17 नवंबर 2026

शांति मंत्र : मन की शांति और विश्व कल्याण का वैदिक संदेश

 

प्रस्तावना

आज का मनुष्य पहले की अपेक्षा अधिक सुविधासंपन्न है। विज्ञान और तकनीक ने जीवन को आसान बना दिया है। सुख-सुविधाओं के अनगिनत साधन उपलब्ध हैं, संचार के माध्यमों ने पूरी दुनियाँ को एक-दूसरे के करीब ला दिया है। फिर भी एक विचित्र विडंबना है कि मनुष्य के जीवन से शांति कहीं दूर होती जा रही है।

कहीं युद्ध और हिंसा का वातावरण है, तो कहीं आपसी वैमनस्य और ईर्ष्या का। कहीं मनुष्य धन और प्रतिष्ठा की दौड़ में परेशान है, तो कहीं तनाव, चिंता और असंतोष से घिरा हुआ है। परिवारों में कलह है, समाज में वैचारिक मतभेद हैं और राष्ट्रों के बीच संघर्ष की स्थिति बनी रहती है। ऐसे समय में हमारी प्राचीन भारतीय वैदिक परंपरा में निहित शांति-मंत्रों का महत्व और भी बढ़ जाता है।

हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पहले ही यह समझ लिया था कि वास्तविक सुख केवल भौतिक समृद्धि में नहीं, बल्कि मन की शांति, विचारों की पवित्रता, प्रकृति के साथ सामंजस्य और समस्त संसार के कल्याण में निहित है।

शांति मंत्र इसी महान विचारधारा के प्रतीक हैं। इनमें किसी एक व्यक्ति, जाति, संप्रदाय या राष्ट्र के सुख की नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता और सृष्टि की शांति एवं मंगल की कामना की गई है।

शांति मंत्र क्या हैं?

शांति मंत्र वे वैदिक मंत्र हैं जिनमें मनुष्य के मन, परिवार, समाज, प्रकृति और संपूर्ण विश्व में शांति स्थापित करने की प्रार्थना की गई है।

इन मंत्रों का पाठ प्रायः धार्मिक अनुष्ठानों, वेदाध्ययन, पूजा-पाठ और आध्यात्मिक साधना के आरंभ अथवा समापन पर किया जाता है।

शांति मंत्रों में एक विशेष बात देखने को मिलती है। इनमें मनुष्य केवल अपने लिए सुख और शांति नहीं मांगता, बल्कि दूसरों के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और कल्याण की भी कामना करता है।

यही भारतीय संस्कृति की उदारता और विश्वबंधुत्व की भावना है। आइए, कुछ प्रमुख शांति मंत्रों को उनके अर्थ और जीवनोपयोगी संदेश के साथ समझते हैं।

१. संपूर्ण प्रकृति में शांति की प्रार्थना :-

यह अत्यंत सुंदर और व्यापक वैदिक शांति मंत्र है।

मंत्र :

ॐ द्यौः शान्तिरन्तरिक्षं शान्तिः, 

पृथिवी शान्तिरापः शान्तिः।

ओषधयः शान्तिर्वनस्पतयः शान्तिः, 

विश्वेदेवाः शान्तिर्ब्रह्म शान्तिः। 

सर्वं शान्तिः, शान्तिरेव शान्तिः, 

सा मा शान्तिरेधि।

ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः॥

अर्थ : आकाश में शांति हो, अंतरिक्ष में शांति हो, पृथ्वी में शांति हो, जल में शांति हो। औषधियों और वनस्पतियों में शांति हो। समस्त देवशक्तियों और संपूर्ण ब्रह्मांड में शांति हो। सर्वत्र शांति व्याप्त हो। वह शांति हमारे जीवन में भी स्थापित हो।

भावार्थ और जीवन संदेश : यह मंत्र हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने की प्रेरणा देता है। आकाश, पृथ्वी, जल, वनस्पति और औषधियां हमारे जीवन के आधार हैं। यदि प्रकृति का संतुलन बिगड़ता है तो मानव जीवन भी संकट में पड़ जाता है।आज प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, जंगलों की कटाई और जलस्रोतों के दूषित होने जैसी समस्याएं इसी असंतुलन की ओर संकेत करती हैं।

यह मंत्र हमें सिखाता है कि शांति केवल मनुष्य के मन में ही नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रत्येक घटक में होनी चाहिए। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानवता भी सुरक्षित रह सकेगी।

२. संपूर्ण मानवता के सुख की कामना :-

भारतीय संस्कृति के सबसे लोकप्रिय और हृदयस्पर्शी शांति मंत्रों में इसकी विशेष जगह है।

मंत्र :

ॐ सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।

सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद्दुःखभाग्भवेत्॥

ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः॥

अर्थ : सभी सुखी हों, सभी रोगमुक्त रहें। सभी का जीवन मंगलमय हो और कोई भी व्यक्ति दुख का भागी न बने।

भावार्थ और जीवन संदेश : इस मंत्र में मानवता के प्रति अद्भुत करुणा और संवेदना दिखाई देती है। सामान्यतः मनुष्य अपने और अपने परिवार के सुख की कामना करता है, लेकिन भारतीय ऋषियों की दृष्टि इससे कहीं अधिक व्यापक थी। उनके अंदर "वसुधैव कुटुंबकम" की धारणा थी और वे चाहते थे कि संसार का प्रत्येक व्यक्ति सुखी और स्वस्थ रहे।

इस मंत्र में कहीं भी जाति, धर्म, भाषा, देश अथवा अमीरी-गरीबी का भेदभाव नहीं है। यह हमें सिखाता है कि सच्ची प्रसन्नता केवल स्वयं सुखी होने में नहीं, बल्कि दूसरों के सुख में भी प्रसन्नता अनुभव करने में है।

यदि प्रत्येक मनुष्य अपने स्वार्थ से थोड़ा ऊपर उठकर दूसरों के दुख को समझने लगे, तो समाज में प्रेम, सहयोग और सद्भाव का वातावरण स्वतः विकसित होने लगेगा।

३. ज्ञान और सहयोग के साथ आगे बढ़ने की प्रार्थना :-

यह उपनिषदों का अत्यंत महत्वपूर्ण शांति मंत्र है।

मंत्र :

ॐ सह नाववतु।

सह नौ भुनक्तु। सह वीर्यं करवावहै।

तेजस्वि नावधीतमस्तु। मा विद्विषावहै॥

ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः॥

अर्थ : परमात्मा हम दोनों की रक्षा करें। हम दोनों का पालन-पोषण करें। हम दोनों मिलकर शक्ति और सामर्थ्य के साथ कार्य करें। हमारा अध्ययन तेजस्वी और प्रभावशाली हो। हम एक-दूसरे से द्वेष न करें।

भावार्थ और जीवन संदेश : यह मंत्र गुरु और शिष्य के बीच आदर्श संबंधों का सुंदर उदाहरण है। इसमें गुरु और शिष्य दोनों मिलकर ज्ञान प्राप्त करने, एक-दूसरे का सहयोग करने और परस्पर द्वेष से दूर रहने की प्रार्थना करते हैं।

इसका संदेश केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। यह परिवार, समाज और कार्यस्थल पर भी समान रूप से लागू होता है। यदि परिवार के सदस्य एक-दूसरे का सहयोग करें, शिक्षक और विद्यार्थी परस्पर सम्मान रखें तथा समाज के लोग एक-दूसरे के प्रति सद्भाव रखें, तो अनेक समस्याएं अपने आप समाप्त हो सकती हैं। यह मंत्र हमें प्रतिस्पर्धा के स्थान पर सहयोग और ईर्ष्या के स्थान पर सद्भाव अपनाने की प्रेरणा देता है।

४. अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने की प्रार्थना :-

यह बृहदारण्यक उपनिषद् का अत्यंत प्रसिद्ध मंत्र है।

मंत्र :

ॐ असतो मा सद्गमय। तमसो मा ज्योतिर्गमय।

मृत्योर्मामृतं गमय॥

ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः॥

अर्थ : हे परमात्मा! हमें असत्य से सत्य की ओर ले चलें। अंधकार से प्रकाश की ओर ले चलें और मृत्यु से अमरत्व की ओर ले चलें।

भावार्थ और जीवन संदेश : इस मंत्र में मनुष्य के संपूर्ण आध्यात्मिक विकास की कामना की गई है। असत्य से सत्य की ओर बढ़ने का अर्थ है कि हम झूठ, छल-कपट और भ्रम को छोड़कर सत्य एवं ईमानदारी का मार्ग अपनाएं।

अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का अर्थ है कि हम अज्ञान, अंधविश्वास, अहंकार और नकारात्मक विचारों को त्यागकर ज्ञान, विवेक और सद्बुद्धि प्राप्त करें।

मृत्यु से अमरत्व की ओर बढ़ने का आध्यात्मिक भाव है कि हम नश्वर शरीर से ऊपर उठकर आत्मा के शाश्वत स्वरूप को समझें।

यह मंत्र हमें याद दिलाता है कि मनुष्य की वास्तविक उन्नति बाहरी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके भीतर के अंधकार को दूर करने से होती है।

५. संपूर्णता और संतुलन का संदेश :-

यह ईशावास्य और बृहदारण्यक उपनिषद् की शांति परंपरा में आने वाला प्रसिद्ध मंत्र है।

मंत्र :

ॐ पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णात्पूर्णमुदच्यते।

पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते॥

ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः॥

अर्थ : वह परमात्मा पूर्ण है और यह संपूर्ण जगत भी उसी पूर्ण परमात्मा से उत्पन्न हुआ है। पूर्ण से पूर्ण की उत्पत्ति होने पर भी पूर्ण में से पूर्ण निकाल लेने पर भी पूर्ण ही शेष रहता है।

भावार्थ और जीवन संदेश : यह मंत्र भारतीय दर्शन की अत्यंत गहरी अवधारणा प्रस्तुत करता है। इसका आध्यात्मिक संदेश है कि परमात्मा अनंत और पूर्ण है। संपूर्ण सृष्टि उसी परम सत्ता की अभिव्यक्ति है।

व्यावहारिक जीवन में यह मंत्र हमें संतोष, संतुलन और आंतरिक पूर्णता का महत्व समझाता है। आज मनुष्य के पास बहुत कुछ होते हुए भी वह और अधिक पाने की इच्छा में अशांत रहता है। उसे लगता है कि जब अधिक धन, अधिक प्रतिष्ठा और अधिक सुविधाएं मिल जाएंगी, तभी वह सुखी होगा। लेकिन वास्तविक शांति बाहरी वस्तुओं की अधिकता में नहीं, बल्कि मन की संतुष्टि और आत्मिक संतुलन में है।

शांति-मंत्रों में तीन बार शांति क्यों बोली जाती है?

अक्सर आपने देखा होगा कि अधिकांश शांति मंत्रों के अंत में तीन बार 'ॐ शान्तिः' का उच्चारण किया जाता है। प्रश्न उठता है कि आखिर शांति शब्द का तीन बार उच्चारण क्यों किया जाता है? भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में इसका संबंध तीन प्रकार के कष्टों से बताया गया है।

II. आधिभौतिक ताप : मनुष्य को दूसरे जीवों, मनुष्यों और बाहरी परिस्थितियों से जो कष्ट प्राप्त होते हैं, वे आधिभौतिक ताप कहलाते हैं। उदाहरण के लिए हिंसा, दुर्घटना, बीमारी फैलाने वाले जीव-जंतु और आपसी संघर्ष।

II. आधिदैविक ताप : प्रकृति और दैवी शक्तियों से संबंधित अनियंत्रित परिस्थितियों के कारण होने वाले कष्ट आधिदैविक ताप कहलाते हैं। जैसे अतिवृष्टि, अनावृष्टि, भूकंप, तूफान और प्राकृतिक आपदाएं।

III. आध्यात्मिक ताप : मनुष्य के अपने शरीर और मन से उत्पन्न होने वाले कष्ट आध्यात्मिक ताप कहलाते हैं। जैसे चिंता, भय, क्रोध, मोह, ईर्ष्या, मानसिक अशांति और शारीरिक पीड़ा।

तीन बार शांति का उच्चारण इन तीनों प्रकार के कष्टों से मुक्ति की प्रार्थना का प्रतीक माना जाता है। इस प्रकार शांति मंत्र केवल धार्मिक उच्चारण नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सुखमय बनाने की व्यापक प्रार्थना हैं।

शांति मंत्रों का हमारे दैनिक जीवन में महत्व

शांति मंत्रों का महत्व केवल पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। इनके संदेशों को अपनाकर हम अपने दैनिक जीवन को भी निम्न प्रकार से बेहतर बना सकते हैं।

१. मन को शांत रखने का प्रयास करें। 

इसके लिए प्रतिदिन कुछ समय शांत बैठकर मंत्रों का श्रद्धापूर्वक उच्चारण करें। इसके साथ गहरी और सहज श्वास लेने का अभ्यास भी किया जा सकता है।

२. दूसरों के प्रति सद्भाव रखें। 

'सर्वे भवन्तु सुखिनः' की भावना अपनाते हुए दूसरों के सुख और कल्याण की कामना करें।

३. प्रकृति का सम्मान करें। 

जल बचाएं, पेड़ लगाएं, प्रदूषण कम करें और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में योगदान दें।

४. ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहें। 

'मा विद्विषावहै' का संदेश अपनाते हुए आपसी मतभेदों को बातचीत और समझदारी से सुलझाएं।

५. सत्य और सदाचार का मार्ग अपनाएं। 

'असतो मा सद्गमय' को जीवन का आदर्श बनाएं और अपने व्यवहार में ईमानदारी रखें।

६. संतोष और सकारात्मकता विकसित करें। 

'पूर्णमदः पूर्णमिदम्' का संदेश समझकर अनावश्यक इच्छाओं और तुलना की प्रवृत्ति पर नियंत्रण रखने का प्रयास करें।

इस प्रकार शांति मंत्रों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब हम उनके अर्थ को अपने आचरण में उतारेंगे।

आज के विश्व को शांति मंत्रों की सबसे अधिक आवश्यकता क्यों है?

आज दुनियाँ अनेक प्रकार की समस्याओं से जूझ रही है। युद्ध, आतंकवाद, धार्मिक कट्टरता, आर्थिक असमानता, पर्यावरण संकट, और आपसी अविश्वास तथा वैमनस्य ने मानवता के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

हर राष्ट्र अपनी शक्ति और सामर्थ्य बढ़ाने में लगा है। हर व्यक्ति अपनी उपलब्धियों और महत्वाकांक्षाओं के पीछे भाग रहा है। लेकिन प्रश्न यह है कि क्या केवल शक्ति, धन और तकनीक से संसार में शांति स्थापित की जा सकती है? निश्चित रूप से नहीं! शांति की स्थापना के लिए मनुष्य के भीतर संवेदना, सहिष्णुता, करुणा, प्रेम और परस्पर सम्मान का होना भी आवश्यक है।

हमारे वैदिक ऋषियों ने 'वसुधैव कुटुम्बकम्' अर्थात संपूर्ण पृथ्वी को एक परिवार मानने की भावना प्रस्तुत की थी। 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' में इसी भावना का विस्तार दिखाई देता है। यदि विश्व के प्रत्येक देश और प्रत्येक व्यक्ति इस भावना को अपने जीवन में स्थान दे सके, तो अनेक संघर्षों और विवादों को कम करने में सहायता मिल सकती है। यही शांति मंत्रों का सार्वभौमिक और कालजयी संदेश है।

उपसंहार 

शांति मंत्र भारतीय संस्कृति की ऐसी अमूल्य धरोहर हैं, जिनमें मनुष्य के व्यक्तिगत सुख से लेकर संपूर्ण विश्व के कल्याण तक की भावना समाहित है। इनका संदेश बिल्कुल स्पष्ट है कि वास्तविक शांति बाहर की परिस्थितियों में नहीं, बल्कि हमारे विचारों, व्यवहार और दृष्टिकोण में निहित है।

आइए, हम केवल शांति मंत्रों का उच्चारण ही न करें, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में भी उतारें। अपने मन में प्रेम, परिवार में सद्भाव, समाज में सहयोग और संसार के प्रति करुणा का भाव विकसित करें। क्योंकि जब मनुष्य के भीतर शांति होगी, तभी परिवार में शांति आएगी; परिवारों में शांति होगी, तभी समाज शांत होगा और समाज शांत होगा, तभी विश्व में शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।

तो आइए, संपूर्ण मानवता के मंगल की कामना के साथ हम सब मिलकर कहें— 

ॐ सर्वे भवन्तु सुखिनः। सर्वे सन्तु निरामयाः।

सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद्दुःखभाग्भवेत्।

ॐ शान्तिः! शान्तिः!! शान्तिः!!!

संबंधित पोस्ट:

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...