9 नवंबर 2026

घाघ की कहावतें और लोकप्रचलित कथन

भूमिका

भारत की लोकसंस्कृति में कहावतों का विशेष स्थान है। ये कहावतें केवल कुछ शब्दों का समूह नहीं होतीं, बल्कि पीढ़ियों के अनुभव, ज्ञान और जीवन की समझ का सार होती हैं। हमारे पूर्वजों ने अपने अनुभवों से जो बातें सीखी थीं, उन्हें सरल और रोचक भाषा में कहावतों के रूप में अगली पीढ़ियों तक पहुँचाया। 

ऐसे ही लोकज्ञान के अद्भुत रचनाकार थे कवि घाघ। घाघ की कहावतें विशेष रूप से खेती-किसानी, मौसम, वर्षा से संबंधित हैं। उनकी भाषा इतनी सरल और प्रभावशाली है कि सामान्य व्यक्ति भी उनके गहरे अर्थ को आसानी से समझ सकता है।

घाघ की कहावतों में प्रकृति का सूक्ष्म निरीक्षण स्पष्ट रूप से  दिखाई देता है, मानों वे इन विषयों पर गहन शोध किया हो।  हालाँकि उनके अनुमान पारंपरिक अनुभव पर आधारित हैं, आधुनिक वैज्ञानिक भविष्यवाणी का विकल्प नहीं। 

हम यहाँ घाघ की कुछ प्रसिद्ध कहावतों के साथ अन्य महत्वपूर्ण लोककथाओं को भी उनके अर्थ और जीवनोपयोगी सीख के साथ समझते हैं।

१. मौसम और वर्षा से संबंधित कहावतें:

दिन में गरमी, रात में ओस। कहे घाघ, बरखा सौ कोस॥

अर्थ: दिन में तेज गर्मी और रात में ओस पड़ने की स्थिति को वर्षा की संभावना कम होने का पारंपरिक संकेत माना गया है।

दिन को बद्दर रात निबद्दर, बहे पुरवइया झब्बर-झब्बर। 

कहें घाघ कुछ होनी होई, कुआँ खोदि के धोबी धोई।। 

अर्थ: घाघ जी का कथन है कि अगर दिन में बादल छाये रहें, रात में आसमान बिल्कुल साफ हो जाये और इसके साथ पुरवा हवा, झकोर के बहती हो तब धोबी को कपड़े धोने के लिए पानी हेतु कुआँ खोदना पड़ेगा। मतलब, ये स्थिति सूखे की निशानी है। 

सावन पछुआ पोंछ डोलावे, सूखी नदिया नाव चलावे। 

अर्थ: सावन मास का पछुआ बलवान होता है। अर्थात् सावन के महीने में पछुआ हवा, वारिश के लिए उत्तम माना गया है। जब सावन महीने में पछुआ हवा चलती है तब इतनी बारिश होती है कि सूखी नदियों में भी नाव चलाने की नौबत आ जाती है। 

शुक्रवार की बादरी, रहे शनिचर छाय। 

कहें घाघ सुन घाघिनी, बिन बरसे ना जाय।। 

अर्थ: शुक्रवार की बदरी अगर शनिवार को भी छायी रहे तो वह बादल जरूर बरसेगा। 

रोहिनी बरसे मृग तपै, कुछ-कुछ अद्रा जाय। 

कहें घाघ सुन घातिनि, स्वान भात नहिं खाय।। 

अर्थ: अगर रोहिणी नक्षत्र बरसती है, मृगशिरा नक्षत्र तपता है और कुछ-कुछ बारिश जब आर्दा नक्षत्र में भी हो जाती है, तब इतना धान होता है कि उस समय भात को कुत्ता भी नहीं खाता।

बरखा होय मघा में, धान होय अगाध।

बरखा होय उत्तरा में, धान होय बरबाद॥

अर्थ: जब मघा नक्षत्र में वर्षा होती है तब धान की फसल अच्छी होती है वहीं उत्तरा नक्षत्र की वर्षा, धान को बर्बाद कर देती है।

दिन में गर्मी रात में ओस, कहें घाघ बरखा सौ कोस।

अर्थ: यदि दिन में बहुत अधिक गर्मी पड़े और रात में ओस गिरे, तो घाघ कहते हैं कि वर्षा अभी सैकड़ों कोस दूर है। अर्थात् उस समय बारिश होने की संभावना कम होती है।

आदि न बरसे अद्रा, हस्त न बरसे निदान। 

कहै घाघ सुनु घाघिनी, भये किसान-पिसान।। 

अर्थ: घाघ अपनी पत्नी से कहते हैं कि आर्द्रा नक्षत्र के आरंभ में और हथिया नक्षत्र के आखिर में अगर बारिश न हो, तो किसान की हालत बिल्कुल पिसान जैसी (बेहाल / परेशान) हो जाती है, यानी फसल मारी जाती है।

माघ में बादर लाल घिरे। तब जानो सांचो पथरा परे।।

यदि माघ के महीने में बादल के रंग लाल दिखाई पड़ें तो पक्का  समझ लिजिए कि ओले पड़ेंगे। 

बढ़त जो बरसे चित्रा उतरत बरसे हस्त।

कितनौ राजा डांड़ ले, हारे नहीं गृहस्थ।।

यदि चित्रा नक्षत्र के शुरुआत में और हस्ति नक्षत्र के आखिर में  बारिश हो जाए तो इतना अन्न होगा कि गृहस्थ (किसान) के उपर राजा कितना भी डांड़  (टैक्स) लगा ले वह हताश नहीं होगा। 

पूरब के बादर पश्चिम जाय, पतरी पकावै मोटी खाय। 

पकुंवा बादर पूरब के जाय, मोटी पकौव पतरी खाय।।

अर्थ: अगर पूरवा हवा के साथ बादल पश्चिम जायें तो बारिश अच्छी होगी और किसान समृद्ध होगा वहीं अगर पछुआ हवा (शुष्क हवा) के साथ बादल पूरब दिशा में जायें तो बारिश नहीं होगी, अकाल पड़ेगा और किसान विपन्न होगा। 

कृतिका तो कोरी गई, आद्रा मेंह न बूँद।

तो यौं जानौ भड्डरी, काल मचावै दंद।।

अगर कृतिका नक्षत्र खाली चली जाए अर्थात् उसमें बिल्कुल बारिश न हो और आर्द्रा नक्षत्र जिसमें अच्छी बारिश का योग होता है वह भी बिना बरसे ही निकल जाये तो भंड्डरी जी (घाघ के समकालीन कवि) का कथन है कि ऐसा समझ लीजिए काल उपद्रव मचायेगा अर्थात् अकाल पड़ेगा। 

उत्तर चमके बिजली, पूरब बहे जु बाव।

कहें घाघ सुनु घाघिनी, बरधा भीतर लाव।।

यदि उत्तर दिशा में बिजली चमकती हो और उस समय हवा पुरवा बह रही हो तो घाघ अपनी स्त्री को संबोधित करते हुए कहते हैं, हे घाघिनी! बैलों को घर के अंदर बांध लो क्योंकि वर्षा शीघ्र होने वाली है।

सावन केरे प्रथम दिन, उवत नीदीखै भान। 

चार महीना बरसै पानी, याको है परमान।।

अर्थ: यदि सावन महीने के पहले दिन (प्रतिपदा को) आसमान में घने बादल छाए हों और सूर्य बिल्कुल न दिखाई दे, तो इस बात का यह प्रमाण यह है कि वर्षा ऋतु के चारों महीनों में अच्छी बारिश होगी।

जो बरसे पुनर्वसु, तो धान होय भरपूर।

जो बरसे हस्त नक्षत्र, तो अन्न होय भरपूर॥

अर्थ: यदि पुनर्वसु नक्षत्र में बारिश हो तो धान की फसल अच्छी होती है और हथिया नक्षत्र खरीफ तथा रबी, दोनों फसलों के लिए फायदेमंद होता है। पैदावार भरपूर होती है। 

पुरवा पुरवाई चले, पछुआ पवन बहाय।

घाघ कहें सुन भड्डरी, पानी बरसे आय॥

अर्थ: यह कहावत नक्षत्रों के हिसाब से हवाओं की दिशा और वर्षा के संबंध में पारंपरिक अनुभव को व्यक्त करती है। ग्रामीण जीवन में हवा की दिशा को मौसम बदलने का संकेत माना जाता था।

पुरवा हवा जो पावे। घाघ कहै बरखा आवे॥

अर्थ: पहले पूर्व दिशा से हवा के चलने पर वर्षा होने की संभावना का पारंपरिक अनुमान लगाया जाता था।

२. खेती-बारी की कहावतें:

उत्तम खेती, मध्यम बान। निषिद्ध चाकरी, भीख निदान॥

अर्थ: घाघ के समय में खेती को सबसे उत्तम काम, व्यापार को मध्यम, नौकरी को उससे भी निम्न और भीख माँगने को सबसे खराब काम माना जाता था। 

व्यावहारिक सीख: इस कहावत में आत्मनिर्भरता और परिश्रम का महत्व बताया गया है। 

जो हल जोतै खेती वाकी। और नहीं तो जाकी ताकी॥

अर्थ: स्वयं खेत में हल चलाता है, खेती वास्तव में उसी की होती है; बाकी लोग तो सिर्फ देखने वाले होते हैं।

व्यावहारिक सीख: किसी भी कार्य में सफलता पाने के लिए स्वयं मेहनत करना आवश्यक है, केवल योजना बनाने या दूसरों पर निर्भर रहने से सफलता नहीं मिलती। 

गोबर, राखी, नीम की खली। या से खेती दुनी फली॥

अर्थ: गोबर की खाद, राख और नीम की खली का उपयोग करना, खेती के लिए लाभकारी माना गया है। इनसे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और फसल को स्वस्थ रखने में सहायता मिलती है। 

व्यावहारिक संदेश: आज जब रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, तब जैविक खाद और प्राकृतिक संसाधनों का महत्व समझना आवश्यक है। मिट्टी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, तभी खेती लंबे समय तक लाभकारी बनी रहेगी।

खेती तो उनकी जो अपने कर हल हांकें। 

उनकी खेती कुछ नहीं जो सांझ सबेरे झांके।।

अर्थ: जो किसान खुद अपने हाथों से खेत में हल जोतते और मेहनत करते हैं, खेती उन्हीं को लाभ देती है। जो लोग केवल सुबह-शाम दूर से खेत की रखवाली या देखरेख करते हैं, उन्हें वांछित लाभ नहीं मिलता।

उत्तम खेती जो हर गहा, मध्यम खेती जो सँग रहा।

अर्थ: सबसे अच्छी खेती वही है जिसे किसान हल जोतने से लेकर खेती के सभी काम खुद अपने हाथों से करे। दूसरे के भरोसे या मजदूरों के साथ रहकर कराई गई खेती मध्यम स्तर की होती है।

खेती-बारी, बीनती और घोड़े की तंग। 

अपने हाथ संभारिये, लाख लोग हो संग॥

अर्थ: खेती तथा बाग-बागीचे का काम, विनती और घोड़े की लगाम— जब इन सबको खुद अपने हाथों से संभाला जये तो लाखों लोग आपके साथ हो सकते हैं। दूसरों के भरोसे काम छोड़ने से काम के उचित ढंग से होने की संभावना प्रायः कम होती है।

खाद पड़े तो खेत, नहीं तो कूड़ा रेत। 

अर्थ: यदि खेत में उचित खाद और पोषक तत्व नहीं डाले जाएँ, तो उसकी उपजाऊ शक्ति कम हो सकती है। अच्छी फसल के लिए मिट्टी का प्राकृतिक पोषण आवश्यक है।

व्यावहारिक संदेश: यह कहावत केवल खेती तक सीमित नहीं है। जिस प्रकार खेत को खाद की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार मनुष्य को भी उचित खुराक अर्थात् ज्ञान, अच्छे संस्कार और अनुभव की आवश्यकता होती है। उचित पोषण के बिना न खेत फलता-फूलता है और न ही व्यक्ति का व्यक्तित्व विकसित होता है।

३. सामाजिक रहन-सहन और मानवीय व्यवहार पर आधारित लोककथन:

आवत ना आदर दियो जात न दीनी हस्त।

ये दोनों पछितायेंगे पाहुन और गृहस्त।

जब कोई पाहुन-रिश्तेदार, घर आएं तब घरवाला उनका यदि उचित आदर-सत्कार न करे और जब वे विदा होकर जाने लगें तब उन्हें आदरपूर्वक हाथ जोड़कर विदा न करे तो रिश्ते में खटास आती है और मेहमान तथा घर का मालिक दोनों ही बाद में पछताते हैं।

जाके पैर न फटी बिवाई। सो का जाने पीर पराई॥

अर्थ: जिसके अपने पैरों में बिवाय (दरारें) नहीं पड़ीं, वह दूसरे के पैरों की पीड़ा को कैसे समझ सकता है?

व्यावहारिक सीख: यह कहावत मानवीय संवेदनाओं और सहानुभूति का महत्व बताती है। जो व्यक्ति स्वयं कठिनाइयों से नहीं गुजरा, वह दूसरों के दुख को पूरी तरह समझने में असमर्थ हो सकता है।

सस्ता अनाज, महँगा पानी। घाघ कहें ये विपदा की निशानी॥

अर्थ: जब अनाज सस्ता हो, लेकिन पानी ही महँगा या दुर्लभ हो जाए, तो यह संकट की स्थिति का संकेत है। क्योंकि जल ही जीवन का आधार है। पानी के बिना खेती, पशुपालन और दैनिक जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। 

पहले जागे, पहले खाए। ताकी ताकत बढ़ती जाए॥

अर्थ: इस कहावत का भाव है कि नियमित दिनचर्या और समय पर भोजन करने से शरीर स्वस्थ रहता है।

व्यावहारिक संदेश: स्वस्थ जीवन के लिए समय पर सोना, समय पर उठना, संतुलित भोजन करना और नियमित व्यायाम करना आवश्यक है। अनियमित दिनचर्या से शरीर और मन दोनों प्रभावित होते हैं।

मोटा भोजन, मोटा कपड़ा। तब न पड़े तन में झगड़ा॥

अर्थ: इस कहावत का भाव है कि मोटा भोजन मतलब चोकरयुक्त/ फाइबरयुक्त भोजन और मोटा कपड़ा यानी कपास की रूई से बने आरामदायक कपड़ों के साथ संतोषपूर्वक जीवन जीने से अनेक प्रकार की परेशानियों से बचा जा सकता है।

व्यावहारिक संदेश: आज के समय में लोग दिखावे और महँगी जीवनशैली के पीछे भागते हैं, जबकि वास्तविक सुख महँगी वस्तुओं में नहीं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य, संतोष और मानसिक शांति में छिपा होता है।

आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया। कैसे चले घर का पहिया॥

अर्थ: जब व्यक्ति की आमदनी कम और खर्च अधिक होता है, तो उसका आर्थिक जीवन कठिन हो जाता है। वह हमेशा तंगी में रहने को मजबूर होता है। 

व्यावहारिक संदेश: आज के समय में भी यह कहावत उतनी ही प्रासंगिक है। व्यक्ति को अपनी आय के अनुसार खर्च करना चाहिए यानी चादर के हिसाब से पैर फैलाना चाहिए। 

बिन धन के न होय सम्मान। धन से बढ़े जगत में मान॥

अर्थ: यह कहावत समाज में धन के प्रभाव को व्यक्त करती है। धन होने पर व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ सकती है।

घर की मुर्गी दाल बराबर। 

अर्थ: इस कहावत का अर्थ है कि व्यक्ति अपने घर में उपलब्ध वस्तुओं या अपने निकट संबंधियों के महत्व को अक्सर कम समझता है।
 
एक अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता। 

अर्थ: किसी बड़े कार्य को अकेले पूरा करना कठिन होता है। उसके लिए सहयोग और सामूहिक प्रयास की आवश्यकता होती है।

अधजल गगरी छलकत जाए। 

अर्थ: जिस व्यक्ति के पास थोड़ा ज्ञान होता है, वह अक्सर उसका अधिक प्रदर्शन करता है। इसके विपरीत, वास्तविक ज्ञानी व्यक्ति विनम्र रहता है।

जैसी करनी, वैसी भरनी। 

अर्थ: मनुष्य को अपने कर्मों के अनुसार ही परिणाम प्राप्त होते हैं। अच्छे कर्म अच्छे परिणामों की संभावना बढ़ाते हैं, जबकि गलत कर्म समस्याओं का कारण बन सकते हैं।

नाच न जाने आँगन टेढ़ा। 

अर्थ: जो व्यक्ति स्वयं अपनी कमी स्वीकार नहीं करता, वह अपनी असफलता का दोष दूसरों पर डाल देता है।

बोया पेड़ बबूल का, आम कहाँ से होय। 

अर्थ: जिस प्रकार बबूल का बीज बोने पर आम का पेड़ नहीं उग सकता, उसी प्रकार गलत प्रयासों से सही परिणाम प्राप्त नहीं किए जा सकते।

का वर्षा जब कृषि सुखाने। समय चूकि पुनि का पछिताने।। 

अर्थ: जब खेती सूख जाने के बाद वर्षा होती है, तो उसका कोई विशेष लाभ नहीं होता। उसी प्रकार समय निकल जाने के बाद पछताने से कुछ हासिल नहीं होता क्योंकि जीवन में हर कार्य का एक उचित समय होता है। 

उपसंहार

कवि घाघ की कहावतें या लोकप्रचलित कथन, भारतीय लोकजीवन की अमूल्य धरोहर हैं। इनमें खेती-किसानी से लेकर स्वास्थ्य, धन, परिवार, व्यवहार और समय के सदुपयोग तक जीवन के अनेक महत्वपूर्ण विषयों का सार छिपा है।

इन कहावतों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे कठिन जीवन-सत्यों को सरल और सहज भाषा में समझाती हैं। इनका उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि मनुष्य को विवेकपूर्ण, परिश्रमी और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देना भी है।

संबंधित पोस्ट:

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सबसे ज़्यादा पढ़ा हुआ (Most read)

फ़ॉलो

लोकप्रिय पोस्ट

विशिष्ट (Featured)

मानसिक तनाव (MENTAL TENSION) I स्ट्रेस (STRESS)

प्रायः सभी लोग अपने जीवन में कमोबेश मानसिक तनाव   से गुजरते ही हैं। शायद ही ऐसा कोई मनुष्य होगा जो कभी न कभी मानसिक त...