19 नवंबर 2026

बुभुक्षितः किं न करोति पापं : पेट की भूख कोई भी पाप करने पर मजबूर कर देती है

भूमिका :

संस्कृत में एक प्रसिद्ध उक्ति है— "बुभुक्षितः किं न करोति पापम्।" अर्थात् भूख से व्याकुल व्यक्ति कौन-सा पाप नहीं कर सकता? जब पेट में अन्न का एक दाना भी न हो, कई दिनों से भोजन न मिला हो और भूख के कारण शरीर की सारी शक्तियाँ जवाब देने लगें, तब मनुष्य की विवशता उसे ऐसे कार्य करने के लिए भी प्रेरित कर सकती है, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में वह कभी करने की कल्पना भी नहीं करता क्योंकि पेट अधम होता है। शायद इसलिए कहा जाता है, "पापी पेट का सवाल है।"

भूख मनुष्य की सबसे बुनियादी आवश्यकताओं में से एक है। यह केवल पेट की खाली अवस्था नहीं, बल्कि एक ऐसी पीड़ा है जो मनुष्य के शरीर, मन और विवेक तीनों को प्रभावित कर सकती है। जब भूख से मनुष्य तड़पने लगता है तब उसके सामने कभी-कभी बड़े-बड़े आदर्श, नैतिक शिक्षाएँ और जीवनभर के संस्कार भी कमजोर पड़ने लगते हैं।

१. भूख और विवशता का गहरा संबंध :

मनुष्य चाहे कितना ही विद्वान, संस्कारी, ईमानदार और चरित्रवान क्यों न हो, उसे जीवित रहने के लिए भोजन की आवश्यकता होती है। भूख की तीव्रता जब असहनीय हो जाती है, तब उसका धैर्य और आत्मसंयम डगमगाने लगता है।

एक भूखा व्यक्ति जब किसी दुकान के सामने रखी रोटी देखता है, तो उसके मन में भी उसे पाने की इच्छा जाग सकती है। लेकिन एक संपन्न व्यक्ति के लिए वही रोटी केवल भोजन है, जबकि भूखे व्यक्ति के लिए वह जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर हो सकती है। यही कारण है कि कहा गया है कि भूख मनुष्य से कुछ भी करवा सकती है।

२. पेट की आग इंसान को क्या-क्या करने पर मजबूर करती है?

हमारे समाज में ऐसे अनेक उदाहरण देखने को मिलते हैं, जहाँ गरीबी और भूख से परेशान व्यक्ति गलत रास्ते पर चलने के लिए मजबूर हो जाता है। किसी परिवार में कई दिनों से चूल्हा नहीं जला हो, बच्चे भूख से बिलख रहे हों और घर में कमाने वाला व्यक्ति बेरोजगार हो, तो यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस परिवार के मुखिया की मानसिक स्थिति क्या होगी? कभी कोई व्यक्ति पेट भरने के लिए चोरी कर बैठता है, तो कभी कोई मजबूरन गलत लोगों के बहकावे में आकर अपराध की दुनियाँ में प्रवेश कर जाता है। कई बार छोटे बच्चे भी भूख के कारण दुकानों से खाने-पीने की वस्तुएँ उठाने लगते हैं। उनके लिए उस समय चोरी और ईमानदारी के बीच का अंतर समझना कठिन हो जाता है।

हालाँकि यह कहना उचित नहीं होगा कि प्रत्येक गरीब या भूखा व्यक्ति अपराध करता है। हमारे समाज में ऐसे असंख्य निर्धन लोग भी हैं, जो अत्यंत कठिन परिस्थितियों में होते हुए भी संयम रखते हैं और अपनी ईमानदारी तथा आत्मसम्मान से समझौता नहीं करते। लेकिन भूख तो भूख होती है भाई, उसकी विवशता को नकारा भी नहीं जा सकता।

३. एक रोटी की कीमत क्या होती है, यह भूखा ही समझ सकता है : एक छोटी-सी कहानी इस बात को अच्छी तरह समझा सकती है।

एक गाँव में रामू नाम का एक मजदूर रहता था। वह दिनभर मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे थे। एक दिन रामू को काम नहीं मिला। अगले दिन भी वह काम की तलाश में भटकता रहा, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। घर में जो थोड़ा-बहुत अनाज था, वह भी समाप्त हो चुका था। शाम को जब वह घर लौटा, तो उसके छोटे बेटे ने मासूमियत से पूछा— "बाबूजी! आज खाना कब मिलेगा? मुझे बहुत जोर की भूख लगी है।" बेटे की बात सुनकर रामू की आँखें भर आईं। उसके पास न पैसे थे और न ही किसी से उधार माँगने का साहस।

वह गाँव की एक दुकान पर पहुँचा और दुकानदार से कुछ आटा उधार माँगा। दुकानदार ने पहले से बकाया रकम का हवाला देकर मना कर दिया। रामू निराश होकर लौटने लगा। रास्ते में उसे एक पेड़ के नीचे रोटी के कुछ टुकड़े दिखाई दिये। उसने उन्हें उठाया, साफ किया और अपने बच्चों के लिए घर ले आया। उस रात बच्चों ने रोटी के उन्हीं टुकड़ों को आपस में छिनाझपटी कर खाया परंतु उन चंद टुकड़ों से भूख शांत होने के बजाय उनकी भूख मानों और बढ़ गयी। यह मंजर देखकर रामू का धैर्य डगमगाने लगा और उसके मन में तरह-तरह के बुरे ख्याल आने लगे। वह कोई गलत कदम उठाता, उससे पहले ही रामू की पत्नी अपनी आँखों के आँसू पोंछते हुए अपने पति से कहा— "हिम्मत से काम लो। ईश्वर पर भरोसा रखो, कोई न कोई काम जरूर मिलेगा। हम गरीब जरूर हैं, लेकिन हमारी ईमानदारी ही हमारी सबसे बड़ी पूँजी है। इसे कभी मत खोना।" रामू ने उसी दिन संकल्प लिया कि चाहे कितनी भी कठिनाई क्यों न आए, वह गलत रास्ते पर नहीं चलेगा।

यह कहानी हमें बताती है कि भूख मनुष्य की सबसे बड़ी परीक्षा है। कोई इस परीक्षा में अपने संस्कार बचा लेता है, तो कोई परिस्थितियों के सामने हार जाता है।

४. क्या भूख से बड़ा कोई अपराधी है?

यह प्रश्न समाज और व्यवस्था दोनों के सामने खड़ा होता है। जब किसी बच्चे को भोजन नहीं मिलता, किसी बुजुर्ग को दो वक्त की रोटी के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है और कोई मजदूर दिनभर पसीना बहाने के बाद भी अपने परिवार का पेट नहीं भर पाता, तब हमें केवल उस व्यक्ति की परिस्थितियों पर ही नहीं, बल्कि सामाजिक व्यवस्था पर भी विचार करना चाहिए। भूख केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं है। यह सामाजिक और आर्थिक असमानता का भी परिणाम है। 

एक तरफ विवाह समारोहों और बड़े आयोजनों में भोजन की बर्बादी होती है, तो दूसरी तरफ उसी समाज में अनेक लोग एक वक्त की रोटी के लिए तरसते हैं। यह कैसी विडंबना है कि कहीं भोजन कूड़ेदान में फेंका जाता है और कहीं भूखे बच्चे उन्हीं कूड़ेदानों में भोजन तलाशते हैं! यदि समाज में उपलब्ध संसाधनों का न्यायपूर्ण उपयोग हो और जरूरतमंदों तक भोजन पहुँचाने की व्यवस्था प्रभावी हो, तो भूख से उत्पन्न अनेक समस्याओं को कम किया जा सकता है।

५. भूख और नैतिकता की परीक्षा :

हम अक्सर कहते हैं कि मनुष्य को हमेशा सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलना चाहिए। यह बिल्कुल सही है। लेकिन किसी भूखे व्यक्ति को नैतिकता का उपदेश देने से पहले उसकी परिस्थितियों को समझना भी आवश्यक है। जिस व्यक्ति का पेट भरा हो, उसके लिए आदर्शों की बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है, लेकिन जिसके सामने भूख से बिलबिलाते बच्चों का चेहरा हो, जिसके पास रोजगार न हो और जिसके जीवन में निराशा के अतिरिक्त कुछ न बचा हो, उसकी मानसिक पीड़ा को समझना भी उतना ही आवश्यक है।

इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि भूख के नाम पर किसी अपराध को उचित ठहरा दिया जाए। चोरी, हिंसा और दूसरों के अधिकारों का हनन किसी भी परिस्थिति में समाज के लिए उचित नहीं हो सकता। लेकिन अपराध के पीछे छिपी इस तरह की विवशता को समझना और उसके समाधान की दिशा में काम करना भी जरूरी है। सजा देने से समस्या का एक पक्ष सुलझ सकता है, लेकिन भूख और गरीबी के मूल कारणों का समाधान किए बिना स्थायी सुधार संभव नहीं है।

६. भूखमरी-उन्मूलन में केवल सरकार ही नहीं, समाज की भी जिम्मेदारी है :

हम सभी को यह समझना चाहिए कि किसी भूखे व्यक्ति को भोजन कराना केवल दान-पुण्य का कार्य नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य है। हम अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करके भी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इसके लिए कुछ व्यावहारिक कदम उठाए जा सकते हैं—

भोजन की बर्बादी रोकें : जितना भोजन आवश्यक हो, उतना ही लें। बचा हुआ सुरक्षित भोजन जरूरतमंदों तक पहुँचाने का प्रयास करें।

भूखों को भोजन कराएँ : अपने आसपास किसी जरूरतमंद परिवार को भोजन उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

बच्चों की शिक्षा और पोषण पर ध्यान दें : गरीब परिवारों के बच्चों को भोजन के साथ शिक्षा का अवसर भी मिलना चाहिए।

रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएँ : किसी जरूरतमंद को काम दिलाना केवल एक दिन का भोजन कराने से भी अधिक स्थायी सहायता हो सकती है।

सामुदायिक रसोई को प्रोत्साहित करें : मेरा ख्याल है कि मंदिरों में भारी-भरकम चढ़ावे से बेहतर है, भूखे को भोजन देना। इसके लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था करके यह नेक काम किया जा सकता है।

सम्मान के साथ सहायता करें : किसी भूखे व्यक्ति को भोजन देते समय उसके आत्मसम्मान का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।

७. अन्नदान से बड़ा कोई दान नहीं : 

भारतीय संस्कृति में अन्नदान को अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। हमारी परंपरा में कहा गया है— "अन्नं बहु कुर्वीत।" अर्थात् अन्न की प्रचुरता उत्पन्न करनी चाहिए और उसका सदुपयोग करना चाहिए। हमारे धार्मिक ग्रंथों में भी भूखे को भोजन कराने और जरूरतमंद की सहायता करने को महान मानवीय गुण बताया गया है। संतों और महापुरुषों ने भी अपने जीवन में सेवा, करुणा और परोपकार को विशेष महत्व दिया है। सच तो यह है कि किसी भूखे व्यक्ति को भोजन कराकर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना किसी बड़े धार्मिक अनुष्ठान से कम नहीं है। क्योंकि भूखे को भोजन कराने वाला व्यक्ति केवल उसका पेट नहीं भरता, बल्कि उसके भीतर जीवन के प्रति आशा और विश्वास भी जगाता है।

८. किसी भी सभ्य समाज की पहचान यह है कि उसमें किसी को भूखा न सोना पड़े

किसी देश की वास्तविक प्रगति केवल ऊँची इमारतों, बड़े उद्योगों, आधुनिक तकनीक और आर्थिक विकास के आँकड़ों से नहीं मापी जानी चाहिए। उसकी वास्तविक प्रगति इस बात से भी निर्धारित होती है कि वहाँ कितने लोगों को भरपेट भोजन मिलता है, कितने बच्चों को पर्याप्त पोषण मिलता है और कितने परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जी पाते हैं। यदि समाज का एक वर्ग आवश्यकता से अधिक संसाधनों का उपभोग कर रहा हो और दूसरा वर्ग भोजन के लिए संघर्ष कर रहा हो, तो विकास की तस्वीर अधूरी है।

हमें ऐसा समाज बनाने का प्रयास करना चाहिए जहाँ किसी व्यक्ति को भूख के कारण चोरी या अपराध करने की नौबत न आए। जहाँ किसी माँ को अपने बच्चों को भूखे पेट सुलाने के लिए मजबूर न होना पड़े और जहाँ कोई बुजुर्ग दो वक्त की रोटी के लिए असहाय होकर दूसरों का मुँह न ताके। क्योंकि भूख केवल पेट की समस्या नहीं, बल्कि मानवता के सामने खड़ी एक गंभीर चुनौती है।

संबंधित लेख:

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...