माता-पिता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
माता-पिता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

23 अक्टूबर 2026

एक मुट्ठी चावल और माँ का प्यार : एक भावुक कहानी

एक गाँव के किनारे पर एक घर था, जिसकी दीवारें मिट्टी की और छत खपरैल की थी। घर के आँगन में एक पुराना नीम का पेड़ था। उसमें सुमित्रा नामकी एक विधवा औरत रहती थी। वह गाँव के लोगों के घरों में काम करके अपनी जीविका चलाती थी। सुमित्रा का पति कई वर्ष पहले एक बीमारी के कारण दुनियाँ छोड़ गया था। सुमित्रा के जीवन का एकमात्र सहारा उसका दस वर्षीय बेटा मोहन था। पति की मृत्यु के बाद उसने अपने बेटे के भविष्य के लिए बहुत संघर्ष किया। वह रोज सुबह भोर में ही उठ जाती, घर के काम निपटाती, मोहन के लिए खाना बनाती और फिर काम पर निकल जाती। शाम को थकी हुई लौटती, लेकिन बेटे को देखते ही उसके चेहरे पर मुस्कान आ जाती। मोहन भी अपनी माँ से बहुत प्यार करता था। जब कभी वह अपनी माँ के फटे हुए कपड़े देखता, तो उसका मन उदास हो जाता। एक दिन उसने अपनी माँ से पूछा, "माँ, तुम अपने लिए नए कपड़े क्यों नहीं खरीदतीं? तुम्हारी साड़ी तो जगह-जगह से फट गई है।" सुमित्रा मुस्कराई और बोली, "बेटा, मेरे पास तो बहुत सुंदर कपड़े हैं। मुझे इनसे अच्छे कपड़ों की क्या जरूरत? तू खूब पढ़-लिखकर बड़ा आदमी बन जा, फिर मेरी सारी खुशियाँ पूरी हो जाएँगी।" मोहन ने मासूमियत से पूछा, "माँ, मैं जब बड़ा आदमी बनूंगा तो तुम्हारे लिए क्या लाऊँगा?" माँ ने प्यार से उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, "बेटा! तुम बस, इतना करना कि जब मैं बूढ़ी हो जाऊँ, तो मेरा हाथ मत छोड़ना।" मोहन ने माँ का हाथ पकड़कर कहा, "माँ, मैं तुम्हें कभी अकेला नहीं छोड़ूँगा।" सुमित्रा की आँखें भर आईं। उसने बेटे को सीने से लगा लिया। उसे क्या पता था कि समय एक दिन उसके इसी वादे की परीक्षा लेने वाला है।

दिन बीतते गए। मोहन स्कूल जाने लगा। वह पढ़ाई में बहुत होशियार था। उसके शिक्षक अक्सर सुमित्रा से कहते, "बहन, तुम्हारा बेटा बहुत प्रतिभाशाली है। इसे पढ़ाना मत छोड़ना। एक दिन यह तुम्हारा बेटा, नाम रोशन करेगा।" यह सुनकर सुमित्रा का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता। लेकिन बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाना उसके लिए आसान नहीं था। कई बार तो घर में सिर्फ इतना ही अनाज होता कि माँ-बेटा, दोनों लोगों का पेट भरना मुश्किल हो जाता। तब सुमित्रा एक अनोखा बहाना बनाती। वह मोहन की थाली में रोटी और सब्जी परोसकर कहती, "बेटा, तू खा ले, आज मुझे भूख नहीं है।" मोहन खाना खाने लगता और माँ उसे प्यार से निहारती रहती। एक रात मोहन की नींद खुली तो उसने देखा कि माँ रसोई के कोने में बैठी पानी पी रही थी। उसने पूछा, "माँ, तुमने खाना क्यों नहीं खाया?" सुमित्रा ने तुरंत जवाब दिया, "बेटा, मैंने दोपहर में ही खा लिया था।" लेकिन मोहन ने देखा कि माँ की आँखें नम थीं और पास रखे बर्तन खाली थे। वह समझ गया कि माँ ने उससे झूठ बोला है। उस रात उसने मन ही मन एक संकल्प लिया— एक दिन वह इतना सफल बनेगा कि उसकी माँ को कभी भूखे पेट नहीं सोना पड़ेगा। अगले दिन से मोहन अपनी पढ़ाई के साथ-साथ छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगा। उससे जो थोड़े पैसे मिलते, उनमें से कुछ माँ के हाथ पर रख देता। सुमित्रा पैसे वापस करते हुए कहती, "अभी तू बच्चा है। इन पैसों से अपनी किताबें खरीद लेना।" मोहन मुस्कराकर जवाब देता, "माँ, तुम्हारी दुआएँ ही मेरी सबसे बड़ी किताब हैं।" सुमित्रा उसे गले लगा लेती। गरीबी उनके घर में जरूर थी, लेकिन प्रेम की कोई कमी नहीं थी।

समय के साथ मोहन ने दसवीं की परीक्षा अच्छे अंकों से पास कर ली। उसके शिक्षक ने मोहन की माँ को सलाह दी कि उसे आगे की पढ़ाई के लिए शहर भेजना चाहिए। यह सुनकर सुमित्रा खुश तो हुई, लेकिन उसके मन में चिंता भी थी कि शहर में रहने, पढ़ने और खाने का खर्च कहाँ से आएगा? उस रात वह देर तक सो नहीं सकी। अगली सुबह उसने अपनी छोटी-सी संदूकची खोली। उसमें उसकी शादी की एकमात्र निशानी, "चाँदी की पायल और सोने की एक पतली-सी अंगूठी" रखी थी। उसने उन गहनों को हाथ में लिया। कुछ देर तक उनको निहारती रही। उस समय उसकी आँखों के सामने पति की यादें घूमने लगीं। फिर उसने आँसू पोंछे और गहने लेकर सुनार के पास चली गई। गहने बेचकर जो पैसे मिले, उनसे उसने मोहन की पढ़ाई का इंतजाम किया। जब मोहन को इस बात का पता चला, तो वह माँ के पैरों में बैठकर रोने लगा। "माँ, तुमने ये क्या किया? अपने आखिरी गहने भी बेच दिए? मैं शहर नहीं जाऊँगा। यहीं रहकर कुछ काम कर लूँगा।" सुमित्रा ने उसके आँसू पोंछते हुए कहा, "पगले! गहने तो फिर बन जाएँगे, लेकिन जिंदगी में आगे बढ़ने का हर अवसर बार-बार नहीं मिलता। तू मेरे गहनों की चिंता मत कर। मेरी असली दौलत तो तू है।" मोहन ने माँ के पैरों में अपना माथा रखकर कहा, "माँ! मैं तुम्हारे हर आँसू का हिसाब अपनी मेहनत से चुकाऊँगा।" सुमित्रा ने उसे तुरंत उठाकर गले लगा लिया। "बेटा, माँ का कर्ज कभी चुकाया नहीं जाता। बस, इतना करना कि अपनी सफलता के साथ अपनी इंसानियत मत खो देना।" ये शब्द मोहन के हृदय में हमेशा के लिए बस गए।

मोहन शहर चला गया। शुरुआत में उसे बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कभी पैसों की कमी, कभी भोजन की परेशानी, तो कभी अकेलेपन का दर्द। लेकिन जब भी उसका मन टूटने लगता, उसे अपनी माँ का चेहरा याद आ जाता। वह देर रात तक पढ़ता। छुट्टियों में छोटे-मोटे काम करता और अपनी जरूरतें सीमित रखता। हर रविवार माँ को फोन करता। "माँ, खाना खाया?" उधर से हमेशा एक ही जवाब आता, "हाँ बेटा, मैंने खाना खा लिया। तू अपनी चिंता कर।" मोहन पूछता, "माँ, दवा समय पर लेती हो न?" माँ कहती, "हाँ बेटा, सब ठीक है। तू बस मन लगाकर पढ़ाई कर।" माँ-बेटा, दोनों एक-दूसरे से अपनी परेशानियाँ छिपाते रहे। जैसे मााँ सुमित्रा नहीं चाहती थी कि बेटे की पढ़ाई में कोई बाधा आए, वैसे ही उसका बेेटा भी  नहीं चाहता था कि उसकी माँ को लगे कि वह दुखी है। वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत के बाद मोहन ने प्रतियोगी-परीक्षा पास कर ली और उसे सरकारी विभाग में एक प्रतिष्ठित पद मिल गया। उस दिन उसने सबसे पहले अपनी माँ को फोन करके बोला, "माँ! तुम्हारा बेटा आज सफल हो गया!" फोन के दूसरी ओर कुछ क्षणों तक सन्नाटा रहा। फिर सुमित्रा की काँपती हुई आवाज आई, "सच कह रहा है, बेटा?" "हाँ माँ! अब तुम्हें कभी किसी के घर काम करने नहीं जाना पड़ेगा। अब तुम्हारा बेटा तुम्हारी सारी परेशानियाँ दूर कर देगा।" यह समाचार सुनकर सुमित्रा खुशी के मारे, रोने लगी। उसने आसमान की ओर देखकर कहा, "हे भगवान! आज मेरी तपस्या सफल हो गई।"

मोहन अब एक बड़े शहर में रहने लगा। अच्छा घर, अच्छी गाड़ी और सम्मानजनक पद— उसके पास वह सब कुछ था, जिसके सपने उसने बचपन में देखे थे। उसने गाँव में माँ के लिए एक पक्का मकान भी बनवा दिया। लेकिन सफलता की भागदौड़ में धीरे-धीरे उसकी व्यस्तता बढ़ती गई। पहले हर रविवार फोन आता था, फिर महीने में दो-तीन बार आने लगा। कभी अपने  बड़े अधिकारियों के साथ बैठक, कभी आधिकारिक दौरा तो कभी कोई जरूरी विभागीय काम। सुमित्रा फोन की घंटी सुनते ही दौड़कर फोन उठाकर बोलती, "बेटा, कैसे हो?" मोहन जल्दी में कहता, "मैं ठीक हूँ, माँ। अभी थोड़ी व्यस्तता है। बाद में बात करता हूँ।" और फोन कट जाता। सुमित्रा कुछ पल फोन को देखती रहती। फिर उसे धीरे से रख देती। वह अपने बेटे से नाराज नहीं थी। उसे लगता था कि बेटा अपने काम में व्यस्त है और एक दिन समय निकालकर जरूर आएगा। हर त्योहार पर वह मोहन के पसंदीदा पकवान बनाती, दरवाजे पर बैठकर सड़क की ओर देखती और सोचती कि शायद आज मेरा बेटा आ जाए। लेकिन हर बार शाम ढल जाती और वह अकेली ही खाना खाकर सो जाती। एक दिन पड़ोस की बुजुर्ग महिला ने उससे पूछा, "सुमित्रा, तुम्हारा बेटा इतना बड़ा अधिकारी बन गया है। फिर तुम यहाँ अकेली क्यों रहती हो? उसके पास जाकर क्यों नहीं रहती?" सुमित्रा ने मुस्कराकर कहा, "वहाँ उसका अपना काम है, बहन। मैं गाँव में ठीक हूँ। जब उसे समय मिलेगा, वह जरूर आएगा।" उसकी मुस्कान के पीछे छिपे उसके दर्द को कोई नहीं देख पाया। माँ का दिल भी कितना अजीब होता है! वह बच्चों की बेरुखी में भी उनकी मजबूरी ढूँढ़ लेता है।

एक दिन मोहन को अपने गाँव के एक पुराने शिक्षक का फोन आया। उन्होंने कहा, "बेटा, तुम्हारी माँ की तबीयत कुछ ठीक नहीं है। अगर संभव हो तो तुम एक बार आकर उनसे मिल लो, वह तुम्हें बहुत याद करती हैं।" यह सुनकर मोहन बेचैन हो गया। उसने तुरंत छुट्टी ली और गाँव के लिए निकल पड़ा। कई वर्षों बाद जब वह अपने घर पहुँचा, तो उसने देखा कि उसकी माँ चारपाई पर लेटी हुई थी। चेहरा पीला, शरीर कमजोर हो गया था, बाल सफेद हो चुके थे और हाथ काँप रहे थे। लेकिन बेटे को देखते ही उसकी माँ की आँखों में वही पुरानी चमक लौट आई। वह बोली, "मोहन! तू आ गया, बेटा?" मोहन माँ के पास बैठ गया और उसका हाथ पकड़कर रोने लगा। "माँ, मुझे माफ कर दो। मैं बहुत व्यस्त हो गया था। मुझे तुम्हारे पास बहुत पहले ही आना चाहिए था।" सुमित्रा ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, "रोता क्यों है, बेटा? तू खुश है न? बस, मेरे लिए इतना ही काफी है।" मोहन ने माँ को शहर ले जाने की बात कही। माँ ने धीरे से सिर हिलाया। "बेटा, अब मेरा मन कहीं जाने का नहीं करता। बस, कुछ दिन मेरे पास रुक जा। बहुत दिन हो गए तुझसे बातें किए हुए।" मोहन की आँखें झुक गईं और गला भर आया। वह समझ गया कि माँ को बड़े घर, महँगी चीजों या पैसों की जरूरत नहीं थी। उसे तो केवल अपने लाडले बेटे का थोड़ा-सा समय चाहिए था। शाम को सुमित्रा ने उससे कहा, "बेटा, रसोई में एक छोटी-सी डिब्बी रखी है। उसे मेरे पास ले आ।" मोहन डिब्बी उठा लाया। उसमें थोड़े-से चावल रखे थे। उसने आश्चर्य से पूछा, "माँ, आपने ये चावल क्यों सँभालकर रखे हैं?" सुमित्रा मुस्कराते हुए बोली, "याद है, बेटा? जब तू छोटा था, हमारे घर में कई बार खाने के लिए कुछ नहीं होता था। एक दिन मैंने तुझे अपनी थाली के आखिरी चावल खिलाए थे और कहा था कि मैंने खाना खा लिया है। तूने उस दिन अपनी आधी रोटी मुझे खिला दी थी।" मोहन को वह घटना धुँधली-सी याद आने लगी। माँ ने आगे कहा, "उस दिन मैंने सोचा था कि मेरा बेटा बड़ा होकर खूब कमाएगा। लेकिन मन में एक डर भी था कि कहीं वह इतना बड़ा न हो जाए कि अपने छोटे-से घर और अपनी बूढ़ी माँ को ही भूल जाए।" मोहन की आँखों से आँसू बहने लगे। सुमित्रा ने काँपते हाथों से चावल की डिब्बी उसकी ओर बढ़ाई। "बेटा, ये चावल कोई कीमती चीज नहीं हैं। इन्हें इसलिए सँभालकर रखा था कि जब कभी तू मेरे पास आए, तो तुझे यह याद दिला सकूँ कि जीवन में सबसे कीमती चीज पैसा नहीं, बल्कि अपनों का साथ है।" मोहन, अपनी माँ के पैरों में सिर रख फूट-फूटकर रोते हुए बोला, "माँ! मुझे माफ कर दो। मैंने दुनियाँ में सब कुछ पाने की कोशिश में तुम्हें समय देना ही भूल गया।" माँ ने उसके सिर पर हाथ रखा। "बेटा, माँ अपने बच्चों को माफ करने के लिए कभी कोई वजह नहीं माँगती। बस, अब अपने जीवन में इस बात का ध्यान रखना कि तुम्हारी सफलता, किसी अपने की उदासी का कारण न बन जाए।" उस रात मोहन बहुत देर तक माँ के पास बैठा रहा। पहली बार उसे एहसास हुआ कि जिस सुख को पाने के लिए वह वर्षों से इधर उधर दौड़ रहा था, वह सुख तो उसके बचपन के उसी छोटे-से घर में था।

अगली सुबह मोहन माँ के लिए चाय बनाकर लाया। सुमित्रा ने आश्चर्य से पूछा, "आज सूरज पश्चिम से कैसे निकल आया जो मेरा बेटा मेरे लिए चाय बना रहा है?" दोनों खिलखिलाकर हँस पड़े। कई वर्षों बाद उस घर में ऐसी हँसी गूँजी थी, जिसमें कोई चिंता नहीं थी, कोई जल्दी नहीं थी और कोई दूरी नहीं थी। मोहन ने अगले कुछ दिन माँ के साथ बिताए। वह उसके पास बैठकर पुरानी बातें सुनता, उसके लिए खाना बनाता और गाँव के मंदिर तक उसे अपने सहारे ले जाता। एक दिन माँ ने कहा, "बेटा, अब तू वापस चला जा। अधिक छुट्टी से तेरे कामकाज  पर असर पड़ेगा।" मोहन ने माँ का हाथ पकड़कर कहा, "माँ, काम तो फिर मिल जाएगा। लेकिन तुम्हारे साथ बिताने के लिए मिला समय कभी लौटकर नहीं आएगा।" सुमित्रा ने बेटे को देखा। उसकी आँखों में अब संतोष था। 

उस दिन मोहन ने तय किया कि वह अपनी जिम्मेदारियों को निभाएगा, लेकिन रिश्तों को कभी अपनी व्यस्तता की भेंट नहीं चढ़ने देगा। उसने माँ की देखभाल के लिए उचित व्यवस्था की और नियमित रूप से गाँव आने लगा। उसने अपने जीवन में काम और परिवार के बीच संतुलन बनाना सीखा। अब जब भी वह किसी जरूरतमंद बुजुर्ग को देखता, तो उसकी मदद जरूर करता। उसे लगता कि शायद किसी और का बेटा भी अपनी व्यस्त दुनियाँ में अपनी माँ का इंतजार भूल गया होगा। सुमित्रा के जीवन में फिर से खुशियाँ लौट आईं। उसके पास अब भी वही साधारण घर था, वही पुराना नीम का पेड़ और वही छोटी-सी रसोई, लेकिन अब उसके घर में एक बड़ी चीज थी, और वह थी— उसके बेटे का साथ। और उधर मोहन? उसने अपनी माँ की दी हुई चावल की डिब्बी हमेशा अपने पास रखी। जब कभी उसे अपने पद, धन या सफलता पर घमंड होने लगता, वह उस डिब्बी को खोलकर चावल के कुछ दाने हाथ में ले लेता। वे छोटे-से दाने उसे याद दिलाते कि उसकी सफलता की नींव माँ की भूख, उसके त्याग और उसकी अनगिनत दुआओं पर रखी गई थी। उसे समझ यह आ गया था कि जीवन में सबसे अमीर वह व्यक्ति नहीं, जिसके पास सबसे अधिक धन है; बल्कि वह है, जिसके पास अपनों का प्यार और उनके साथ बिताने के लिए समय है।

सीख:

मित्रों! जीवन की दौड़ में आगे बढ़ना, धन कमाना और सफलता प्राप्त करना बहुत जरूरी है। लेकिन यह भी याद रखना चाहिए कि हमारी सफलता का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसमें अपनों की खुशियाँ शामिल हों। माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी बच्चों के भविष्य को सँवारने में लगा देते हैं। वे अपनी इच्छाओं का त्याग करते हैं और बच्चों के सपनों को पूरा करने के लिए हर कठिनाई सहते हैं। बदले में उन्हें महँगे उपहारों या बड़ी-बड़ी सुविधाओं की अपेक्षा नहीं होती। वे चाहते हैं कि उनके बच्चे कभी उनके पास बैठें, उनका हाल पूछें, उनकी बातें सुनें और उन्हें यह एहसास कराएँ कि वे अकेले नहीं हैं। इसलिए यदि आपके माता-पिता जीवित हैं, तो उनके पास बैठने के लिए समय निकालिए। यदि वे आपसे दूर रहते हैं, तो आज ही फोन करके उनका हाल पूछिए। यदि वे बूढ़े हो गए हैं, तो उनकी धीमी चाल और कांपती आवाज में बार-बार दोहराई जाने वाली बातों पर झुँझलाइए मत।

याद रखिए, बचपन में आपने जब चलना सीखा था तो उन्होंने आपका हाथ पकड़ा था। अब जब उनके कदम लड़खड़ाने लगे हैं, तो आपका फर्ज बनता है कि अब आप उनका हाथ पकड़ें और उनका सहारा बनें। धन दोबारा कमाया जा सकता है, खोई हुई वस्तुएँ फिर खरीदी जा सकती हैं और बीते हुए अवसरों की जगह नए अवसर मिल सकते हैं। लेकिन याद रखिये, बीता हुआ समय और बिछुड़े हुए अपने लोग हमेशा लौटकर नहीं आते। इसलिए अपनों से प्रेम केवल मन में मत रखिए, उसे अपने व्यवहार में भी उतारिए क्योंकि कभी-कभी किसी अपने को दिया गया आपका दस मिनट का समय, उसके जीवन का सबसे अनमोल उपहार बन जाता है।

कहानी का भावपूर्ण संदेश: 

“सफलता की ऊँचाइयाँ जरूर छूएं, लेकिन उन हाथों को कभी मत भूलिए, जिन्होंने आपको कभी चलना सिखाया था।”

इन कहानियों को भी पढ़ें:


सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...