16 नवंबर 2026

काजल की कोठरी में रहने वाला कोई व्यक्ति, बेदाग कैसे रह सकता है?

प्रस्तावना:

हमारे समाज में एक बहुत ही प्रचलित कहावत है— "काजल की कोठरी में कैसो हू सयानों जाय, एक लीक काजल की लागै है पै लागै है।" इस कहावत का सीधा-सा अर्थ है कि काजल की कोठरी में चाहे कोई कितना ही सावधान, समझदार और स्वच्छ व्यक्ति क्यों न जाए, उसके दामन पर काजल का कोई न कोई निशान लग ही जाता है। 

यह कहावत केवल काजल की कोठरी तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन के अनेक पहलुओं पर बिल्कुल सटीक बैठती है। मनुष्य जिस वातावरण में रहता है, जिन लोगों के साथ उठता-बैठता है और जिस व्यवस्था का हिस्सा बनता है, उसका प्रभाव धीरे-धीरे उसके विचारों, व्यवहार और चरित्र पर पड़ने लगता है।

ऐसे में एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है कि क्या कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार, बेईमानी, छल-कपट और अनैतिकता से भरे वातावरण में रहकर भी पूरी तरह बेदाग रह सकता है?

१. संगति का प्रभाव अवश्य पड़ता है: मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। वह अकेले नहीं रहता, बल्कि परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और समाज के बीच रहकर अपना जीवन व्यतीत करता है। इन सबका उसके व्यक्तित्व पर गहरा प्रभाव पड़ता है। हमारे संत-महात्माओं ने भी अच्छी संगति का महत्व बताते हुए कहा है— "सठ सुधरहिं सत्संगति पाई। पारस परस कुधात सुहाई॥" अर्थात अच्छी संगति का प्रभाव इतना शक्तिशाली होता है कि वह बुरे व्यक्ति को भी सुधार सकती है। इसके विपरीत बुरी संगति, अच्छे व्यक्ति को भी गलत रास्ते पर ले जा सकती है। शुरुआत में व्यक्ति दूसरों की गलत आदतों का विरोध करता है, लेकिन धीरे-धीरे वही बातें उसे सामान्य लगने लगती हैं। पहले जिस काम को वह गलत समझता था, बाद में परिस्थितियों का हवाला देकर उसे स्वीकार करने लगता है। यही वह स्थिति है, जब काजल की कोठरी का रंग उसके व्यक्तित्व पर चढ़ने लगता है।

२. भ्रष्ट वातावरण में ईमानदारी बचाना चुनौतीपूर्ण है: आज हमारे आसपास ऐसे अनेक उदाहरण देखने को मिलते हैं, जहाँ भ्रष्टाचार और अनैतिकता ने अपनी जड़ें जमा ली हैं। कई बार किसी कार्यालय में ईमानदारी से काम करने वाले व्यक्ति को अपने ही सहकर्मियों के विरोध का सामना करना पड़ता है। उसे समझाया जाता है कि केवल ईमानदारी से काम करने पर वह आगे नहीं बढ़ सकता। कहीं काम कराने के लिए रिश्वत मांगी जाती है, कहीं अपने स्वार्थ के लिए नियमों की अनदेखी की जाती है और कहीं योग्य व्यक्ति की जगह सिफारिश वाले व्यक्ति को प्राथमिकता मिलती है। ऐसे वातावरण में ईमानदार व्यक्ति के सामने दो रास्ते होते हैं।

पहला, वह परिस्थितियों से समझौता करके उसी व्यवस्था का हिस्सा बन जाए और दूसरा, कठिनाइयों के बावजूद अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। पहला रास्ता आसान जरूर है, लेकिन दूसरा रास्ता ही उसके चरित्र की वास्तविक परीक्षा है।

३. गलत काम को देखकर चुप रहना भी एक तरह की सहमति है: स्वयं कई बार व्यक्ति कोई गलत काम नहीं करता, लेकिन अपने आसपास होने वाले गलत कार्यों को देखकर भी चुप रहता है। वह सोचता है कि इससे मुझे क्या लेना-देना? मेरा काम तो ठीक चल रहा है। लेकिन धीरे-धीरे उसकी यह चुप्पी गलत लोगों का मनोबल बढ़ाने लगती है। 

उदाहरण के लिए, किसी कार्यालय में यदि कोई अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करके लोगों का शोषण कर रहा है और उसके अधीनस्थ कर्मचारी सब कुछ जानते हुए भी चुप हैं, तो उनकी चुप्पी अप्रत्यक्ष रूप से उस व्यवस्था को मजबूत करती है। यह आवश्यक नहीं कि हर गलत काम का विरोध करने के लिए व्यक्ति को किसी से लड़ना पड़े, लेकिन कम से कम उसे स्वयं गलत कार्यों में सहभागी नहीं बनना चाहिए।

याद रखिए, गलत काम करना जितना अनुचित है, उतना ही अनुचित है अपनी सुविधा के लिए गलत काम को सही मान लेना।

४. स्वार्थ और लालच मनुष्य के सबसे बड़े शत्रु हैं: मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरियों में धन, पद, प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत स्वार्थ शामिल हैं। जब व्यक्ति के मन में इन चीजों को प्राप्त करने की असीमित लालसा पैदा हो जाती है, तब वह अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों को भी दांव पर लगाने से नहीं हिचकता। शुरुआत में वह छोटी-सी बेईमानी करता है। फिर धीरे-धीरे उसे अपनी आदत बना लेता है। एक समय ऐसा आता है, जब उसे अपनी गलतियां भी गलत दिखाई देना बंद हो जाती हैं। यही कारण है कि अनेक बार बड़े-बड़े विद्वान, शिक्षित, अनुभवी और प्रतिष्ठित व्यक्ति भी अपने स्वार्थ के कारण ऐसे काम कर बैठते हैं, जिनकी उनसे अपेक्षा नहीं की जाती। वास्तव में मनुष्य का चरित्र उसकी शिक्षा, पद अथवा प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि उसके आचरण और निर्णयों से पहचाना जाता है।

५. हर चमकने वाली चीज सोना नहीं होती: आज के समय में दिखावे और बनावटी प्रतिष्ठा का आकर्षण भी बहुत बढ़ गया है। कई लोग समाज में अपनी अच्छी छवि बनाए रखने के लिए धर्म, ईमानदारी, सदाचार और नैतिकता की बातें तो खूब करते हैं, लेकिन निजी जीवन में उनके आचरण और विचारों में काफी अंतर होता है। वे दूसरों को उपदेश देते हैं, लेकिन स्वयं उन उपदेशों का पालन नहीं करते। ऐसे लोगों को देखकर हमें यह समझना चाहिए कि किसी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके शब्दों से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। बाहरी स्वच्छता की तुलना में आंतरिक पवित्रता अधिक महत्वपूर्ण है। मनुष्य को दूसरों के सामने अच्छा दिखने के बजाय वास्तव में अच्छा बनने का प्रयास करना चाहिए।

६. क्या काजल की कोठरी में रहकर बेदाग रहना असंभव है? यह प्रश्न विचारणीय है। क्या बुरे वातावरण में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति बुरा हो जाता है? क्या भ्रष्ट व्यवस्था में काम करने वाला हर व्यक्ति भ्रष्ट हो जाता है? क्या गलत लोगों के बीच रहने वाला व्यक्ति अपनी ईमानदारी और नैतिकता नहीं बचा सकता? ऐसा बिल्कुल नहीं है। इतिहास में ऐसे अनेक महापुरुष और आदर्श व्यक्तित्व हुए हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

राजा हरिश्चंद्र सत्य और वचनपालन के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने असहनीय कठिनाइयों के बावजूद सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाया। उन्होंने अपने सिद्धांतों के बल पर एक बड़े जनसमूह को प्रभावित किया।

इन उदाहरणों से स्पष्ट होता है कि परिस्थितियां मनुष्य की परीक्षा अवश्य लेती हैं, लेकिन उसके चरित्र का अंतिम निर्णय उसके अपने विचार और कर्म ही करते हैं। अर्थात काजल की कोठरी में रहना जोखिमपूर्ण अवश्य है, लेकिन अपने विवेक और आत्मबल के सहारे बेदाग रहना असंभव नहीं है।

७. अपने दामन को बेदाग कैसे रखें?

यदि हमें अपने आसपास के नकारात्मक और अनैतिक वातावरण में भी अपनी ईमानदारी एवं प्रतिष्ठा बनाए रखनी है, तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना होगा, जैसे-

1. अच्छे लोगों की संगति करें: ऐसे लोगों के साथ समय बिताएं जिनके विचार सकारात्मक हों और जिनका आचरण अनुकरणीय हो।

2. अपने सिद्धांतों से समझौता न करें: परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, गलत काम को सही ठहराने का प्रयास न करें।

3. लालच से बचें: आवश्यकता और महत्वाकांक्षा में अंतर समझें। धन और पद के लिए अपनी अंतरात्मा का सौदा न करें।

4. आत्मनिरीक्षण करें: प्रतिदिन स्वयं से पूछें कि आज हमने ऐसा कोई काम तो नहीं किया, जिसके कारण हमें अपनी अंतरात्मा के सामने शर्मिंदा होना पड़े।

5. गलत का विरोध करें: अपनी क्षमता और परिस्थितियों के अनुसार अन्याय एवं अनैतिकता के विरुद्ध आवाज उठाएं।

6. आत्मसम्मान बनाए रखें: दूसरों की गलत अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए अपने नैतिक मूल्यों को कमजोर न पड़ने दें।

7. ईश्वर और सदाचार में विश्वास रखें: आध्यात्मिक चिंतन, सत्संग और सद्ग्रंथों का अध्ययन मनुष्य को विवेकशील बनाता है।

8. चरित्र की असली परीक्षा विपरीत परिस्थितियों में होती है: अनुकूल परिस्थितियों में ईमानदार और सिद्धांतवादी बने रहना अपेक्षाकृत आसान होता है। वास्तविक परीक्षा तब होती है, जब हमारे सामने बेईमानी करके लाभ कमाने का अवसर हो, गलत रास्ते पर चलकर सफलता प्राप्त करने का प्रलोभन हो और सिद्धांतों पर टिके रहने के कारण नुकसान उठाना पड़े। ऐसे समय में हमारा विवेक ही हमारा सबसे बड़ा मार्गदर्शक होता है। जिस व्यक्ति को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने की आदत है, वह दुनियाँ की भीड़ में भी अपनी अलग पहचान बनाए रख सकता है।

हमें यह भी समझना चाहिए कि जीवन में सब कुछ प्राप्त करना जरूरी नहीं है। कुछ चीजों को खोकर भी यदि हमारा आत्मसम्मान और चरित्र सुरक्षित रहता है, तो वास्तव में हमने कुछ खोया नहीं, बल्कि बहुत कुछ बचा लिया। क्योंकि धन खोने पर दोबारा कमाया जा सकता है, प्रतिष्ठा खोने पर उसे फिर से अर्जित किया जा सकता है, लेकिन चरित्र पर लगा दाग मिटाना बहुत कठिन होता है।

उपसंहार: 

जिस तरह काजल की कोठरी में रहने वाले व्यक्ति के दामन पर दाग लगने की आशंका सदैव बनी रहती है। उसी तरह बुरे वातावरण और गलत संगति का प्रभाव मनुष्य पर पड़ना स्वाभाविक है। फिर भी अपने विवेक, आत्मसंयम और दृढ़ इच्छाशक्ति से वह अपने चरित्र को सुरक्षित रख सकता है। इसलिए हमें दूसरों की बुराइयों को अपनाने के बजाय अपने भीतर की अच्छाइयों को मजबूत बनाना चाहिए।

याद रखिए, हमारी पहचान इस बात से नहीं होती कि हम किस वातावरण में रहते हैं, बल्कि इस बात से होती है कि उस वातावरण में रहते हुए भी हम अपने चरित्र को कितना स्वच्छ और निष्कलंक बनाए रखते हैं।

आखिरकार, जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि दुनियाँ की काजल भरी कोठरी में रहते हुए भी हम अपने दामन को बेदाग रख सकें।

संबंधित पोस्ट:


1 टिप्पणी:

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...