भूमिका: जिंदगी की छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करना सीखिए।
हर इंसान अपनी जिंदगी में खुश रहना चाहता है। कोई धन-दौलत में खुशी तलाशता है, कोई ऊँचे पद और प्रतिष्ठा में, तो कोई बड़ी-बड़ी उपलब्धियों को ही खुशी का आधार मानता है। लेकिन क्या सचमुच ऐसा है? क्या बड़ी-बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर लेने वाले सभी लोग हमेशा खुश रहते हैं? क्या सुख-सुविधाओं से भरपूर जीवन जीने वाले लोगों के जीवन में कभी उदासी या बेचैनी नहीं आती?
वास्तविकता तो यह है कि खुशी का संबंध केवल हमारी आर्थिक स्थिति, उपलब्धियों या बाहरी परिस्थितियों से नहीं होता। खुशी एक मानसिक अवस्था है, जिसे हम अपने विचारों, दृष्टिकोण और जीवन जीने के तरीके से विकसित कर सकते हैं।
खुश रहने के लिए बड़ी वजहों का इंतजार मत कीजिए। ये मत सोचिये कि अच्छी नौकरी मिलेगी तब खुश होऊंगा, खुद का घर होगा तब खुश होऊंगा, लग्जरी गाड़ी होगी तभी खुशी मिलेगी, बेटा-बेटी की शादी करने के बाद जब जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाऊँगा तब तो मानो गंगा नहा लूंगा और उसके बाद तो खुशी ही खुशी होगी। इस तरह तो सारी जिंदगी बीत जायेगी, कभी खुश नहीं होंगे।
जरा सोचिए! कल किसने देखा? क्या पता, अगला पल हमारा आखिरी पल हो? जिंदगी का कोई भरोसा है? नहीं न। इसलिए खुशी के लिए कल का इंतजार मत किजिए। आज और अभी खुश होइये। उसके लिए आप जहाँ भी हों, जिस स्थिति में हों, जिस काम हों, वहीं खुशी ढूँढ़िये। आप खोजकर तो देखिये, आपको हर जगह खुशी का राज मिलेगा।
सच तो यह है कि जिंदगी की सबसे अनमोल खुशियाँ अक्सर छोटी-छोटी बातों में छिपी होती हैं। जरूरत है तो बस उन्हें पहचानने और महसूस करने की।
१. सुबह की नई किरणों में खुशी तलाशिए:
हर सुबह हमारे जीवन में एक नई शुरुआत लेकर आती है। सुबह की ताजी हवा, पक्षियों का मधुर कलरव, उगते सूरज की सुनहरी किरणें और प्रकृति की सुंदरता अपने आप में आनंद का अद्भुत स्रोत हैं। लेकिन हममें से कितने लोग इन खूबसूरत क्षणों का आनंद लेते हैं? अधिकांश लोग सुबह उठते ही मोबाइल देखने, कामकाज की चिंता करने और दिनभर की व्यस्तताओं में उलझ जाते हैं।
कभी सुबह कुछ समय प्रकृति के साथ बिताकर तो देखिए। तब आपको अनुभव होगा कि खुशी पाने के लिए हमेशा किसी बड़ी उपलब्धि की आवश्यकता नहीं होती।
२. परिवार के साथ बिताए पलों को महत्व दीजिए:
परिवार हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है। माता-पिता का स्नेह, जीवनसाथी का साथ, बच्चों की शरारतें और नाती-पोतों की मासूम मुस्कान ऐसी खुशियाँ हैं, जिनकी तुलना किसी धन-दौलत से नहीं की जा सकती। कभी परिवार के सभी सदस्यों के साथ बैठकर भोजन कीजिए। उनके साथ ठिठोली किजिए, पुरानी यादें आपस में साझा कीजिए, बच्चों की बातें सुनिए और उनके साथ हँसिए-खेलिए।
हो सकता है कि इन पलों में आपको कोई बड़ी उपलब्धि दिखाई न दे, लेकिन यही छोटे-छोटे पल आगे चलकर जीवन की सबसे खूबसूरत यादें बन जाते हैं।
३. दूसरों की मुस्कान में अपनी खुशी तलाशिए:
खुशी पाने का एक सबसे अच्छा तरीका है दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना। किसी जरूरतमंद की सहायता करना, किसी उदास व्यक्ति को सांत्वना देना, किसी बुजुर्ग का सम्मान करना या किसी परेशान व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनना हमें एक अलग तरह का आत्मसंतोष प्रदान करता है। इसके लिए धनवान होना जरूरी नहीं है। कभी किसी अनजान व्यक्ति को मुस्कुराकर नमस्कार करना, किसी कर्मचारी को धन्यवाद देना या किसी जरूरतमंद को कुछ मीठे शब्द कहना भी पर्याप्त है। जब हमारे छोटे-से व्यवहार से किसी के चेहरे पर मुस्कान आती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव हमारे अपने मन पर भी पड़ता है।
४. जो मिला है, उसके लिए आभारी रहिए:
हमारी एक सामान्य प्रवृत्ति है कि हम उन चीजों के पीछे भागते रहते हैं, जो हमारे पास नहीं हैं। इस दौड़ में हम उन अनमोल चीजों की उपेक्षा कर देते हैं, जो पहले से हमारे पास मौजूद हैं। किसी के पास धन है तो वह अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता है। किसी के पास अच्छा स्वास्थ्य है तो वह अधिक धन चाहता है। किसी को बड़ा घर चाहिए तो किसी को प्रतिष्ठा। इच्छाओं का यह सिलसिला कभी समाप्त नहीं होता। इसके विपरीत, यदि हम प्रतिदिन उन चीजों के लिए आभार व्यक्त करें, जो हमें प्राप्त हैं, तो जीवन के प्रति हमारा दृष्टिकोण बदल सकता है। ईश्वर की कृपा से हमारे पास स्वस्थ शरीर है, देखने के लिए आँखें हैं, सुनने के लिए कान हैं, रहने के लिए घर है और सुख-दुःख में साथ देने वाले अपने लोग हैं। क्या ये सब खुश होने के पर्याप्त कारण नहीं हैं? इसलिए जो मिला है, उसका आनंद लेना सीखिए।
६. अपनी छोटी-छोटी उपलब्धियों का जश्न मनाइए:
हम अक्सर बड़ी सफलता मिलने पर ही खुश होते हैं। छोटी उपलब्धियों को नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि जीवन में छोटी-छोटी सफलताएँ ही बड़ी सफलता की नींव तैयार करती हैं। यदि आपने आज कोई नया काम सीखा, किसी पुरानी बुरी आदत को छोड़ने का प्रयास किया, नियमित टहलने की शुरुआत की या किसी कठिन काम को पूरा किया, तो स्वयं की सराहना कीजिए। याद रखिए, हर दिन थोड़ा बेहतर बनना भी अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
६. पुरानी यादों को ताजा कीजिए:
पुरानी यादें भी खुशी का एक सुंदर खजाना होती हैं। बचपन के दिन, स्कूल के मित्र, कॉलेज की शरारतें, विवाह के शुरुआती दिन और परिवार के साथ बिताए यादगार पल, मन को प्रसन्नता से भर देते हैं। कभी पुरानी तस्वीरें देखिए, पुराने मित्रों से बात कीजिए और उन लोगों को याद कीजिए, जिन्होंने आपके जीवन में खुशियों के रंग भरे हैं। किसी पुराने मित्र को फोन करके केवल इतना पूछ लेना कि आप कैसे हैं, दोनों के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है।
७. प्रकृति के करीब रहिए:
प्रकृति बिना किसी मूल्य के हमें आनंद और शांति प्रदान करती है। पेड़-पौधों की हरियाली, फूलों की खुशबू, बारिश की बूंदें, ठंडी हवा के झोंके और पक्षियों की चहचहाहट मन को सुकून देती हैं। कभी किसी पार्क में बैठकर पेड़ों को निहारिए। अपने घर में पौधे लगाइए और उनकी देखभाल कीजिए। बारिश के बाद मिट्टी की सोंधी खुशबू महसूस कीजिए। इन छोटी-छोटी गतिविधियों से मन की थकान दूर होती है और जीवन में सकारात्मकता आती है।
८. दूसरों से तुलना करना छोड़ दीजिए:
खुशियों का सबसे बड़ा दुश्मन है दूसरों से अपनी तुलना करना। आज सोशल मीडिया के दौर में हम दूसरों की खुशहाल तस्वीरें और उनकी उपलब्धियाँ देखकर अपने जीवन को कमतर समझने लगते हैं। हमें लगता है कि दूसरे लोग हमसे अधिक सुखी, सफल और संपन्न हैं। लेकिन हम यह भूल जाते हैं कि आज जो कुछ भी हमें दिखाई देता है, पूर्णतया सच नहीं होता। हर व्यक्ति के जीवन में अपनी चुनौतियाँ, परेशानियाँ और संघर्ष होते हैं। इसलिए दूसरों की जिंदगी देखकर परेशान होने के बजाय अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने पर ध्यान दीजिए।
९. अपने लिए भी थोड़ा समय निकालिए:
दूसरों की जिम्मेदारियाँ निभाते-निभाते हम अक्सर स्वयं को भूल जाते हैं। परिवार, नौकरी, व्यवसाय और सामाजिक दायित्वों के बीच अपने मन की इच्छाओं को पीछे छोड़ देते हैं। कभी अपनी पसंद की पुस्तक पढ़िए, संगीत सुनिए, बागवानी कीजिए, टहलने जाइए या कोई ऐसा काम कीजिए जिससे आपको आनंद मिलता हो। मन को प्रसन्न रखने के लिए जरूरी है कि हम अपनी छोटी-छोटी पसंद और इच्छाओं को भी महत्व दें।
१०. वर्तमान में जीना सीखिए:
खुश रहने के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात है वर्तमान में जीना। कुछ लोग अतीत की गलतियों और दुखों को लेकर परेशान रहते हैं, जबकि कुछ लोग भविष्य की अनिश्चितताओं को लेकर चिंतित रहते हैं। इस प्रकार वे अपने वर्तमान के खूबसूरत पलों को भी खो देते हैं। अतीत बदल नहीं सकता और भविष्य पूरी तरह हमारे नियंत्रण में नहीं है। हमारे पास केवल वर्तमान है, जिसमें हम कुछ अच्छा कर सकते हैं। इसलिए छोटे-छोटे पलों को पूरी जागरूकता के साथ जीना ही जीवन का वास्तविक आनंद है।
११. छोटी-छोटी खुशियों की आदत विकसित कीजिए:
खुश रहना केवल परिस्थितियों पर निर्भर नहीं करता, बल्कि यह एक ऐसी आदत भी है जिसे धीरे-धीरे विकसित किया जा सकता है। इसके लिए कुछ सरल उपाय अपनाए जा सकते हैं।
प्रतिदिन सुबह उठकर ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त कीजिए। दिन में कम से कम एक बार दिल खोलकर मुस्कुराइए। किसी जरूरतमंद की यथासंभव सहायता कीजिए। परिवार और मित्रों के साथ कुछ समय अवश्य बिताइए। अपनी पसंद का कोई छोटा काम प्रतिदिन कीजिए। रात को सोने से पहले दिन की अच्छी बातों को याद कीजिए।
उपसंहार:
खुशियाँ जीवन की बड़ी उपलब्धियों में ही नहीं, बल्कि छोटी-छोटी बातों में भी छिपी होती हैं। अपनों का स्नेह, बच्चों की मुस्कान, प्रकृति की सुंदरता, किसी जरूरतमंद की मदद और परिवार के साथ बिताए कुछ सुकून भरे पल भी हमें अपार आनंद दे सकते हैं। जरूरत है तो बस अपनी सोच बदलने और वर्तमान को खुले मन से स्वीकार करने की। याद रखिए, खुश रहने के लिए बड़ी वजहों का इंतजार मत कीजिए, बल्कि जिंदगी की छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करना सीखिए। यही सुखी और संतुष्ट जीवन का वास्तविक रहस्य है। 🙏
Must read:
- हंसना: बहुत से रोगों की एक दवा
- इकिगाई। स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु जीवन का जापानी रहस्य
- आनंद की लहरें
- संतुष्ट जीवन, सफल जीवन से सदैव श्रेष्ठ होता है
- आज सुविधाएँ तो बढ़ीं, लेकिन खुशियाँ क्यों कम हो गयीं?
- सकारात्मक सोच कैसे विकसित करें?
- जीवन वर्तमान में है; इसे खुलकर जीयें
- जीने की कला (Art of Living)
- स्वयं की देखभाल (Self-Care)
- मन की शांति। शांति की खोज
- सकारात्मक नजरिया
- नजर बदलो, नजारे बदल जायेंगे

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें