बाद उस घर में ऐसी हँसी गूँजी थी, जिसमें कोई चिंता नहीं थी, कोई जल्दी नहीं थी और कोई दूरी नहीं थी। मोहन ने अगले कुछ दिन माँ के साथ बिताए। वह उसके पास बैठकर पुरानी बातें सुनता, उसके लिए खाना बनाता और गाँव के मंदिर तक उसे अपने सहारे ले जाता। एक दिन माँ ने कहा, "बेटा, अब तू वापस चला जा। अधिक छुट्टी से तेरे कामकाज  पर असर पड़ेगा।" मोहन ने माँ का हाथ पकड़कर कहा, "माँ, काम तो फिर मिल जाएगा। लेकिन तुम्हारे साथ बिताने के लिए मिला समय कभी लौटकर नहीं आएगा।" सुमित्रा ने बेटे को देखा। उसकी आँखों में अब संतोष था। 

उस दिन मोहन ने तय किया कि वह अपनी जिम्मेदारियों को निभाएगा, लेकिन रिश्तों को कभी अपनी व्यस्तता की भेंट नहीं चढ़ने देगा। उसने माँ की देखभाल के लिए उचित व्यवस्था की और नियमित रूप से गाँव आने लगा। उसने अपने जीवन में काम और परिवार के बीच संतुलन बनाना सीखा। अब जब भी वह किसी जरूरतमंद बुजुर्ग को देखता, तो उसकी मदद जरूर करता। उसे लगता कि शायद किसी और का बेटा भी अपनी व्यस्त दुनियाँ में अपनी माँ का इंतजार भूल गया होगा। सुमित्रा के जीवन में फिर से खुशियाँ लौट आईं। उसके पास अब भी वही साधारण घर था, वही पुराना नीम का पेड़ और वही छोटी-सी रसोई, लेकिन अब उसके घर में एक बड़ी चीज थी, और वह थी— उसके बेटे का साथ। और उधर मोहन? उसने अपनी माँ की दी हुई चावल की डिब्बी हमेशा अपने पास रखी। जब कभी उसे अपने पद, धन या सफलता पर घमंड होने लगता, वह उस डिब्बी को खोलकर चावल के कुछ दाने हाथ में ले लेता। वे छोटे-से दाने उसे याद दिलाते कि उसकी सफलता की नींव माँ की भूख, उसके त्याग और उसकी अनगिनत दुआओं पर रखी गई थी। उसे समझ यह आ गया था कि जीवन में सबसे अमीर वह व्यक्ति नहीं, जिसके पास सबसे अधिक धन है; बल्कि वह है, जिसके पास अपनों का प्यार और उनके साथ बिताने के लिए समय है।

सीख:

मित्रों! जीवन की दौड़ में आगे बढ़ना, धन कमाना और सफलता प्राप्त करना बहुत जरूरी है। लेकिन यह भी याद रखना चाहिए कि हमारी सफलता का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसमें अपनों की खुशियाँ शामिल हों। माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी बच्चों के भविष्य को सँवारने में लगा देते हैं। वे अपनी इच्छाओं का त्याग करते हैं और बच्चों के सपनों को पूरा करने के लिए हर कठिनाई सहते हैं। बदले में उन्हें महँगे उपहारों या बड़ी-बड़ी सुविधाओं की अपेक्षा नहीं होती। वे चाहते हैं कि उनके बच्चे कभी उनके पास बैठें, उनका हाल पूछें, उनकी बातें सुनें और उन्हें यह एहसास कराएँ कि वे अकेले नहीं हैं। इसलिए यदि आपके माता-पिता जीवित हैं, तो उनके पास बैठने के लिए समय निकालिए। यदि वे आपसे दूर रहते हैं, तो आज ही फोन करके उनका हाल पूछिए। यदि वे बूढ़े हो गए हैं, तो उनकी धीमी चाल और कांपती आवाज में बार-बार दोहराई जाने वाली बातों पर झुँझलाइए मत।

याद रखिए, बचपन में आपने जब चलना सीखा था तो उन्होंने आपका हाथ पकड़ा था। अब जब उनके कदम लड़खड़ाने लगे हैं, तो आपका फर्ज बनता है कि अब आप उनका हाथ पकड़ें और उनका सहारा बनें। धन दोबारा कमाया जा सकता है, खोई हुई वस्तुएँ फिर खरीदी जा सकती हैं और बीते हुए अवसरों की जगह नए अवसर मिल सकते हैं। लेकिन याद रखिये, बीता हुआ समय और बिछुड़े हुए अपने लोग हमेशा लौटकर नहीं आते। इसलिए अपनों से प्रेम केवल मन में मत रखिए, उसे अपने व्यवहार में भी उतारिए क्योंकि कभी-कभी किसी अपने को दिया गया आपका दस मिनट का समय, उसके जीवन का सबसे अनमोल उपहार बन जाता है।

कहानी का भावपूर्ण संदेश: 

“सफलता की ऊँचाइयाँ जरूर छूएं, लेकिन उन हाथों को कभी मत भूलिए, जिन्होंने आपको कभी चलना सिखाया था।”

इन कहानियों को भी पढ़ें:


28 दिसंबर 2025

सपना वह नहीं जो नींद में आए, जो आपको सोने न दे वही सपना है | प्रेरक ब्लॉग

भूमिका

हर इंसान सपने देखता है। कोई बड़े सपने देखता है तो कोई छोटे। कोई सपनों को भूल जाता है, तो कोई उन्हें जीने लगता है। लेकिन कुछ सपने ऐसे होते हैं जो केवल आँखों में नहीं रहते, वे दिल और दिमाग पर इस कदर हावी हो जाते हैं कि रातों की नींद उड़ जाती है।

ऐसे सपने इंसान को चैन से सोने नहीं देते, आराम करने नहीं देते और बार-बार यह याद दिलाते रहते हैं कि ज़िंदगी में अभी बहुत कुछ करना शेष है।

जब दुनियाँ सुकून की नींद सो रही होती है, तब ऐसे सपनों से जूझ रहा व्यक्ति करवटें बदल रहा होता है—कभी डर में, कभी उम्मीद में तो कभी संघर्ष की योजना बनाते हुए।

Source: Facebook 

यही वह मोड़ है जहाँ यह प्रश्न उठता है— "क्या रात की नींद उड़ा देने वाले सपने हमें कमजोर बनाते हैं या यही सफलता की असली शुरुआत होते हैं?"

सपने क्या होते हैं?

सपने केवल कल्पनाएँ नहीं होते। सपने मनुष्य के अंदर की वह आवाज़ होते हैं जो इंसान को उसकी सीमाओं से बाहर निकलने के लिए मजबूर करते हैं। 

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साहब ने कहा था कि "सपने वो नहीं हैं जो आप सोते समय देखते हैं बल्कि सपने वो हैं जो आपको सोने नहीं देते।"

सपने हमें बताते हैं ;

  • हम जहाँ हैं, वहीं ठहरना नहीं है।
  • हमारे भीतर और भी क्षमता छिपी है। 
  • साधारण जीवन से आगे भी एक दुनियाँ है। 
  • जो व्यक्ति सपनों से डरता है, वह अक्सर आराम को चुनता है।
  • और जो सपनों को जीता है, उसकी नींद अक्सर कुर्बान हो जाती है।

क्यों कुछ सपने रात की नींद उड़ा देते हैं?

१. लक्ष्य का बोझ: जब इंसान अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर हो जाता है, तो उसका दिमाग उसे आराम की अनुमति नहीं देता। हर समय उसके दिमाग में इस तरह के सवाल घूमते रहते हैं, जैसे कि—

  • क्या मैं सही दिशा में जा रहा हूँ?
  • अगर असफल हो गया तब क्या होगा?
  • और समय ही हाथ से निकल गया तो?

यही कुछ ऐसे सवाल हैं जो रातों की नींद को चुरा लेते हैं।

2. असफलता का डर: रात की शांति में डर और गहरा हो जाता है। दिन में तो हम खुद को व्यस्त रख लेते हैं, लेकिन रात में जब अकेले होते हैं, तब मन खुद से पूछता है कि—

  • अगर मैं हार गया तो?
  • समाज क्या कहेगा? 
  • परिवार की उम्मीदें टूट गईं तो?

यह डर नींद को दुश्मन बना देता है।

३. कुछ कर गुजरने की तड़प: कुछ लोग जीवन को केवल जी लेने के लिए नहीं जीते बल्कि उनके भीतर कुछ कर गुजरने की तड़प होती है और उनकी यह तड़प इतनी प्रचंड होती है कि नींद भी उन्हें बाधा लगने लगती है। ऐसे लोग सोचते हैं कि “अगर सो गया, तो समय हाथ से निकल जाएगा।”

क्या नींद उड़ना गलत है?

यह सवाल बहुत महत्वपूर्ण है। अगर नींद उड़ने का कारण है— निरंतर चिंता, दूसरों से तुलना, नकारात्मक सोच या बेवजह का डर, तो यह मानसिक नुकसान है।

✅ लेकिन अगर आपकी नींद उड़ने का कारण है— लक्ष्य की स्पष्टता और प्राप्ति, सीखने की भूख, कुछ कर गुजरने का जुनून, आत्मविकास और भविष्य की तैयारी; तब यह आपके सफलता की पहली कीमत है।

इतिहास गवाह है: जो लोग चैन की नींद सोते रहे, वे केवल सपने देखते रहे और जो लोग सपनों के लिए जागते रहे, उन्होंने ही इतिहास लिखा।

  • डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम— उनके अंदर विकसित भारत का सपना था। 
  • थॉमस एडिसन— सपने को साकार करने के लिए हजारों बार असफल हुए लेकिन हार नहीं मानी। 
  • स्वामी विवेकानंद— शक्तिशाली, वैभवशाली भारत के निर्माण का सपना जिसमें आधुनिक विज्ञान और प्राचीन आध्यात्म का संगम हो।
  • महात्मा गांधी— देश को गुलामी की जंजीरों से  आज़ादी दिलाने का सपना। 
  • डॉ. भीमराव अंबेडकर— समानता का सपना। 

सपने और संघर्ष का गहरा संबंध

सपने, बिना संघर्ष के नहीं आते और संघर्ष बिना बेचैनी के नहीं होता। जब सपने बड़े होते हैं तब—

  • रास्ते कठिन होते हैं।
  • अकेलापन बढ़ता है। 
  • आलोचना मिलती है। 

लेकिन यही संघर्ष इंसान को मजबूत बनाता है।

रात की बेचैनी: अभिशाप या वरदान?

अभिशाप तब है, जब—

  • आप केवल सोचते भर हैं, करते कुछ नहीं। 
  • डर आपको जकड़ ले। 
  • आत्मविश्वास टूटने लगे। 

वरदान तब है, जब—

  • आप रात में योजना बनाते हैं।
  • सीखते हैं, लिखते हैं और सोच-विचार करते हैं। 
  • अगले दिन कुछ बेहतर बनने की तैयारी करते हैं। 

कैसे पहचानें कि आपके सपने सही हैं?

✔ आपके सपने आपको बेहतर इंसान बना रहे हैं। 

✔ आप खुद से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। 

✔ आप सीखने के लिए हमेशा तत्पर हैं। 

✔ असफलता से भाग नहीं रहे। 

अगर ये लक्षण हैं, तो सच मानिये आपकी नींद उड़ना बेकार नहीं है।

सपनों और स्वास्थ्य के बीच संतुलन कैसे बनाएँ?

१. लक्ष्य लिखिए: जो लक्ष्य काग़ज़ पर होते हैं, वे दिमाग पर बोझ कम डालते हैं।

२. सोचने का समय निर्धारित करें: दिन में सोचने और योजना बनाने का एक समय तय करें और रात में दिमाग को आराम दें।

३. नींद को दुश्मन न बनाएं: याद रखें— थका हुआ दिमाग बड़े सपनों को भी कमजोर बना देता है, इसलिए भरपूर नींद लें।

४. तुलना छोड़ें: दूसरों की सफलता आपकी यात्रा तय नहीं करती इसलिए औरों से अपनी तुलना, बिल्कुल छोड़ दें। 

सपने देखने वालों और भीड़ में अंतर

सपने तो सभी देखते हैं परंतु उससे वास्ता नहीं रखते। लेकिन जो लोग अपने सपनों को जीते हैं वे-

  • त्याग करते हैं। 
  • अकेले चलते हैं, किसी का इंतजार नहीं करते। 
  • लोगों के ताने और आलोचनाओं की परवाह नहीं करते। 
  • और अंत में एक दिन वही इतिहास बनाते हैं।

निष्कर्ष

रातों की नींद उड़ा देने वाले सपने, हर किसी को नहीं आते। यह बेचैनी इस बात का संकेत है कि आप साधारण नहीं रहना चाहते, कुछ अलग करने की तमन्ना रखते हैं। माना कि यह रास्ता इतना आसान भी नहीं है। हाँ, इसमें त्याग है, जूनून है, लेकिन सच में आपका यही त्याग, यही जुनून आगे चलकर सुकून बनता है।

जो सपने आपको सोने नहीं देते, वही आपको जाग्रत जीवन की ओर ले जाते हैं। अगर आपकी नींद आपके सपनों की वजह से उड़ रही है, तो घबराइए मत— "शायद आप सही रास्ते पर हैं।"

FAQ:

Q1. सच्चा सपना किसे कहते हैं?

उत्तर: सच्चा सपना वह होता है जो आपको केवल ख्वाबों में नहीं, बल्कि उसे वास्तविकता में बदलने हेतु कर्म करने पर  मजबूर करता है।

Q2. क्या ज्यादा सपने देखना नुकसानदायक है?

उत्तर: सपने, जब तक आपको आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं, तब-तक वे नुकसानदेह नहीं होते। 

Q3. क्या सफलता के लिए नींद त्यागना जरूरी है?

उत्तर: बिल्कुल नहीं। नींद त्यागना जरूरी नहीं है, संतुलन जरूरी है। सफलता के लिए स्मार्ट मेहनत सबसे अहम है।

Q4. क्या हर बेचैनी सफलता की निशानी है?

उत्तर: नहीं, केवल सकारात्मक बेचैनी ही उपयोगी होती है।

Q5. युवा अपने सपनों को कैसे पहचानें?

उत्तर: जो लक्ष्य आपको बार-बार सोचने पर मजबूर करे और वास्तविक रूप देने के लिए आपको बेचैन करे, वही आपका सपना है।

Must Read:


5 नवंबर 2025

भक्त-शिरोमणि महाराज अम्बरीष, जिन्हें ब्रह्मशाप भी स्पर्श तक न कर सका (पौराणिक कथा भाग-३)

भूमिका:

भारतभूमि सदियों से संतों, महात्माओं और भक्तों की कर्मभूमि रही है। यहाँ ऐसे अनेक भक्त हुए जिन्होंने अपनी अटूट श्रद्धा, भक्ति, प्रेम और समर्पण से भगवान को भी अपने वश में कर लिया। उन्हीं में से एक महान भक्त थे — राजा अम्बरीष, जिन्होंने सांसारिक वैभव और राजसी सुखों के बीच रहकर भी परमात्मा के प्रति अपनी निष्ठा को कभी डगमगाने नहीं दिया। 

उनकी भगवद्भक्ति उच्च कोटि की थी। वही ब्रह्मशाप जो किसी भी काल में कभी भी और कहीं भी रोका नहीं जा सका, वह भी महाराज अम्बरीष का स्पर्श तक न कर सका।

Source: Facebook

महाराज अम्बरीष की पावन-कथा श्रीमद्भागवत पुराण में नवम स्कन्ध के चौथे अध्याय में वर्णित है। यह कथा श्रीशुकदेवजी ने महाराज परीक्षित को सुनाई थी। इस कथा से हमें यह सीख मिलती है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा नहीं, बल्कि पूर्ण-समर्पण, विनम्रता और सत्य-आचरण का नाम है।

🕉️राजा अम्बरीष कौन थे? 

महाराज अम्बरीष प्रसिद्ध सूर्यवंशी राजा और भगवान श्रीराम के वंशज थे। उनका जन्म इक्ष्वाकु वंश में हुआ था। वे महाराज नाभाग के पुत्र थे। राजा अम्बरीष का शासनकाल बहुत समृद्ध और शांतिपूर्ण था। उनके राज्य में प्रजा सुखी थी एवं न्याय और धर्म का पालन होता था।

महाराज अम्बरीष केवल एक राजा ही नहीं थे बल्कि वे एक परम वैष्णव-भक्त भी थे। राजा अम्बरीष की पत्नी भी उन्हीं के समान धर्मशील, विरक्त और भक्ति परायण थीं। अम्बरीष के जीवन का एकमात्र उद्देश्य था, "भगवान विष्णु की भक्ति करना और उनके आदेशानुसार प्रजा का कल्याण करना।" 

🌸 अम्बरीष की भक्ति का स्वरूप:

राजा अम्बरीष का हृदय भगवान विष्णु के चरणों में सदा लीन रहता था। वे नवधा-भक्ति (१. श्रवण २. कीर्तन ३. स्मरण ४. पादसेवन ५. अर्चन ६. वन्दन ७. दास्य ८. साख्य और ९. आत्मनिवेदन) के सभी अंगों का पालन करते थे। उनकी यह भक्ति केवल दिखावे की नहीं थी बल्कि पूर्ण समर्पण और विनम्रता पर आधारित थी। वे मानते थे कि “ एक राजा का कर्तव्य है कि वह अपने कर्मों से प्रजा और ईश्वर, दोनों का ऋण चुकाए।”

🍃 एक आदर्श राजा की छवि:

अम्बरीष पृथ्वी के सातों-द्वीपों के स्वामी होते हुए भी वे नि:स्पृह, सादगी और अनुशासन में विश्वास रखते थे। उन्होंने संपूर्ण राजवैभव को भगवान की सेवा में समर्पित कर दिया था।

राजा प्रतिदिन प्रातःकाल उठकर गायत्री-मंत्र का जप करते, फिर ब्राह्मणों की सेवा, दान, यज्ञ और पूजा करते। वे अपने जीवन के हर कार्य को ईश्वर की प्रेरणा से करते थे। उनका मानना था कि, “जो कुछ भी मेरे पास है, वह भगवान का है। मैं तो केवल उनका सेवक हूँ।”

🌿 एकादशी-व्रत का पालन और उसकी महिमा:

महाराज अम्बरीष, भगवान विष्णु के परम भक्त थे और वे हर एकादशी-व्रत को अत्यंत श्रद्धा से करते थे। एक बार उन्होंने अपनी पत्नी के साथ वर्षभर का द्वादशी-प्रधान, एकादशी व्रत का नियम ग्रहण किया। हमारे शास्त्रों में इस व्रत का फल अत्यंत प्रभावशाली माना गया है। 

इस व्रत के अनुसार राजा ने एक वर्ष तक हर एकादशी का उपवास किया और द्वादशी को विधिपूर्वक भगवान की पूजा करके पारण किया। उन्होंने न केवल स्वयं उपवास किया बल्कि प्रजा को भी धर्ममार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका यह संकल्प था कि “जब तक मेरे राज्य में कोई भूखा या दुखी रहेगा, मैं सुख से भोजन नहीं करूँगा।”

⚡ दुर्वासा ऋषि का आगमन:

एक बार जब महाराज अम्बरीष एकादशी उपवास कर रहे थे और द्वादशी के दिन उसका पारण करने वाले थे, तभी दुर्वासा ऋषि उनके महल में आए। राजा ने ऋषि का स्वागत किया और आग्रह किया कि वे पहले भोजन करें, फिर वे स्वयं व्रत खोलेंगे।

दुर्वासा ऋषि ने कहा, “राजन! मैं पहले यमुना स्नान करके आता हूँ, उसके बाद भोजन करूंगा।” राजा ने सहर्ष स्वीकार की। परंतु भगवान की इच्छा तो कुछ और ही थी।

द्वादशी का समय धीरे-धीरे बीत रहा था। यदि उस मुहूर्त में व्रत का पारण न किया जाए तो व्रत का फल नष्ट हो जाता है। राजा बहुत चिंतित हो गए और विचार किया, “यदि ऋषि के बिना मैं पारण करूँ तो उनका अपमान होगा, और यदि पारण का समय निकल गया तो व्रत भंग होगा।”

अंत में उन्होंने अपने राजगुरु और धर्माचार्यों से सलाह ली। उन्होंने कहा, “राजन! द्वादशी का समय निकले उससे पहले केवल जल ग्रहण कर लें। इससे व्रत भी पूरा होगा और वह भोजन नहीं माना जाएगा।” अत: राजा ने भगवान का स्मरण करते हुए थोड़ी मात्रा में जल ग्रहण किया और दुर्वासा श्रृषि का इंतजार करने लगे।

🔥 दुर्वासा ऋषि का राजा अम्बरीष पर क्रोध करना:

इधर दुर्वासा ऋषि जब स्नान करके लौटे, तो उन्होंने अपनी दिव्य दृष्टि से जान लिये कि अम्बरीष ने उनके आने से पहले ही जल ग्रहण कर लिया है। वे अत्यंत क्रोधित हुए और बोले, "देखो तो सही यह कितना क्रूर और अभिमानी है। इसने अतिथि-सत्कार के लिए मुझे आमंत्रित किया और मुझे खिलाये बिना ही स्वयं खा लिया है। अच्छा! अब देख, "तुझे अभी इसका फल चखाता हूँ।"

यह कहकर उन्होंने अपनी जटा से कृत्या नामकी एक भयानक राक्षसी उत्पन्न की और उसे अम्बरीष को भस्म करने का आदेश दिया। राजा अम्बरीष कृत्या को सामने देखकर तनिक भी विचलित नहीं हुये।

Source: Facebook

🛡️ सुदर्शन-चक्र के द्वारा राजा अम्बरीष की रक्षा:

कहते हैं कि, "अपने भक्तों की रक्षा तो भगवान स्वयं करते हैं।" इसीलिए तो भगवान् अपने भक्त की रक्षा हेतु पहले से ही सुदर्शन चक्र को नियुक्त कर रखा था। 

Source: India. Com

जैसे ही राक्षसी कृत्या अम्बरीष की ओर बढ़ी, भगवान विष्णु का सुदर्शन चक्र वहाँ तुरंत प्रकट हुआ और उसने उस कृत्त्या को तत्क्षण भस्म कर दिया। फिर वह सुदर्शन चक्र दुर्वासा ऋषि की ओर दौड़ा। ऋषि भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। आत्मरक्षा हेतु वे पहले पृथ्वी पर, फिर देवलोक, ब्रह्मलोक, और फिर शिवलोक गये। लेकिन सभी ने सुदर्शन चक्र से उनकी रक्षा करने से मना कर दिया और विष्णु भगवान की शरण में जाने को कहा। तब वे भगवान विष्णु के शरण में पहुँचे और सुदर्शन चक्र से अपनी रक्षा की उनसे गुहार लगाई। 

🙏 दुर्वासा ऋषि का अपने कृत्य पर पश्चाताप: 

तब भगवान विष्णु ने मुस्कुराकर कहा, “ऋषिवर! मैं सदा अपने भक्तों के वश में रहता हूँ। जिसने मेरे भक्त को अपमानित किया यह समझो कि उसने मुझे ही अपमानित किया। मेरी शक्ति मेरे भक्तों में ही निहित है। अब आपकी रक्षा केवल भक्त अम्बरीष ही कर सकते हैं।”

दुर्वासा ऋषि यह सुनकर अत्यंत लज्जित हुए और तुरंत पृथ्वी पर लौट आए। वे अम्बरीष के पैर पकड़कर गिड़गिड़ाने लगे, “राजन, मुझे क्षमा करें। मैं आपकी भक्ति और विनम्रता की परीक्षा में असफल हो गया।”

🌷 महाराज अम्बरीष की क्षमाशीलता:

महाराज अम्बरीष ने हाथ जोड़कर श्रृषि दुर्वासा से कहा, “हे ऋषिवर! आप मेरे अतिथि हैं इसलिए आपका अपमान मैं कैसे कर सकता हूँ? आप मुझ पर कृपा करें।” उन्होंने भगवान से प्रार्थना की, “हे भक्तवत्सल! हे करुणानिधान! कृपया अपने सुदर्शन चक्र को शांत कर दें और मेरे अतिथि को शांति प्रदान करें।” उनकी यह प्रार्थना सुनकर सुदर्शन चक्र शांत हो गया और इस तरह दुर्वासा ऋषि को भी मानसिक शांति मिली। 

आप सभी को यह जानकर आश्चर्य होगा कि दुर्वासाजी, सुदर्शन-चक्र से अपनी जान बचाने के लिए जिस समय भागे थे, तबसे उनके वापस लौटने तक राजा अम्बरीष ने खुद भी भोजन नहीं किया था। वे उनके लौटने की प्रतिक्षा कर रहे थे। जब ऋषि लौटे, तब राजा ने चरण पकड़ लिए और उन्हें प्रसन्न करके पहले उन्हें भोजन कराया और फिर स्वयं भोजन ग्रहण किया। यह देखकर सभी देवता और ऋषिगण महाराज अम्बरीष की सत्यनिष्ठा, भक्ति और क्षमाशीलता से अत्यंत प्रभावित हो गए।

🌻 भक्ति का असली अर्थ:

महाराज अम्बरीष की कथा हमें यह सिखाती है कि भक्ति केवल पूजा या व्रत का पालन नहीं, बल्कि विनम्रता, क्षमा और दूसरों के प्रति करुणा का भाव है। भगवान केवल उसी की भक्ति को स्वीकार करते हैं, जो व्यक्ति-

  • मन से निर्मल हो। 
  • नि:स्पृह हो और क्षमाशील हो। 
  • ईश्वर के प्रति सच्चा समर्पण का भाव रखता हो।

महाराज अम्बरीष ने यह सिद्ध कर दिया कि सच्चा भक्त कभी किसी का अहित नहीं चाहता, भले ही उसे कितना भी अपमान या संकट क्यों न झेलना पड़े।

🌺 राजा अम्बरीष का जीवन-संदेश:

राजा अम्बरीष का जीवन हमें यह सिखाता है कि —

  • धर्म और भक्ति में कभी समझौता न करें।
  • अहंकार नहीं, विनम्रता ही ईश्वर को प्रिय है।
  • क्षमा सबसे बड़ा धर्म है। 
  • सच्चा उपवास केवल शरीर का नहीं, मन का भी होना चाहिए। 
  • ईश्वर की भक्ति के साथ-साथ कर्म और सेवा भी आवश्यक है।

🌿 आधुनिक जीवन में अम्बरीष की प्रेरणा:

आज के समय में जब लोग तनाव, प्रतिस्पर्धा और स्वार्थ में उलझे हैं, तब महाराज अम्बरीष की यह पवित्र-कथा हमें एक सरल मार्ग दिखाती है। अर्थात् “भक्ति का अर्थ केवल मंदिर जाना नहीं, बल्कि हर कार्य में ईश्वर का स्मरण और दूसरों के प्रति दयाभाव रखना है।"

अगर हम अपने जीवन में भी थोड़ा महाराज अम्बरीष जैसी निष्ठा और धैर्य ला सकें, तो हमारे जीवन के सारे संकट मिट सकते हैं।

💫 निष्कर्ष:

महाराज अम्बरीष केवल एक राजा नहीं, बल्कि भक्ति के प्रतीक, क्षमा के दूत और समर्पण के उदाहरण हैं। उनकी पावन-कथा हमें यह सिखाती है कि भगवान अपने भक्त की रक्षा हर परिस्थिति में करते हैं। बशर्ते! वह भक्त, सच्चे मन से उनका नाम ले और धर्म का पालन करे। इसलिए कहा गया है, “भक्त की पीड़ा भगवान सह नहीं पाते।”

महाराज अम्बरीष ने अपने जीवन से यह सिद्ध कर दिया कि राजसी वैभव में रहते हुए भी भक्ति संभव है, यदि मन में ईश्वर के प्रति सच्ची निष्ठा, समर्पण और विनम्रता हो।

इसे भी पढ़ें:



सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...