26 अगस्त 2026

आनंद की लहरें: जीवन में सच्चे आनंद और शांति का अनुपम मार्ग

भूमिका

"ॐ परमात्मने नमः"

मनुष्य जीवनभर आनंद की खोज करता रहता है। कोई धन में सुख ढूँढ़ता है, कोई प्रतिष्ठा में, कोई भौतिक सुविधाओं में तो कोई सांसारिक संबंधों में। लेकिन इन सबके बावजूद मन के भीतर हमेशा एक ऐसी प्यास बनी रहती है, जिसे बाहरी संसार की उपलब्धियाँ तृप्त नहीं कर पातीं। 

वास्तविक आनंद कहाँ है? मन को स्थायी शांति और संतोष कैसे मिले? जीवन की परिस्थितियाँ अनुकूल हों या प्रतिकूल, भीतर प्रसन्नता और विश्वास कैसे बना रहे? ऐसे अनेक प्रश्नों का उत्तर हमें भारतीय आध्यात्मिक चिंतन में मिलता है।

हनुमान प्रसाद पोद्दार ‘भाईजी’ द्वारा लिखित गीताप्रेस की पुस्तक ‘आनंद की लहरें’ इसी आंतरिक आनंद की खोज की दिशा में ले जाने वाली एक भावपूर्ण कृति है। 

‘आनंद की लहरें’ पुस्तक है तो छोटी ही लेकिन उसकी प्रत्येक पंक्तियों में दी गयी सीख बहुत गहरी हैं। वे हमें यह अनुभव कराती है कि सच्चा आनंद बाहरी परिस्थितियों का मोहताज नहीं है। जब मनुष्य का हृदय ईश्वर के प्रति श्रद्धा, प्रेम और समर्पण से भरने लगता है, तब उसके भीतर आनंद का स्रोत धीरे-धीरे प्रस्फुटित होता है। 

तो देवियों और सज्जनों! पुस्तक में दी गयी जीवनोपयोगी एक-एक पंक्तियों को आप ध्यान से पढ़ें। लिखी गयी पंक्तियाँ कुछ ज्यादा जरूर हैं, लेकिन मुझे यह पूर्ण विश्वास है कि धैर्यपूर्वक और ध्यान लगाकर पढ़ते हुए आप जैसे-जैसे आगे बढ़ेंगे, वैसे-वैसे जीवन के वास्तविक ज्ञान और आनंद के सागर में डूबते जायेंगे। 

नित्य हंसमुख रहें, मुंह को कभी मलिन न होने दें। आप यह निश्चय कर लें कि शोक आपके लिए संसार में जन्म ही नहीं लिया है। 

सर्वत्र परमात्मा की मधुर मूर्ति देखकर आनंद में मग्न रहें। इस जगत में जिसे हर जगह उनकी मूर्ति दिखती है वह तो स्वयं आनंदस्वरूप ही हैं। 

शांति कहीं बाहर नहीं बल्कि आपके भीतर ही है। इधर आपके मन से कामना रूपी डाकिनी का आवेश उतरा कि उधर शान्ति विराजमान हुयी। 

किसी भी अवस्था में मन को व्यथित मत होने दें। याद रखें! परमात्मा के यहाँ कभी भूल नहीं होती और न ही उनका कोई भी विधान दया से रहित होता है। 

परमात्मा पर विश्वास रखकर अपने जीवन की डोरी को उनके चरणों में बांध दिजिए, फिर आप देखिये! निर्भयता कैसे आपके चरणों की दासी बन जाती है। 

जैसा कि कहावत है, "बीती ताहि बिसारि दे, आगे की सुधि लेय", तदनुसार आप बीते हुए की चिंता त्याग कर आगे जो करना है, उस पर विचार करें।

अपने हृदय को सदा टटोलते रहिये, कहीं उसमें काम, क्रोध, वैर, ईर्ष्या, घृणा, हिंसा, मान और मद रूपी शत्रु घर न कर लें। इनमें से जिस किसी को जब भी देखिये, तुरंत मारकर भगा दिजिए। इनके उपर बड़ी बारिकी से नजर रखिये क्योंकि चुपके से ये अंदर आकर घुस जाते हैं और मौका पाकर अपना विकराल रूप प्रकट करते हैं।

किसी के वाह्य आचरण से उसे पापी मत मानिये। ये भी तो हो सकता है कि उसके उपर झूठा दोषारोपण किया गया हो और वह अपने को निर्दोष साबित करने की स्थिति में न हो। अथवा यह भी संभव है कि वह न चाहते हुए भी बहुत ही मजबूरी में गलत काम किया हो किन्तु उसका अंत:करण पवित्र हो। 

वास्तव में 'मेरा' कुछ भी है ही नहीं। जरा सोचिए! मेरा होता तो मेरे साथ जाता पर सच तो यह है कि अपना शरीर भी अपने साथ नहीं जाता। इसलिए सांसारिक सभी पदार्थों से अपनापन हटाकर केवल परमात्मा को अपना बना लिजिये, फिर तो दुखों की जड़ खुद ही कट जायेगी।

"आसक्ति या मेरापन" के स्वरूप और उसके रुपांतरण को आप निम्न उदाहरण से समझिये-

यह मकान मेरा है। इसके एक-एक कण में मेरापन भरा हुआ है। अब मैंने उसे बेंच दिया। रूपया हाथ में आते ही उस मकान में आग भी लग जाये तो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि उसके बदले रूपये तो मेरे हाथ में आ गये। अब मेरापन उस मकान से हटकर रूपये में आ गया। उन रूपयों को मैंने बैंक में जमा कर दिया और वहाँ से सर्टिफिकेट ले लिया। अब मेरापन उस सर्टिफिकेट में आ गया। बैंक भले ही लुट जाये पर अब मेरी सारी ममता या मेरापन कागज के उस सर्टिफिकेट में आ गयी उसको अब सम्हाल कर रखना है ताकि वह कहीं खो न जाये। तो सज्जनों! इस प्रकार जिसमें ममता होती है, चिंता उसी में रहती है। यह ममता ही दुखों की जड़ है। वास्तव में दुनियाँ में मेरा कुछ है ही नहीं। 

इस भ्रम में न रहें कि पाप प्रारब्ध से होते हैं, पाप होते हैं आपकी आसक्ति से और उसका फल भोगना पड़ेगा। 

भगवन्नाम् तो प्रिय से भी प्रियतम वस्तु है। उसका प्रयोग तो केवल उसी के लिए करना चाहिए। परमात्मा पर विश्वास न होने से ही विपत्तियों का और मृत्यु का भय रहता है। जिनको उन भयहारी भगवान् में भरोसा है, वे शोकरहित, निर्मोह और नित्य निर्भय हो जाते हैं। 

मान-सम्मान चाहने वाले ही अपमान से डरा करते हैं। मान का बोझा सर से उतरते ही मन हल्का और निडर बन जाता है। 

मृत्यु को स्वाभाविक बनाने वाला ही सुख से मर सकता है। जो आत्मा को अमर नहीं जानते, वे ही मृत्यु से कांपा करते हैं। 

किसी को गाली न दिजिये, वृथा न बोलें, चुगली न करें। असत्य न बोलें, सदा कम बोलें और प्रत्येक शब्द को बहुत ही सोच-समझकर तथा सावधानी से उच्चारण करें। 

दूसरों की गलतियों और कमजोरियों को सहन करें, आप में भी बहुत सी त्रुटियाँ हैं, जिन्हें दूसरे सहते हैं। 

रोज सुबह-शाम मन लगाकर भगवन्नाम का स्मरण अवश्य करें। इससे हर वक्त आपके अंतस्थल में शांति कायम रहेगी और मन बुरे संस्कारों से बचेगा। 

धन, संपत्ति या मित्रों को पाकर अभिमान न करें। जिस परमात्मा ने आपको ये सब दिया है, उनका उपकार मानें। 

भगवान् का भक्त बनने वाले को सबसे पहले अपना हृदय शुद्ध करना चाहिए और नित्य एकांत में भगवान् से कातर मन से यह प्रार्थना करनी चाहिए कि हे भगवन्! ऐसी कृपा करो जिससे कि मेरे हृदय में तुम्हें हर घड़ी हाजिर देखकर तनिक भी पापवासना उठने और ठहरने न पावे। तदनंतर प्रभो! आप उस निर्मल हृदय-क्षेत्र में आप अपना आसन जमा लिजिए ताकि मैं हरपल आपको निरखकर अतिशय आनंद में मग्न होता रहूँ। 

अपने विरोधी को अनुकूल बनाने का सबसे अच्छा उपाय यही है कि उससे सरल और सच्चा प्रेम करें। वह यदि आपसे द्वेष करे, आपका अनिष्ट करे तब भी आप आप उससे प्रेम ही करें। यदि आपने प्रतिहिंसा को स्थान दिये तो जरूर गिर जायेंगे। 

कर्तव्य में प्रमाद न करना ही सफलता की कुंजी है और उसी पर परमात्मा की कृपा भी होती है, आलसी और कर्तव्य-विमुख लोग उसके योग्य नहीं। 

अपने हृदय को टटोलते रहना ही एक सच्चे साधक का कर्तव्य है ताकि उसमें घृणा, द्वेष, हिंसा, वैर, मान, अहंकार, कामना आदि अपना डेरा न जमा लें। 

हमारे लिए ईश्वर और शास्त्र की यही आज्ञा है कि हम किसी का अनिष्ट न करें। अगर हम किसी का बुरा करते हैं तो अपराध करते हैं और इसका दण्ड हमें अवश्य भुगतना पड़ेगा। 

याद रखें कि दूसरे के द्वारा आपको जरा सा कष्ट होता है तो आपको कितना दुख होता है, इसी तरह उसे भी तो होता होगा। इसलिए कभी भूलकर भी किसी के अनिष्ट की भावना मन में न आने दें और ईश्वर से सदा यह प्रार्थना करें कि हे भगवान्! मुझे ऐसी सद्बुद्धि दें जिससे कि आपकी सृष्टि में आपकी किसी भी संतान अर्थात् जीव का अनिष्ट करने या उसे दख पहुँचाने का कारण मैं  न बनूँ। 

सदैव सबके हित की कामना करें और यथासंभव सेवा करने की भावना रखें। कोढ़ी, अपाहिज, दुखी-दरिद्र को देखकर यह समझकर कि यह अपने बुरे कर्मों का फल भोग रहा है, उसकी उपेक्षा न करें, उससे घृणा न करें और रूखा वयवहार करके उसे कभी कष्ट न पहुँचायें। वह चाहे पूर्व जन्म का पापी ही क्यों न हो। आपका काम उसके पाप देखने का नहीं है, आपका कर्तव्य तो यथाशक्ति उसकी भलाई करना और उसकी सेवा करना ही है। भगवान् की हम-सबके लिए यही आज्ञा है। 

याद रखे! ईश्वर के दरबार में कोई छोटा-बड़ा नहीं है। उसके यहाँ देर है पर अंधेर नहीं है। 

हमें जो दूसरों के दोष दिखाई देते हैं इसका प्रधान कारण अक्सर हमारे चित्त की दूषित वृत्ति ही होती है। अपने चित्त को निर्दोष बना लिजिये फिर तो जगत में आपको  दोषी बहुत कम दिखेंगे। 

अपने दोषों को देखने की आदत डालें। बड़ी ही सावधानी से अपने मन के दोषों को देखें, तब आपको पता लगेगा कि आपका मन दोषों से कितना भरा है, फिर आपको दूसरों के दोष देखने की फुर्सत ही नहीं मिलेगी। 

मन के पैदा होने वाले प्रत्येक संकल्प के साथ राग-द्वेष रहता है, उसी के अनुसार वह सुख या दुख का अनुभव करता है तथा इसी राग-द्वेष के कारण हमें दूसरों में गुण या दोष दिखते हैं। हमें जिस किसी के साथ राग अर्थात् लगाव होता है, उसके दोष भी गुण दिखते हैं और जिसमें द्वेष होता है उसके गुण भी हमें दोष दिखता है। राग-द्वेष का चश्मा उतारे बिना किसी के यथार्थ रूप की हमें जानकारी नहीं हो सकती। 

आप अपने मन में उठने वाली प्रत्येक स्फुरणा के द्रष्टा बन जाइए, स्फुरणाओं का नाश हो जायेगा। मन को वश में करने का यह बहुत सुन्दर तरीका है। इसी प्रकार राग-द्वेष के द्रष्टा बनने से राग-द्वेष के नष्ट होने में सहायता मिलेगी। 

जीवन बहुत थोड़ा है, सबसे प्रेमपूर्वक हिल-मिलकर चलिए। सबसे अच्छा बर्ताव करिये। अमृत का विस्तार कर जाइए, विष की बूंद भी कहीं मत डालिए। आपका प्रेमपूर्ण व्यवहार अमृत है और द्वेषपूर्ण व्यवहार ही विष है। 

आप वर्ण, जाति, विद्या, धन या पद पद में बड़े हैं, इसलिए अपने को बड़ा मत समझिये। याद रखिये! सबमें एक ही राम, रम रहा है। छोटा-बड़ा तो हमारे व्यवहार हैं, हमारी सोच है, न कि आत्मा। 

मन में यह विचार कभी न आने दें कि अमुक व्यक्ति ने मेरा अनिष्ट कर दिया है, "यह निश्चय समझिये कि ईश्वर के दरबार में अन्याय नहीं होता। आप पर जो विपत्ति आयी है वह अवश्य ही आपके पूर्व जन्म के कर्मों का फल है।"

बड़ा वही है जो अपने आप को सबसे छोटा मानता है। यह मंत्र सदा स्मरण रखें। 

ईश्वर सदा-सर्वदा आपके साथ है, इस बात को कभी न भूलें। ईश्वर को साथ जानने का भाव आपको निर्भय और निष्पाप बनाने में बड़ा मददगार होगा। यह कल्पना नहीं है, सचमुच ही ईश्वर सदा आपके साथ है। 

ईश्वर के अस्तित्व पर विश्वास बढ़ाइए। जिस दिन उनकी सत्ता का आपको पूर्ण निश्चय हो जायेगा, उस दिन आप पापरहित और ईश्वर की सम्मुख हुए बिना नहीं रह सकेंगे। 

अपने को सदा बलवान, निरोग, शक्तिसंपन्न और पवित्र बनाइये। ऐसा करने के लिए आपको यह निश्चय करना होगा कि "आप वास्तव में ऐसे ही हैं।" 

देहाभिमान ही पाप है और यही सबसे बड़ी अपवित्रता है। आप अपने को या तो ईश्वर का पवित्र अभिन्न-अंश मानिये या फिर उस परमात्मा का दास मानिये। आत्मा तो पवित्र और बलवान है ही, प्रभु का दास भी स्वामी की सत्ता से, मालिक के बल से मालिक के समान ही पवित्र और बलवान बन जाता है। 

ईश्वर को कभी सीमा में मत बांधिये। वे अनिर्वचनीय हैं, साकार भी हैं, निराकार भी हैं तथा दोनों से विलक्षण भी हैं। भक्त उन्हें जिस भाव से भजता है, वे उसी भाव में अपनी सत्ता का अहसास कराते हैं; यही तो ईश्वरत्व है। 

कुसंग से बचना चाहिए और सत्संग का आश्रय लेना चाहिए। विषयी पुरुषों का संग तो बहुत हानिकर है। 

मन से राग-द्वेष को निकालकर अनासक्त-भाव से इन्द्रियों के द्वारा विषयों का भोग करना चाहिए, न कि राग-द्वेषयुक्त होकर तथा इंद्रियों के गुलाम बनकर। इंद्रियों को अपना गुलाम बनाइये न कि खुद को उनका गुलाम बनने दें। 

साधक के लिए सबसे बड़ा प्रतिबंधक कीर्ति की चाह है। कंचन और कामिनी के चंगुल से बचना आसान है परन्तु कीर्ति का लोभ छोड़ना बहुत मुश्किल है। 

सुख तो आपके मन में है, न कि किसी वस्तु-विशेष में। चित्त शांत है तो सुख है नहीं तो दुख ही दुख है। चित्त की शांति के लिए इच्छाओं का त्याग जरूरी है। 

आप जो कुछ भी कार्य करें, भगवान् की सेवा समझकर उन्हीं के लिए करें। दयानिधान प्रभु की अपने उपर कृपा समझिये, उनकी कृपा पर पूर्ण विश्वास रखिये और आपके कार्य का जो कुछ भी परिणाम हो, उसे भी मंगलमय भगवान् की इच्छा समझकर सिर-माथे चढा़इये। 

जीवन बीता जा रहा है, हमसब पल-पल में मृत्यु की ओर बढ़ रहे हैं, बहुत ही जल्दी यह जीवनलीला खत्म भी हो जायेगी, यह समझकर आप अपनी अगली यात्रा के लिए यहाँ का काम निपटाकर सदा कमर-कसे तैयार रहें। जगत की आसक्ति त्याग कर परमात्मा से मिलने की तीव्र इच्छा करना ही कमर कसकर तैयार होना है। 

आप हमेशा यह मानें कि यह संसार एक रंगमंच है और आप उसके एक किरदार हैं। इस संसार में आप नाटक के पात्र की तरह रहें भी। अपना पार्ट पूरा करने में कभी न चूकें और किसी भी पदार्थ को कभी अपना न समझें। 

गुणदोष तो सबमें रहते हैं, भूल सभी से होती है। यदि आप किसी का कोई काम देखते ही उसमें दोष ढूँढने लगेंगे तो आगे चलकर आपकी चित्तवृत्ति बहुत दूषित हो जायेगी। तब आपको अच्छे से अच्छे काम में भी दोष ही दिखेगा। इससे आप खुद भी जलेंगे और दूसरों को भी जलायेंगे। इसके बदले यदि आप गुण देखेंगे तो आपकी वृत्ति सात्विक होगी, प्रसन्नता बढ़ेगी और शांति मिलेगी। इसलिए सबमें गुण देखने की आदत डालिए फिर आप देखिए कितना आनंद मिलता है। 

सत्संग से इंद्रियसंयम और मन की शुद्धि होती है। अतः कुसंग का त्यागकर सत्संग का सेवन करें। 

भगवान् पर दृढ़ विश्वास रखें। आपके मन में भगवान् का विश्वास जितना अधिक होगा, आप उतना ही भगवान् की ओर आगे बढ़ सकेंगे। भगवान् पर जितना भरोसा बढ़ेगा, उतनी ही भगवत्कृपा की झांकी प्रत्यक्ष दीखेगी। 

याद रखें! भगवान् के समान सुहृद्, दयालु, प्रेमी, सुंदर, ऐश्वर्यवान और कोई भी नहीं है एवं वे आपके नित्य साथी हैं। वे तु आपको हृदय से लगाने के लिए सदा ही अपनी बाहें फैलाये तैयार हैं। 

संसार में जो कुछ भी हम-आप देखते हैं वह सबकुछ उन्हीं परमात्मा का है, उन्हीं का नहीं बल्कि वे ही वह सबकुछ बने हुए हैं। यहाँ जो कुछ भी हो रहा है, वह सब उनकी लीला है। सच तो यह है कि वे खुद ही अपने में खेल रहे हैं। 

सर्वभाव से उनकी शरण हुए बिना जीवन का यह गूढ़  रहस्य समझ में नहीं आयेगा। सब प्रकार के अभिमान को छोड़कर उनकी शरण हो जाइए, उनकी कृपा पर दृढ़ भरोसा रखें और सारी चिंताओं को छोड़कर सबकुछ उनके चरणों में अर्पित कर दें। 

उनसे मांगना ही अपने-आप को उनसे ठगाना है। कारण यह है कि वे परम सुहृद् भगवान् हमारा जितना हित, जितना भला, सोच सकते हैं, उतना सोचने के लिए हमारी बुद्धि कभी समर्थ ही नहीं है। 

एक दिन यह संसार रूपी रंगमंच से अपना अभिनय पूरा होते ही रंगमंच को छोड़कर जाना होगा, इस बात को कभी न भूलें। 

भगवान् के नाम पर विश्वास रखें। याद रखें! नाम के बारे में संतों का एक-एक वचन सत्य है। आजमाने के लिए ही सही, आप सच्चे मन से उनके नाम की शरण लेकर तो देखिए, निहाल हो जायेंगे। 

उपसंहार

आध्यात्मिक पुस्तक ‘आनंद की लहरें’ में लिखित उपरोक्त सभी पंक्तियों का मूल संदेश हमें जीवन के एक अत्यंत महत्वपूर्ण सत्य की ओर ले जाता है और वह यह है कि जिस आनंद की खोज हम-आप बाहर करते हैं, उसका वास्तविक स्रोत हमारे भीतर ही विद्यमान है। संसार हमें सुख के अनेक साधन दे सकता है, लेकिन स्थायी आनंद तभी मिलता है जब हमारा मन ईश्वर के प्रति श्रद्धा, प्रेम और समर्पण से जुड़ता है।

श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार जी (भाईजी) की दृष्टि में आध्यात्मिकता, जीवन से पलायन नहीं बल्कि जीवन को सही दृष्टि से जीने की कला है। सुख आए तो अहंकार न हो, दुःख आए तो निराशा न हो; सफलता मिले तो विनम्रता बनी रहे और विपरीत परिस्थितियाँ आएँ तो ईश्वर पर विश्वास कमजोर न पड़े—"यही संतुलित जीवन की पहचान है और परमानन्द प्राप्त करने का सच्चा मार्ग भी है।"



1 टिप्पणी:

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...