स्वस्थ आहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
स्वस्थ आहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

11 जुलाई 2026

इकिगाई (IKIGAI) : स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु जीवन का जापानी रहस्य

भूमिका

आज के समय में अधिकांश लोग सुबह से देर रात तक काम में व्यस्त रहते हैं, फिर भी उनके भीतर एक खालीपन बना रहता है। अच्छी नौकरी, पर्याप्त धन, आधुनिक सुविधाएँ और सामाजिक प्रतिष्ठा होने के बावजूद अनेक लोग यह महसूस करते हैं कि उनके जीवन में कोई गहरा उद्देश्य नहीं है। यही कारण है कि तनाव, चिंता, अवसाद और असंतोष जैसी समस्याएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं।

ऐसे समय में जापान से निकला एक सरल लेकिन गहन जीवन-दर्शन पूरी दुनियाँ का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करता है, और वह है, "इकिगाई (Ikigai)"। इकिगाई केवल एक शब्द नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी कला है जो हमें हर दिन उत्साह, संतुलन और संतोष के साथ जीना सिखाती है।

हेक्टर गार्सिया और फ्रांसेस्क मिरालेस द्वारा लिखी गई पुस्तक "इकिगाई: द जापानी सीक्रेट टू अ लॉन्ग एंड हैप्पी लाइफ", लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है। इस पुस्तक में लेखकों ने जापान के ओकिनावा द्वीप के लोगों की जीवनशैली का अध्ययन कर यह समझने का प्रयास किया कि वे न केवल लंबा जीवन जीते हैं, बल्कि वे वृद्धावस्था में भी कैसे स्वस्थ, सक्रिय और प्रसन्न बने रहते हैं।

यह पुस्तक हमें बताती है कि जीवन का सबसे बड़ा सुख केवल अधिक धन कमाने में नहीं, बल्कि ऐसा उद्देश्य खोजने में है जो हर सुबह हमें उत्साह के साथ जगाए।

इकिगाई (IKIGAI) क्या है? 

जापानी भाषा में "इकि" का अर्थ है जीवन और "गाई" का अर्थ है मूल्य, उद्देश्य या जीने का कारण। इस प्रकार इकिगाई का अर्थ है, "वह कारण जिसके लिए आप प्रतिदिन सुबह खुशी और उत्साह के साथ जागते हैं।"

हर व्यक्ति का इकिगाई अलग होता है। किसी के लिए अपने परिवार की देखभाल करना ही जीवन का उद्देश्य है, तो किसी के लिए शिक्षा देना, संगीत रचना, खेती करना, समाज सेवा करना, विज्ञान में शोध करना या किसी कला को निखारना उसका इकिगाई हो सकता है।

इकिगाई कोई ऐसी चीज़ नहीं जिसे बाहर खोजा जाए; यह हमारे भीतर मौजूद रुचियों, मूल्यों, क्षमताओं और जीवन के उद्देश्य का सुंदर मेल है।

इकिगाई के चार प्रमुख स्तंभ

लेखकों ने बताया है कि वास्तविक इकिगाई चार महत्वपूर्ण पहलुओं के मिलन से बनता है।

१. वह कार्य जिसे आप प्रेम करते हैं अर्थात् जिसमें आपकी रुचि और जुनून, दोनों हो। 

२. वह कार्य जिसमें आप कुशल हैं अर्थात् जिस कार्य में आपकी कौशल और प्रतिभा का निखार हो सके। 

३. वह कार्य जिसकी आवश्यकता, दुनियाँ और समाज को है। मतलब समाज के लिए आपका क्या योगदान हो सकता है? 

४. आपका वह पसंदीदा कार्य जिससे आपकी आजीविका भी चलती रहे। 

इकिगाई केवल करियर या धन कमाने तक सीमित नहीं है। यह जीवन में संतोष, उद्देश्य, खुशी और संतुलन का अनुभव कराने वाली जीवनशैली है। 

पुस्तक के लेखक और उनका शोध

लेखक हेक्टर गार्सिया कई वर्षों तक जापान में रहे। जापानी संस्कृति, अनुशासन और जीवनशैली ने उन्हें बहुत प्रभावित किया। उन्होंने लेखक फ्रांसेस्क मिरालेस के साथ मिलकर ओकिनावा के अनेक बुज़ुर्ग लोगों का साक्षात्कार लिया।

उन्होंने देखा कि वहाँ ९० और १०० वर्ष की आयु के लोग भी खेती करते हैं, बागवानी करते हैं, मित्रों से मिलते हैं, हँसते हैं, गाते हैं और अपने दैनिक कार्य स्वयं करते हैं। वे अपने जीवन को बोझ नहीं मानते, बल्कि हर दिन को एक नए अवसर की तरह जीते हैं।

लेखकों ने निष्कर्ष निकाला कि लंबी आयु का रहस्य केवल अच्छी दवाइयों या आधुनिक चिकित्सा में नहीं, बल्कि उद्देश्यपूर्ण जीवन, संतुलित दिनचर्या, स्वस्थ भोजन, मजबूत सामाजिक संबंध और सकारात्मक मानसिकता में छिपा है।

ओकिनावा: जहाँ लोग उम्र नहीं, जीवन जीते हैं। 

जापान का ओकिनावा प्रांत, विश्व के उन क्षेत्रों में गिना जाता है जहाँ सबसे अधिक शतायु लोग (१०० वर्ष या उससे अधिक आयु वाले) रहते हैं। इसे अक्सर "ब्लू ज़ोन" कहा जाता है।

लेकिन ओकिनावा की सबसे बड़ी विशेषता केवल लोगों की लंबी आयु नहीं है। असली बात यह है कि वहाँ के लोग वृद्धावस्था में भी स्वस्थ, सक्रिय और मानसिक रूप से प्रसन्न रहते हैं।

उनकी जीवनशैली की कुछ प्रमुख विशेषताएँ निम्न हैं—

  • हर दिन किसी न किसी उद्देश्य के साथ उठना।
  • नियमित शारीरिक गतिविधि करना।
  • ताज़ा और संतुलित भोजन करना।
  • परिवार और मित्रों के साथ जुड़े रहना।
  • प्रकृति के निकट रहना।
  • तनाव को जीवन पर हावी न होने देना।
  • छोटी-छोटी खुशियों का आनंद लेना। 
  • सीखना और कार्य करना कभी न छोड़ना।

यही आदतें उन्हें केवल लंबी आयु ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण जीवन भी प्रदान करती हैं।

जीवन का उद्देश्य क्यों आवश्यक है?

यदि किसी व्यक्ति से पूछा जाए कि वह प्रतिदिन क्यों काम करता है, तो अधिकांश उत्तर होंगे—पैसा कमाने के लिए, परिवार चलाने के लिए या जिम्मेदारियाँ निभाने के लिए।

लेकिन इकिगाई कहती है कि ये कारण महत्वपूर्ण हैं, परंतु पर्याप्त नहीं। मनुष्य को ऐसा उद्देश्य चाहिए जो उसके मन को भी संतुष्टि दे। जब व्यक्ति अपने उद्देश्य को पहचान लेता है, तब कठिन परिस्थितियाँ भी उसे आसानी से नहीं तोड़ पातीं।

जिस व्यक्ति के पास जीवन का उद्देश्य होता है—

  • वह अधिक प्रेरित रहता है।
  • कठिनाइयों का बेहतर सामना करता है।
  • मानसिक रूप से अधिक मजबूत होता है।
  • तनाव कम महसूस करता है।
  • अपने कार्य का आनंद लेता है।
  • दूसरों के जीवन में भी सकारात्मक योगदान देता है।

इकिगाई का संदेश 

यह पुस्तक कहती है कि जीवन की सबसे बड़ी खुशियाँ साधारण क्षणों में छिपी होती हैं, जैसे कि—

  • सुबह की पहली किरण।
  • पक्षियों का मधुर कलरव।
  • परिवार के साथ भोजन।
  • बच्चों की मुस्कान।
  • मित्रों के साथ बातचीत।
  • बगीचे में खिला एक फूल।
  • किसी ज़रूरतमंद की सहायता करने का अवसर।

जो व्यक्ति इन छोटे-छोटे क्षणों का आनंद लेना सीख जाता है, वह परिस्थितियाँ कठिन होने पर भी भीतर से प्रसन्न रहता है।

इकिगाई के १० नियम: जापानी लोगों के स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु जीवन का रहस्य

१. जीवन का उद्देश्य खोजें

जिस व्यक्ति के जीवन का स्पष्ट उद्देश्य होता है, वह मानसिक रूप से अधिक मजबूत होता है, तनाव कम महसूस करता है और निराशा से दूर रहता है। उद्देश्यपूर्ण जीवन, व्यक्ति को लंबे समय तक सक्रिय बनाए रखता है।

२. संतुलित और प्राकृतिक भोजन

जापानी भोजन पूरी दुनियाँ में स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है।उनके भोजन की प्रमुख विशेषताएँ हैं—

  • ताज़ी सब्जियाँ
  • मौसमी फल
  • समुद्री भोजन
  • सोयाबीन एवं टोफू
  • हरी चाय या ग्रीन टी
  • साबुत अनाज
  • कम तेल और चीनी

वे अत्यधिक तले हुए, अधिक मसालेदार और प्रसंस्कृत (Processed) खाद्य-पदार्थों से बचते हैं। उनका सिद्धांत है— "भोजन स्वाद के लिए नहीं, स्वास्थ्य के लिए करें।"

३. 80% पेट भरने का नियम (हारा हाची बू)

जापान के ओकिनावा क्षेत्र में एक प्रसिद्ध सिद्धांत है—"हारा हाची बू" अर्थात् केवल लगभग 80 प्रतिशत पेट भरने तक ही भोजन करना। इससे—

  • मोटापा कम होता है। 
  • पाचन अच्छा रहता है।
  • शरीर पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ता।  
  • मधुमेह और हृदय रोग का खतरा घटता है। 
  • आयु बढ़ने की संभावना अधिक रहती है।

४. नियमित शारीरिक गतिविधि

जापानी लोग घंटों जिम में पसीना बहाने के बजाय पूरे दिन सक्रिय रहना पसंद करते हैं। वे—

  • पैदल चलते हैं। 
  • साइकिल का उपयोग करते हैं। 
  • बागवानी करते हैं। 
  • घर के कार्य स्वयं करते हैं। 
  • सीढ़ियों का प्रयोग करते हैं।

उनके लिए व्यायाम जीवन का अलग हिस्सा नहीं बल्कि दैनिक जीवन का स्वाभाविक अंग है। लगातार सक्रिय रहने से—

  • हृदय स्वस्थ रहता है। 
  • वजन नियंत्रित रहता है। 
  • मांसपेशियाँ मजबूत रहती हैं। 
  • जोड़ों की कार्यक्षमता बनी रहती है।

५. मानसिक शांति को प्राथमिकता

जापानी लोग मानसिक स्वास्थ्य को उतना ही महत्व देते हैं जितना शारीरिक स्वास्थ्य को। उनकी दिनचर्या में अक्सर शामिल होता है—

  • ध्यान (Meditation) 
  • गहरी साँस लेना 
  • प्रकृति में समय बिताना 
  • शांत वातावरण 
  • आत्मचिंतन

६. प्रकृति से गहरा जुड़ाव

जापानी संस्कृति, प्रकृति का सम्मान करना सिखाती है। वे नियमित रूप से—

  • पार्कों में घूमते हैं। 
  • पहाड़ों की यात्रा करते हैं। 
  • समुद्र के किनारे समय बिताते हैं। 
  • वृक्षारोपण करते हैं। 
  • फूलों और पेड़ों की देखभाल करते हैं।

७. मजबूत सामाजिक संबंध

जापानी समाज में परिवार और मित्रों का विशेष महत्व है।ओकिनावा में "मोआई" नामक समूह बनाए जाते हैं जहाँ लोग वर्षों तक एक-दूसरे का सहयोग करते हैं। इससे—

  • अकेलापन कम होता है। 
  • तनाव घटता है। 
  • भावनात्मक सुरक्षा मिलती है। 
  • जीवन में सकारात्मकता बनी रहती है।

८. आजीवन सीखने की आदत

जापानी लोग यह नहीं मानते कि सीखना केवल विद्यालय तक सीमित है। वे जीवनभर नई-नई चीजें सीखते रहते हैं। नई भाषा, कला, संगीत, बागवानी, पुस्तकें पढ़ना और नए कौशल सीखना उनके जीवन का हिस्सा होता है। इससे मस्तिष्क सक्रिय रहता है और स्मरण-शक्ति लंबे समय तक अच्छी बनी रहती है।

९. अनुशासन और समय का सम्मान

जापानी समाज की सबसे बड़ी विशेषता उनका अनुशासन है, जैसे वे —

  • समय पर उठते हैं। 
  • समय पर कार्य करते हैं। 
  • समय पर भोजन करते हैं। 
  • समय पर विश्राम करते हैं।

नियमित दिनचर्या, शरीर की जैविक घड़ी (Biological Clock) को संतुलित रखती है, जिससे संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

१०. छोटी-छोटी खुशियों का आनंद

जापानी लोग मानते हैं कि खुशी किसी बड़ी उपलब्धि का इंतजार नहीं करती। वे छोटी-छोटी बातों में आनंद खोजते हैं, जैसे कि—

  • परिवार के साथ भोजन 
  • सूर्योदय देखना 
  • बच्चों की मुस्कान 
  • फूलों का खिलना वर्षा की बूंदें 
  • चाय का एक शांत प्याला

निष्कर्ष

जापानी लोगों के स्वस्थ जीवन का रहस्य किसी एक चमत्कारी दवा, महंगे भोजन या विशेष तकनीक में नहीं छिपा है। इसका वास्तविक आधार है—संतुलित भोजन, नियमित शारीरिक गतिविधि, अनुशासित दिनचर्या, मानसिक शांति, प्रकृति से जुड़ाव, मजबूत सामाजिक संबंध और जीवन का स्पष्ट उद्देश्य।

यदि हम भी इन आदतों को धीरे-धीरे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना लें, तो न केवल अनेक बीमारियों से बच सकते हैं, बल्कि अधिक स्वस्थ, प्रसन्न, ऊर्जावान और सार्थक जीवन जी सकते हैं। स्वस्थ जीवन किसी एक दिन का लक्ष्य नहीं, बल्कि हर दिन लिए गए छोटे-छोटे सही निर्णयों का परिणाम है। यही जापानी जीवनशैली का सबसे बड़ा संदेश है।

संबंधित पोस्ट:

14 मार्च 2025

अच्छी नींद लेने के वैज्ञानिक तरीके

नींद हमारे शरीर और दिमाग के लिए उतनी ही ज़रूरी है जितना कि खाना और पानी। अच्छी नींद से हमारा स्वास्थ्य ठीक होता है, हम ऊर्जावान महसूस करते हैं, हमारी यादाश्त और सोचने की क्षमता बढ़ती है जबकि खराब नींद से हमारे स्वास्थ्य के साथ-साथ हमारा इम्यून सिस्टम और पाचन क्रिया भी प्रभावित होता है। बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो अच्छी नींद नहीं ले पाते जबकि ८ घंटे की अच्छी नींद आवश्यक है। एक सर्वे के मुताबिक हमारे देश में लगभग ५९% लोग लगातार बिना किसी खलल के ६ घंटे भी नहीं सो पाते। ३९% लोग बिना किसी परेशानी के ४ से ६ घंटे ही सोते हैं और बाकी २०% के लगभग लोग ऐसे हैं जो ४ घंटे ही गहरी नींद ले पाते हैं।

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बहुत से लोग नींद की समस्या से जूझ रहे हैं और परेशान होकर डाक्टरों के चक्कर लगा रहे हैं। बहुत से लोगों का मानना है कि अमीर लोग चैन की नींद सोते होंगे लेकिन नींद का अमीरी और गरीबी से कोई लेना-देना नहीं है। बहुत से गरीब लोगों को जो सुख की नींद आती है वो अमीरों को भारी कीमत चुकाकर भी नसीब नहीं होती। इसका सबसे बड़ा कारण है तनाव। वैज्ञानिक रूप से, अच्छी नींद के लिए कुछ ख़ास तरीके और आदतें अपनाई जा सकती हैं, जो कि आपकी नींद की गुणवत्ता को बेहतर बना सकती हैं। 

तो आइए बिना देर किये यह जानते हैं कि आप वैज्ञानिक रूप से अच्छी नींद कैसे ले सकते हैं? 

१. नींद का सही शेड्यूल बनाए रखें

हमारा शरीर एक प्राकृतिक जैविक घड़ी (Biological Clock) के हिसाब से चलता है, जिसे सर्केडियन रिदम (Circadian Rhythm) कहते हैं। अगर आप रोज़ाना एक निश्चित समय पर सोने और जागने की आदत डालते हैं, तो आपकी बॉडी-क्लॉक ठीक से काम करने लगती है, जिससे नींद जल्दी आती है और गहरी होती है।

इसके लिए क्या करें?

  • रोज़ाना एक ही समय पर सोने और जागने की आदत डालें, यहाँ तक कि वीकेंड पर भी। कोशिश करें कि आदत खराब न हो। 
  • अगर आपको रात में देर तक जागने की आदत है, तो धीरे-धीरे सोने का समय पहले करें। हर दिन १५ से २० मिनट पहले सोने की कोशिश करें।

२. सोने से पहले स्क्रीन-टाइम कम करें

मोबाइल, लैपटॉप, टीवी आदि से निकलने वाली ब्लू लाइट (Blue Light) हमारे मस्तिष्क को जाग्रत रखती है और नींद के लिए ज़रूरी मेलाटोनिन (Melatonin) हार्मोन के उत्पादन को रोक देती है। इससे नींद में खलल पड़ता है और नींद देरी से आती है तथा खराब क्वालिटी की नींद हो सकती है।

इसके लिए क्या करें?

  • सोने से १ घंटे पहले स्क्रीन का इस्तेमाल बंद कर दें।
  • अगर स्क्रीन का उपयोग करना ज़रूरी ही हो तो "नाइट मोड" ऑन करें या ब्लू लाइट फिल्टर वाले चश्मे का इस्तेमाल करें।
  • अगर नींद न आ रही हो तो किताब पढ़ें, मेडिटेशन करें या हल्की स्ट्रेचिंग करें।

३. कैफीन और निकोटीन का सेवन कम करें

कैफीनयुक्त पदार्थ जैसे- चाय, कॉफी, एनर्जी-ड्रिंक्स और निकोटीन वाली चीजें जैसे- बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू। ये सभी हमारे तंत्रिका-तंत्र को उत्तेजित करते हैं और शरीर को अलर्ट रखते हैं, जिससे नींद में बाधा आती है।

इसके लिए क्या करें?

  • दिन में ४ बजे के बाद चाय-काॅफी लेने से बचें। 
  • सोने से पहले हर्बल-टी (कैमोमाइल टी, ग्रीन-टी) या गर्म दूध पिएं।

४. सही वातावरण बनाएं

नींद की गुणवत्ता को सुधारने के लिए बेडरूम का वातावरण बहुत मायने रखता है।

इसके लिए क्या करें?

  • संभव हो तो कमरे का तापमान नियंत्रित रखें (न अधिक गर्म और न ही अधिक ठंडा)। 
  • शयनकक्ष में पूरी तरह अंधेरा या मद्धिम रोशनी रखें।
  • बेड और तकिया आरामदायक रखें।
  • अगर आपको अच्छा लगता हो हो तो हल्का म्यूजिक या सफेद शोर (White Noise) बजा सकते हैं।

५. सोने से पहले रिलैक्स करने की आदत डालें

सोने से पहले दिमाग को शांत करना ज़रूरी है ताकि शरीर को यह संकेत मिले कि अब सोने का समय आ गया है।

इसके लिए क्या करें?

  • सोने से पहले गहरी सांस लेने वाले व्यायाम (Deep Breathing Exercises) करें।
  • मेडिटेशन या हल्की योग-मुद्राएँ अपनाएं।
  • अगर दिमाग में बहुत सारी बातें घूम रही हों तो जर्नलिंग (Journaling) करें, यानी एक डायरी में अपने विचार लिखें।

६. दिन में व्यायाम करें

वैज्ञानिक रिसर्च बताती हैं कि जो लोग नियमित रूप से व्यायाम करते हैं, उन्हें अच्छी और गहरी नींद आती है।

इसके लिए क्या करें?

रोज़ाना ३०-४० मिनट वॉकिंग, योग, जॉगिंग या हल्की एक्सरसाइज़ करें। लेकिन यह ध्यान रखें कि सोने से ठीक पहले भारी व्यायाम न करें, क्योंकि इससे शरीर अलर्ट हो जाता है और नींद में परेशानी हो सकती है।

७. दोपहर में ज़्यादा न सोएं

अगर आप दिन में बहुत अधिक सोते हैं, तो रात की नींद पर इसका बुरा असर पड़ सकता है।

इसके लिए क्या करें?

  • दिन में ३० मिनट से अधिक न सोएं।
  • दोपहर में ३ बजे के बाद झपकी लेने से बचें।

८. रात में हल्का और हेल्दी खाना खाएं परंतु पानी कम पीयें

रात में भारी, तैलीय भोजन लेना और अधिक पानी पीना आपकी नींद में बाधा डाल सकता है, क्योंकि भारी भोजन को पचाने में शरीर को अधिक समय लगता है जबकि अधिक पानी से बार-बार पेशाब लगता है जिससे गहरी नींद में खलल पड़ता है। 

इसके लिए क्या करें?

  • सोने से २ से ३ घंटे पहले हल्का भोजन करें।
  • कार्बोहाइड्रेट यानी मीठा और प्रोटीन, संतुलित मात्रा में लें।
  • सोने से पहले बहुत अधिक पानी न पिएं। 

९. अगर नींद न आए तो ज़बरदस्ती बिस्तर पर न लेटें

अगर २०-३० मिनट तक बिस्तर पर लेटने के बाद भी आपको नींद नहीं आ रही है, तो ज़बरदस्ती लेटे रहने से घबराहट हो सकती है।

इसके लिए क्या करें?

  • उठें और कोई शांतिपूर्ण गतिविधि करें (जैसे- किताब पढ़ना या हल्का संगीत सुनना)।
  • मोबाइल या लैपटॉप का इस्तेमाल करने से बचें।
  • जब नींद महसूस हो, तब ही वापस बिस्तर पर जाएं।

१०. स्ट्रेस न लें और चिंता कम करें

अधिक तनाव और चिंता से नींद पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

इसके लिए क्या करें?

  • दिनभर की चिंताओं को नोट करें और वे कैसे दूर होंगी? इसका उपाय करें।
  • रिलैक्सिंग-म्यूजिक सुनें या गाइडेड-मेडिटेशन का उपयोग करें।
  • खुद को बार-बार याद दिलाएं कि नींद आना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, ज़बरदस्ती सोने की कोशिश न करें।

निष्कर्ष

अच्छी नींद के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कुछ छोटी-छोटी आदतें बहुत प्रभावी हो सकती हैं। सही समय पर सोना, स्क्रीन टाइम कम करना, सही आहार लेना, तनाव कम करना और बेडरूम का अच्छा माहौल बनाना, ये सभी चीज़ें मिलकर आपकी नींद की गुणवत्ता को बेहतर बना सकती हैं।

अगर आप इन आदतों को नियमित रूप से अपनाते हैं, तो न सिर्फ आपकी नींद अच्छी होगी, बल्कि आपका स्वास्थ्य, मूड और जीवनशैली भी बेहतर हो जाएगी।

"तो आज से ही इन वैज्ञानिक तरीकों को अपनाएं और गहरी तथा सुकून भरी नींद लें!"

संबंधित लेख; अवश्य पढ़ें:

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...