ब्रह्माण्ड लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ब्रह्माण्ड लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

17 मई 2023

ब्रह्माण्ड के रोचक तथ्य (Brahmand Ke Rochak Tathya)

ब्रह्माण्ड, सौरमंडल, सभी ग्रह, असंख्य तारे, आकाशगंगाऐं, आकाशीय पिण्ड, सारे पदार्थ, एवं ऊर्जा का समावेश है। ब्रह्माण्ड बहुत ही विशाल है। यह देखने में जितना सुन्दर लगता है, उससे कहीं ज्यादा रोचक और रहस्यमयी है। 

ब्रह्माण्ड का आकार इतना विशाल है कि हम कल्पना भी नहीं कर सकते। समूचे ब्रह्माण्ड का बहुत छोटा हिस्सा (लगभग ५%) ही हम देख पाते हैं, जिसे हम दृश्य-ब्रह्माण्ड कहते हैं। बाकी हिस्से को हम देख नहीं पाते उसे हम अदृश्य ब्रह्माण्ड कहते हैं। अदृश्य ब्रह्माण्ड, डार्क एनर्जी (६८% लगभग) और डार्क मैटर (२७% लगभग) से भरा हुआ है। ब्रह्माण्ड कैसे बना? इसके विषय में कोई प्रमाणिक तथ्य तो नहीं है। किन्तु प्रचलित मान्यता के अनुसार ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति एक शूक्ष्म विन्दु में भयंकर विस्फोट के परिणामस्वरूप हुआ, जिसे बिग-बैंग थ्योरी या महाविस्फोट का सिद्धांत कहते हैं। 

Source: EduRev

ब्रह्माण्ड का माप करना असंभव है। ब्रहमाण्ड तेजी से विस्तार कर रहा है। ब्रह्माण्ड में १.८ विलियन प्रकाश वर्ष का वृहद् क्षेत्र पूरी तरह खाली है, जिसे Mysterious Void नाम दिया गया है। ब्रह्माण्ड का कुछ हिस्सा बहुत ही गर्म है तो कुछ बहुत ही ठंडा। आकाशगंगा को गैलेक्सी या मंदाकिनी भी कहते हैं। ब्रह्माण्ड में ऐसे भी पिण्ड होते हैं, जिसके पास आने वाली हर वस्तु नष्ट हो जाती है। उसे ब्लैक होल या कृष्ण विवर कहते हैं।ब्रह्माण्ड में सूर्य की परिक्रमा करने वाले पिण्डों को ग्रह तथा ग्रहों के परिक्रमा करने वाले पिण्डों को उपग्रह कहते हैं। ग्रहों के नाम बुध, पृथ्वी, शुक्र, वृहस्पति, मंगल, शनि, अरुण तथा वरुण हैं। ब्रह्माण्ड बहुत ही रहस्यमय है। अब हम ब्रह्माण्ड से संबंधित निम्नलिखित तथ्यों के उपर विस्तार से चर्चा करेंगे। 

Sr. No.

CONTENTS

1

सौरमंडल

2

अंतरिक्ष

3

आकाशगंगा

4

ब्लैक होल

5

महाविस्फोट का सिद्धांत या बिग-बैंग थ्योरी

6

ब्रह्माण्ड से संबंधित अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न


१. सौरमंडल

सौरमंडल में, सूर्य तथा उसकी परिक्रमा करने वाले ग्रह, उपग्रह, पुच्छल तारे एवं उल्का पिण्ड सम्मिलित हैं जो गुरुत्वाकर्षण बल के द्वारा एक दूसरे से बंधे हुए हैं। सूर्य, सौरमंडल के केन्द्र में स्थित है। सूर्य, सौरमंडल का आधार है। सारा जन-जीवन, सूर्य की ऊर्जा से है। सौरमंडल के ग्रहों का संक्षिप्त विवरण नीचे दिया गया है। 


बुध या मरकरी


बुध, सूर्य के सबसे नजदीक एवं सौरमंडल का सबसे छोटा ग्रह है। इसका व्यास ४८७९ किमी. है। सूर्य से इसकी औसत दूरी ५७ मिलीयन किमी. एवं पृथ्वी से यह ७७ मिलीयन किमी. दूर है। इसका कोई उपग्रह नहीं है। एक मिलीयन किमी. = १० लाख किमी.।

पृथ्वी


बैज्ञानिकों के अनुसार, पृथ्वी की उत्पत्ति करीब ४.५ अरब वर्ष पहले हुयी है। पृथ्वी पर जल एवं आक्सीजन के संयोग से जीवन है। पृथ्वी, सूर्य की परिक्रमा करने के साथ-साथ, अपनी धुरी पर भी घुमती है। पृथ्वी, सूर्य की एक परिक्रमा ३६५ दिनों में पूरी करती है और अपनी धुरी पर 24 घंटे में एक चक्कर लगाती है जिससे दिन और रातें होती हैं। इसका व्यास १२७८२ किमी. है। सूर्य से पृथ्वी की औसत दूरी १५० मिलीयन किमी. है। पृथ्वी के पूरे क्षेत्रफल का ७१% भाग जल और २९% के लगभग भूमि है। 

पृथ्वी पर, जल अपनी तीनों अवस्थाओं में पाया जाता है। पृथ्वी के वायुमंडल में लगभग ७८% नाईट्रोजन, २०% के लगभग आक्सीजन और बाकी कार्बनडाइऑक्साइड तथा जलवाष्प है। वायुमंडल में ओजोन गैस की एक परत है, जो कि सूर्य से आने वाली पराबैंगनी किरणों को रोकती है। इसका एक उपग्रह, चंद्रमा है। पृथ्वी की सतह पर महासागर, महाद्वीप, विशाल पर्वत ऋंखलाएं, नदियाँ, पठार आदि प्राकृतिक संरचनाएँ हैं। पृथ्वी अपने अक्ष पर २३.५° कोंण पर झुकी हुई है।

शुक्र या वीनस


यह सबसे गर्म ग्रह है। यह अंधेरी रात में काफी चमकीला दिखाई देता है। इसका व्यास १२१०४ किमी. है। इसका आकार लगभग पृथ्वी के बराबर है। सूर्य से इसकी औसत दूरी १०८ मिलीयन किमी. तथा पृथ्वी से ४० मिलीयन किमी. दूर है। 

वृहस्पति या जुपिटर


यह सौरमंडल का सबसे बड़ा ग्रह है। इसका व्यास १३९८२२ किमी. है। सूर्य से इसकी औसत दूरी ७७९ मिलीयन किमी. है तथा पृथ्वी से यह ५८८ मिलीयन किमी. दूर है। बृहस्पति के ७९ उपग्रह हैं, जिनमें प्रमुख उपग्रहों के नाम कलिस्टो, ईओ यूरोपा तथा गैनिमीड हैं। 

मंगल या मार्स


मंगल ग्रह को लाल ग्रह भी कहते हैं। यह पृथ्वी से मिलता-जुलता ग्रह है। इसका व्यास ६७७९ किमी. है। सूर्य से इसकी औसत दूरी २२८ मिलीयन किमी. तथा पृथ्वी से ५५ मिलीयन किमी. दूर है। मंगल ग्रह के दो उपग्रह, फोबस तथा डाइमस हैं। 

शनि या सैटर्न


यह वृहस्पति के बाद दूसरा सबसे बड़ा ग्रह है। इसका व्यास १२६४६४ किमी. है। सूर्य से इसकी औसत दूरी १.४३ बिलीयन किमी. है। पृथ्वी से शनि की दूरी १.२ बिलीयन किमी. है। शनि के ६२ उपग्रह हैं। एक बिलीयन किमी. = १०,००० लाख किमी. = १ अरब किमी.

अरुण या यूरेनस


यह सौरमंडल का सबसे ठंडा ग्रह है। इसका व्यास ५१११८ किमी. है। सूर्य से इसकी औसत दूरी २.८८ बिलीयन किमी. तथा पृथ्वी से २.५७ बिलीयन किमी. दूर है। अरुण के कुल २६ उपग्रह हैं जिनमें मिरांडा, एरियल, अंब्रियल, ओबेरान तथा टाईटोनिया प्रमुख हैं। 

वरूण या नेप्च्यून


यह भी अधिक दूर होने के कारण ठंडा है। इसका व्यास ४९२४४ किमी. है। सूर्य से इसकी औसत दूरी ४.५० बिलीयन किमी. है तथा यह पृथ्वी से ४.३ बिलीयन किमी. दूर है। वरुण के कुल  १४ उपग्रह हैं जिनमें प्रमुख ट्राइटन, लरिसा, डस्पीन्त इत्यादि हैं। 

२. अंतरिक्ष


आकाश में ग्रहों, नक्षत्रों या आकाशीय पिण्डों के बीच में जो स्पेस या खालीपन (Void) है, उसे अंतरिक्ष (Outer Space) कहते हैं। यह इतना विस्तृत है कि हमारी कल्पना से परे है। अंतरिक्ष में दूरी मापने के लिए जिस इकाई का प्रयोग होता है उसे प्रकाश वर्ष कहते हैं। एक प्रकाश वर्ष का माप लगभग ९,५००,०००,०००,००० किमी (९५ खरब किमी. = ९.५ ट्रिलियन किमी.) के बराबर होता है। अंतरिक्ष पूर्णतः निःशब्द है। अंतरिक्ष में अनगिनत तारे हैं। अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण बल नहीं है। इसके कारण अंतरिक्ष यात्रियों की लम्बाई, अंतरिक्ष में २ इंच के लगभग बढ़ जाती है। अंतरिक्ष में वातावरण नहीं है। अंतरिक्ष का गंध किसी धातु की तरह मालूम होता है। 

एक मान्यता के अनुसार, अंतरिक्ष अपनी आकाशगंगाओं के साथ फैल रहा है। पृथ्वी के सतह से लगभग १०० किमी. की उर्ध्वाधर दूरी से अंतरिक्ष यानी स्पेस प्रारंभ हो जाता है। यह अत्यधिक निर्वात वाला क्षेत्र होता है। गुरुत्वाकर्षण बल नहीं होने के कारण अंतरिक्ष यात्रियों को खाने-पीने और सोने में बहुत दिक्कत होती है। अंतरिक्ष यात्री, Solid खाने की जगह liquid खाना लेते हैं क्योंकि Solid चीज उड़कर आंखों में जा सकता है। 

अंतरिक्ष में हम चाहकर भी रो नहीं सकेंगे, क्योंकि आंखों से आंसू नीचे गिरेंगे ही नहीं। अंतरिक्ष में यदि किसी के बहुत ही नजदीक में भी जोर से चिल्लायें तो भी सामने वाला नहीं सुन सकेगा। कारण यह है कि ध्वनि के संचरण के लिए वहाँ कोई माध्यम नहीं होता है। पृथ्वी से तो आसमान नीला दिखाई देता है। परंतु अंतरिक्ष यात्रियों को यह काला दिखाई देता है। अंतरिक्ष यात्री, अंतरिक्ष में यदि बिना सूट के जायें तो शरीर के अंदर के रक्तचाप के कारण नसें फट जायेंगी और उनकी मौत हो सकती है।

 ३. आकाशगंगा

स्वच्छ एवं अंधेरी रात में जब हम आकाश में देखते हैं तो आकाश के बीच में असंख्य तारों की एक सफेद पट्टी सी दिखाई देती है जिसे आकाश गंगा या Milky Way कहा जाता है। इसमें ५ खरब से अधिक तारे हैं। ब्रह्माण्ड में अरबों-खरबों आकाशगंगाऐं हैं, जो स्थिर नहीं हैं। आकाशगंगा में भी खरबों तारे होते हैं। सभी आकाशगंगाओं का आकार, आकृति, एक जैसी नहीं है। भारत में आकाशगंगा को मन्दाकिनी, देवनदी या सुरनदी भी कहते हैं। जिस तरह सौरमंडल में बहुत सारे ग्रह, उपग्रह हैं, उसी तरह आकाशगंगा में अनेक सौरमंडल हैं। हमारे आकाशगंगा के बीच में, एक ब्लैक होल भी है। हमारा सौरमंडल आकाशगंगा के केन्द्र के चारों ओर चक्कर लगाता है और उसे आकाशगंगा के केवल एक चक्कर लगाने में लगभग २५ करोड़ वर्ष लग जाते हैं।

४. ब्लैक होल

ब्लैक होल, ब्रह्माण्ड में एक ऐसा खगोलीय पिण्ड है जिसका गुरुत्वाकर्षण बल इतना शक्तिशाली होता है कि, अपने पास आने वाली हर वस्तु को यहाँ तक कि प्रकाश को भी अपने अंदर खींचकर, नेस्तनाबूत कर देता है। ब्लैक होल के भीतर, किसी वस्तु की बात ही क्या, समय का भी कोई अस्तित्व नहीं होता है। इसीलिए, ब्लैक होल को ब्रह्माण्ड का दैत्य भी कहा जाता है। 

ब्रह्माण्ड में यदि कोई पिण्ड जिसका द्रव्यमान और गुरुत्वाकर्षण बल अधिक हो और उसे दबाकर अत्यंत छोटा से छोटा कर दिया जाय तो उसका द्रव्यमान और घनत्व बहुत अधिक हो जायेगा। जिसके कारण उस पिण्ड का गुरुत्वाकर्षण बल अत्यधिक प्रबल हो जायेगा और वह ब्लैक होल बन जायेगा। मान लिया जाय कि ब्रह्माण्ड में कोई एक ऐसा तारा जो आकार में सूर्य से कई गुना बड़ा हो तथा उसका द्रव्यमान और घनत्व भी सूर्य से काफी अधिक हो और यदि इसे दबाकर मटर के दाने के बराबर कर दें तो उसका गुरुत्वाकर्षण बल इतना प्रबल हो जायेगा कि वह अपने पास आने वाली हर चीज को अपने भीतर खिंचकर उसका अस्तित्व मिटा देगा। यहाँ भौतिक विज्ञान का कोई भी नियम लागू नहीं होता है। ब्लैक होल अपने आप में एक रहस्य है।

५. बिग-बैंग थियरी या  महाविस्फोट का सिद्धांत

सौजन्य: विश्व विज्ञान

जार्ज लेमैत्रे ने सन् १९२७ में ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति का सिद्धांत प्रतिपादित किया। इस सिद्धांत के अनुसार ब्रह्माण्ड का सृजन एक महाविस्फोट के कारण हुआ था। इसको बिग-बैंग थियरी या महाविस्फोट का सिद्धांत कहते हैं। बिग-बैंग थ्योरी के अनुसार, १३.७ अरब वर्ष पूर्व, ब्रह्माण्ड सिमटा हुआ था। इसमें विस्फोट हुआ जिसमें इतनी अधिक ऊर्जा उत्सर्जित हुयी कि इसमें सिमटा हुआ हर कण फैलता गया जिससे ब्रह्माण्ड की रचना हुई और ब्रह्माण्ड का विस्तार आज भी जारी है। सारी मान्यताऐं महाविस्फोट के सिद्धांत से ही परिभाषित होती हैं। समय, अंतरिक्ष की मान्यताऐं भी महाविस्फोट के सिद्धांत के अस्तित्व में आने के बाद में ही आयीं। 

उपसंहार

ब्रह्माण्ड के रहस्य बहुत ही रोचक और गहरे हैं। ब्रह्माण्ड के बारे में हम अभी तक जो भी जान पाए हैं, वह पूरे ब्रह्माण्ड के रहस्य का अंशमात्र है। ब्रह्माण्ड का अभी भी विस्तार हो रहा है। अंतरिक्ष, सूर्य, ग्रह, उपग्रह, तारे, नक्षत्र,  आकाशगंगाऐं, ब्लैक होल तथा ऊर्जा आदि को संयुक्त रूप से ब्रहमाण्ड कहते हैं। अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण बल नहीं है। ब्लैक-होल के भीतर गुरुत्वाकर्षण बल इतना प्रबल होता है कि इसके भीतर आने वाली हर वस्तु नेस्तनाबूत हो जाती है। हम सौरमंडल के पृथ्वी ग्रह पर पर रहते हैं। सौरमंडल में सूर्य स्थिर है और पृथ्वी सहित सभी ग्रह-उपग्रह, सूर्य की परिक्रमा करते हैं। पृथ्वी, सूर्य के चारों ओर एक वर्ष में एक चक्कर लगाती है जिससे ऋतुएँ होती हैं और अपनी धुरी पर चौबीस घंटे में एक चक्कर लगाती है जिससे दिन-रात होता है। 

ब्रह्माण्ड से संबंधित अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न और उनके उत्तर (FAQ):

प्रश्न-१: ब्रह्माण्ड क्या है?

उत्तर: ब्रह्माण्ड एक विशाल खाली स्थान है जिसमें तारामंडल, ग्रह, तारे, गैलेक्सी, नीला स्थल और अनेक अन्य खगोलीय वस्तुएँ होती हैं।

प्रश्न-२: ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति कैसे हुई?

उत्तर: ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति को "बिग-बैंग थ्योरी" से परिभाषित किया जाता है। यह करीब 13.7 बिलियन वर्ष पहले हुई थी। इसमें एक बहुत छोटे और उच्च तापमान वाले बिंदु से ब्रह्माण्ड का विस्तार हुआ।

प्रश्न-३: क्या ब्रह्माण्ड का विस्तार हो रहा है?

उत्तर: हाँ, ब्रह्माण्ड का निरंतर विस्तार हो रहा है। यह धारणा है कि महाविस्फोट के बाद से ब्रह्माण्ड निरंतर बढ़ रहा है।

प्रश्न-४: ब्रह्माण्ड की उम्र क्या है?

उत्तर: खगोलविदों के अनुसार, ब्रह्माण्ड की उम्र लगभग 13.7 बिलियन वर्ष है।

प्रश्न-५: ब्रह्माण्ड में क्या जीवन हो सकता है?

उत्तर: अभी तक केवल पृथ्वी पर ही जीवन का पता चला है, लेकिन खगोलविदों और वैज्ञानिकों के अनुसार, ब्रह्माण्ड में अन्य ग्रहों पर भी जीवन हो सकता है।

प्रश्न-५: ब्रह्माण्ड के आकार के बारे में क्या कहा जा सकता है?

उत्तर: ब्रह्माण्ड के आकार को लेकर वैज्ञानिकों में मतभेद है। कुछ वैज्ञानिक मानते हैं कि यह अनंत है, जबकि दूसरे मानते हैं कि यह सीमित है, लेकिन इसके विस्तार की दर इतनी अधिक है कि हमें यह अनंत प्रतीत होता है।

प्रश्न-६: हम ब्रह्माण्ड के कितने हिस्से को देख सकते हैं?

उत्तर: हम जितने ब्रह्माण्ड के हिस्से को देख सकते हैं, उसे 'दृश्य ब्रह्माण्ड' कहा जाता है। यह हमारे द्वारा देखे जा सकने वाले सबसे दूरी तारामंडल तक फैला हुआ है।

प्रश्न-७: क्या हम ब्रह्माण्ड के बाहर देख सकते हैं?

उत्तर: नहीं, हम ब्रह्माण्ड के 'बाहर' देखने में सक्षम नहीं हैं क्योंकि हमारे पास इसे मापने या समझने का कोई माध्यम नहीं है। ब्रह्माण्ड की सीमाओं के परे क्या है, यह एक अज्ञात ही है।

श्रोत: गूगल

*****





8 मई 2023

सृजन के नियम (LAW OF CREATION)

यह लेख एनमैरी पोस्टमा द्वारा लिखित पुस्तक, "द सीक्रेट" जो डा. सुधीर दीक्षित द्वारा हिन्दी अनुवादित पुस्तक-"गहरा रहस्य" पर आधारित है। ऐनमैरी पोस्टमा जब बचपन में ही थीं कि उनकी मां गुजर गईं। ग्यारह साल की उम्र में अचानक उनके कमर के नीचे का हिस्सा बेजान हो गया और वे ह्वीलचेयर पर आ गयीं। तो वे अपनी इच्छा के बदौलत ही असंभव दिख रही मंजिलों तक पहुँचने में सफलता पायीं और वे यूरोप की पहली पेशेवर ह्वीलचेयर माडल बनीं तथा कई बेस्टसेलिंग पुस्तकें भी लिखीं। 

“द सीक्रेट” में सृजन का नियम समझाया गया है। इसमें लेखिका कहती हैं कि, "हम अपने जीवन की परिस्थितियों को स्वयं सृजन करते हैं। क्योंकि हम अपने अधिकांश बाहरी संसार का निर्माण, अपने आंतरिक संसार से ही करते हैं। सच तो यह है कि हम निरंतर सृजन कर रहे हैं। हालांकि अक्सर इसका हमें अहसास नहीं होता है। एक के बाद एक, आते विचारों से ही हम अपने जीवन को आकार देते हैं। हम जिस पर गहराई से ध्यान केंद्रित करते हैं, वही हमारे जीवन में बढ़ता है- चाहे वह अच्छा हो या बुरा।" 

सौजन्य: StoryMirror

प्रस्तावना

हमें ज्ञात हो या न हो, हम लगातार सृजन कर रहे हैं। लेकिन आपको ठीक वैसे ही जीवन का सृजन करना चाहिए, जैसा जीवन जीने के लिए आप पैदा हुए थे। इसके लिए आपको सृजनात्मक शक्ति के बारे में जागरूक बनना होगा, उसका दोहन करना होगा और उद्देश्यपूर्ण ढंग से उसका उपयोग करना सीखना होगा। आप ब्रह्माण्ड के प्रतिबिंब हैं। आपमें असीम क्षमता मौजूद है और ऐसी कोई चीज नहीं है, जिसे आप प्राप्त नहीं कर सकते। इस लेख में यह बताया गया है कि आप अपने जीवन के सभी महत्वपूर्ण स्तरों पर ब्रह्माण्ड के साथ मिलकर कैसे काम करें? यह आपके उस मनचाहे जीवन के सृजन करने का मार्गदर्शन करता है, जैसा जीवन आपको जीना चाहिए। 

सृजन के बारह नियम:-

नियम १. अपनी इच्छा को मुक्त करें


हम बहुत अधिक इच्छाएँ रखते हैं पर हमें ठीक-ठीक यह पता नहीं होता है कि वास्तव में हम क्या चाहते हैं? और क्यों चाहते हैं? इच्छाएँ तो सागर की लहरों की तरह एक के बाद एक मष्तिष्क में आती रहती हैं। उनमें से अच्छी भी होती हैं और बुरी भी। ब्रह्माण्ड उन इच्छाओं को पूरा करता है जो आपके लिए हितकर होती है। चूंकि बुरी इच्छाएँ मन-मष्तिष्क को दूषित करती हैं, विषाक्त बनाती हैं, जो बहुत बड़ी हानि है। इसलिए शुभेच्छा करें, शुभ कामनाएं करें। 
इच्छा शक्ति, जीवित बचे रहने के लिए उत्कृष्ट ईंधन है। लेकिन जीवन को जिया कैसे जाय? ब्रह्माण्ड की वास्तविक समृद्धि को कैसे पाया जाय? यह सीखने के लिए, हमें अपनी आंतरिक शक्तियों, जैसे- आत्मज्ञान, साहस, समर्पण और विश्वास की आवश्यकता होती है। 

नियम-२. दिल से इच्छा करें


जब तक हम अपनी सोच और मान्यताओं में दीवारें खड़ी करती रहेंगे, हम उनमें कैद रहेंगे।  सृजन का नियम, इरादे से ही प्रारंभ होता है यानी अपनी भावनाओं की बताई दिशा में अपने विचार केन्द्रित करना। इच्छा-शक्ति, सृजन का एक सशक्त साधन है। इरादा समर्पण, विश्वास और आंतरिक ज्ञान की अभिव्यक्ति है। इरादे दो प्रकार के होते हैं: अहं का इरादा और हृदय का इरादा। अहं के इरादे में भय, जकड़न और नियंत्रण होता है जबकि हृदय के इरादे में प्रेम, स्वतंत्रता, समर्पण और विश्वास होता है। अहं के इरादे में हर चीज आपकी खुशी, आपके कल्याण, आपकी सफलता के इर्द-गिर्द घूमती है। हृदय का इरादा मूलतः धन, शक्ति, ओहदे या प्रसिद्धि से संचालित नहीं होता। जब आप हृदय के इरादे से जीते हैं तो ब्रह्माण्ड अधिक आसानी से आपकी सेवा कर सकता है। आपको वही चीजें मिलती हैं जिनसे आपका अहं नहीं जुड़ा होता, यह ब्रह्माण्ड का नियम है। 

नियम-३. जानें कि आप जो चाहते हैं, क्यों चाहते हैं? 


जब आप बिना पर्याप्त कारण के कोई चीज चाहते हैं तो आपकी इच्छा पूरी नहीं हो सकती। इसलिए जब आप कोई चीज चाहें तो यह महत्वपूर्ण है कि आप इस बारे में पूर्णतः स्पष्ट रहें कि आप क्या चाहते हैं और आप उसे क्यों चाहते हैं? आप कोई चीज को पाना चाहते हैं तो- आपको पूरे दिल से, शिद्दत से चाहत रखना होगा। ब्रह्माण्ड के साथ संवाद करने का केवल एक ही तरीका है और वह है अपनी भावनाओं के जरिए, ब्रह्माण्ड को संप्रेषित करना। ब्रह्माण्ड ऊर्जा है, इसलिए जो आप पाना चाहते हैं, उन्हें अपनी भावनाओं को ऊर्जा के रूप में रुपांतरित करके ब्रह्माण्ड को संप्रेषित करना होगा। तभी ब्रह्माण्ड आसानी से आपकी सहायता कर सकता है। उदाहरण के लिए यदि आप नया मकान चाहते हैं तो आप इस बात पर ध्यान केंद्रित करें कि आपको तब कैसा लगेगा? जब घर हूबहू आपके मनचाहे चित्र जैसा दिखेगा। 

नियम-४. आप जो चाहते हैं उसमें विश्वास करें


आपको अपनी मनचाही चीज प्राप्त करने के लिए गहराई से विश्वास करना होगा तभी आपको इच्छित वस्तु मिलेगी। यदि इसमें आपको एक प्रतिशत भी संदेह है तो आपकी इच्छा साकार नहीं होगी। सच्ची आस्था तभी आ सकती है जब आप तनावपूर्ण और भयभीत न हों, बल्कि राह में आने वाली हर चीज से निबटने को तैयार हों, चाहे यह चीज जो भी हो। सच्ची आस्था के लिए अनचाहे जबाबों और परिणामों का जोखिम लेने का साहस होना चाहिए, बाधाओं से उबरने की तैयारी होनी चाहिए। 

सौजन्य: You Tube

नियम-५. निर्णय लें, चयन करें

निर्णय लेने का अर्थ है, लक्ष्य तय करने का साहस करना, अपनी ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित करना और अपनी मनचाही चीज के सभी परिणामों की पूरी जिम्मेदारी लेना। जब आप प्रतिक्रिया करते हैं तब आप निष्क्रिय ऊर्जा भेजते हैं। और जब आप अपने भाग्य में भागीदारी करने का निर्णय लेते हैं तब आप सक्रिय ऊर्जा भेजते हैं। यदि आप निर्णय नहीं लेते हैं, तब भी आप सृजन कर रहे हैं- बस अनिर्णय की ऊर्जा, बिना दिशा या केन्द्र-बिंदु के सृजन करती है।

नियम-६. अपने नकारात्मक प्रवाह को पहचाने


सकारात्मक प्रवाह, जीवन-शक्ति है, सृजनात्मक शक्ति है। यह स्वयं को सत्य और प्रेम के रूप में प्रकट करता है। नकारात्मक प्रवाह, सकारात्मक प्रवाह का विरोधी होता है। यह जीवन-प्रगति और विकास को 'ना' कह देता है। यदि आप अपनी सृजनात्मक शक्ति का प्रभावी उपयोग करना सीखना चाहते हैं तो आपको अपने अंदर के नकारात्मक प्रवाह से पूरी तरह मुक्त होकर, सकारात्मक प्रवाह को प्रवाहित करना होगा। 

नियम-७. छोड़ना सीखें


निर्णय लेने का आशय है, अपना आरामदायक दायरा (Comfort Zone) छोड़ने के लिए तैयार होना। अधिकतर लोग अपने पुराने, जाने-पहचाने स्वरूपों को पकड़े रहना पसंद करते हैं, चाहे वे कितने ही नकारात्मक और विनाशकारी क्यों न हों। क्योंकि पुराने स्वरूपों का परिणाम पहले से पता होता है, इसलिए यह सुरक्षित (Safe) लगता है। आप एक चीज को छोड़े बिना दूसरी चीज नहीं चुन सकते। जीवन में मनचाही चीज को पाने के लिए आपको उन सभी मान्यताओं को छोड़ना होगा जो अब तक आपको पीछे रोक रखी हैं। 

नियम- ८. वर्तमान में जिएं

वर्तमान में जीने के लिए गहरे विश्वास की जरूरत होती है। अपनी सृजनात्मक शक्ति का उपयोग करना सीखना और वर्तमान में जीना, इन दोनों में गहरा संबंध है। "द सीक्रेट" आपसे वादा करती है कि आप जीवन में जो भी चाहते हैं, उसे प्राप्त कर सकते हैं लेकिन पहला कदम है, उसे चाहत करना जो आपके पास है। चूंकि अतीत और भविष्य की सारी घटनाएं वर्तमान में होती हैं, इसलिए सृजनात्मक शक्ति का उपयोग करने के लिए आपको वर्तमान में जीना होगा।  

नियम-९. अपना उत्तरदायित्व स्वीकार करें


अपनी जिम्मेदारी लेना, अपनी आंतरिक मान्यताओं और बाहरी परिस्थितियों के आपसी संबंध को स्वीकार करना है। जब आप अपने लिए जिम्मेदारी लेते हैं तब आप यह निर्णय लेते हैं कि आगे से आप अपने जीवन की कमान अपने हाथों में थाम लेंगे। शिकायतें और आरोप लगाने की आदत एवं अपनी आलोचना करने के ढंग को छोड़कर, स्वयं को पीड़ित की भूमिका से दूर रखकर, आप अपने उपर उत्तरदायित्व लेने की बुनियाद तैयार करते हैं। 

नियम- १०. अपने आत्मसम्मान को सशक्त बनाएं


चूंकि हमारे आंतरिक संसार से ही हमारा बाहरी संसार बनता है, इसलिए अक्सर हमारी आत्म-छवि से ही हमारा भाग्य तय होता है। आप जैसे भी हैं, जब आप स्वयं को उसी स्वरूप में प्रेम करने और महत्व देने का चुनाव करते हैं तो आप शक्तिशाली बनने की दिशा में कदम उठाते हैं और स्वयं को ब्रह्माण्ड की शक्ति से जोड़ लेते हैं। स्वस्थ आत्मसम्मान के बिना आप सृजन के नियम कैसे कार्य करते हैं, यह तो समझ सकते हैं पर आप उन्हें सक्रिय करने में समर्थ नहीं होंगे। यदि आपमें आत्मसम्मान का प्रबल अहसास है है तो आपके विचार सकारात्मक और सृजनात्मक होंगे, जिनसे आप सकारात्मक परिस्थितियों का निर्माण कर सकेंगे। आत्मसम्मान का स्वस्थ अहसास आत्मविश्वास बढ़ाता है जिससे आप उचित निर्णय लेने में समर्थ होते हैं। आत्मसम्मान, आपको आपके आंतरिक शक्ति से जोड़ता है जिससे आप अपने भीतर की सृजनात्मक शक्ति का सचेतन उपयोग कर सकें।

नियम- ११. आप जो पाना चाहते हैं, वह दें


आप जो पाना चाहते हैं उसे देना, सृजन के नियम का सच्चा रहस्य है। जब आप अपनी सबसे मनचाही चीज देने में समर्थ होते हैं तो आपका आंतरिक स्वरूप आपकी इच्छा के तार को झनझना देता है और आप यह पहचान लेते हैं कि ब्रह्माण्ड किन रूपों में वह चीज दे रहा है। देना और पाना, मूलतः एक ही चीज है- ऊर्जा के ब्रह्माण्डीय प्रवाह के दो पहलू। आप जीवन में जो देते हैं आपको हमेशा वही मिलता है।

नियम-१२. अपना उद्देश्य जाने


आप यहाँ संसार में क्यों आये हैं? आपके जीवन का क्या उद्देश्य है? यह जानने की इच्छा, मानसिक और आध्यात्मिक विकास के लिए अनिवार्य है। उद्देश्यहीन लोगों का जीवन अस्पष्ट और खोखला हो सकता है। यदि आप अपने जीवन का उद्देश्य नहीं जानते तो आप अपने लिए सही चीजों का सृजन नहीं कर सकते।

गहरे रहस्य का ध्यान


शांतिपूर्ण पल का चयन करें। फर्श पर, गद्दी पर या उस कुर्सी पर आरामदेह मुद्रा में बैठें जो भोजनकक्ष की कुर्सी जितनी ऊंची हो। यदि आप फर्श पर या कुशन पर बैठ रहे हैं तो कमल मुद्रा में बैठें या पालथी मार लें। अपनी कमर, कंधे और सिर को सीधे रखें। हाथों को अपने गोद में रख लें। अब अपने ध्यान को बाहरी संसार से हटाकर अपने श्वास पर केन्द्रित करें। नाक से सांस लें, पल भर अंदर रोकें और फिर मुंह से सांस को बाहर छोड़ें। आप सांस लेने में जितनी देर लगाते हैं उससे अधिक समय सांस छोड़ने में लगायें। सांस को अपने थोड़े खुले होठों के बीच से धीरे से निकलने दें। इस दौरान होठों को न भींचें और सांस को बाहर निकालने पर अधिक जोर न लगाएं। जब बाहरी विचार आयें तो अपना ध्यान पुनः अपनी सांस पर केन्द्रित करें। 

हर अंदर आनेवाली सांस के साथ उन गुणों को अंदर ग्रहण करने पर ध्यान केन्द्रित करें, जिनकी आवश्यकता आपको अपने विकास के लिए सबसे ज्यादा हो, जैसे- साहस, इच्छा शक्ति और लगन। हर बाहर निकलने वाली सांस के साथ अपना ध्यान अपने व्यक्तित्त्व के उन पहलुओं को छोड़ने पर केन्द्रित करें जो आपके लक्ष्य को साकार करने की दिशा में बाधा डालते हैं, जैसे- डर, शंका या असुरक्षा। 

इसे पांच मिनट से अधिक समय तक हर दिन या सप्ताह में कई बार करें। प्रारंभ में आपको इससे कुंठा हो सकती है। और ये लग सकता है कि कुछ भी नहीं हो रहा है। लेकिन स्वयं को  हताश न होने दें। यदि आप अभ्यास करते रहेंगे तो आपको सचमुच तीव्र परिणाम मिलेंगे और आप अभ्यासों के परिणाम को अधिक स्पष्टता से देखने लगेंगे।

सारांश

जो लोग अपने आत्मज्ञान को गहरा बनाते हैं, वे आंतरिक स्तर पर अधिक प्रेमपूर्ण, समृद्ध और स्वतंत्र बनते हैं और उनके पास देने के लिए अधिक होता है। जिन लोगों के पास देने के लिए अधिक होता है, ब्रह्माण्ड उन्हें ही देता है। ऐसे लोग यह देखकर आश्चर्यचकित रह जायेंगे कि ब्रह्माण्ड उन्हें कितना कुछ दे सकता है। यही नहीं, उन्हें जीवन के रहस्यों का ज्ञान भी हो सकेगा।

 -------

 इस लेख के बारे में आपके विचार कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें। 🙏


सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...